ब्रेकिंग न्यूज़
समराला में बिजली कटों के विरोध में अकाली दल का धरना, CM भगवंत मान का पुतला फूंका

समराला / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : परमिंदर वर्मा

समराला: पंजाब में लंबे और अघोषित बिजली कटों के विरोध में शिरोमणि अकाली दल की ओर से समराला में एसडीएम कार्यालय के बाहर रोष धरना दिया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंका।

अकाली दल की ओर से 16 सितंबर को प्रदेशभर में हलका स्तर पर बिजली कटौती के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया गया था। समराला में हुए धरने को संबोधित करते हुए शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज परमजीत सिंह ढिल्लों ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा।

परमजीत सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया कि पंजाब की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से लगातार कर्ज लेने के बावजूद लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का ध्यान विज्ञापनबाजी पर अधिक है, जबकि जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा।

बिजली संकट का मुद्दा उठाते हुए ढिल्लों ने कहा कि लंबे बिजली कटों के कारण आम लोगों के साथ-साथ किसानों और कारोबारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि औद्योगिक क्षेत्रों में भी बिजली सप्लाई को लेकर लंबे और अघोषित कटों की शिकायतें सामने आ रही हैं।

अकाली नेता ने बिजली प्रबंधन को लेकर सरकार और संबंधित विभागों के बीच तालमेल की कमी का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कभी कोयले की कमी और कभी कोयले के सरप्लस होने की बात सामने आती है। ऐसे में सरकार को पूरे बिजली प्रबंधन की जवाबदेही तय करनी चाहिए।

स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए परमजीत सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया कि कई अस्पतालों में डॉक्टरों, इमरजेंसी सेवाओं और जरूरी सुविधाओं की कमी है। उन्होंने कर्मचारियों समेत विभिन्न वर्गों की लंबित मांगों का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार के वादों और जमीनी स्थिति में अंतर है।