मोहाली : 1,000 से अधिक युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प, 3 किलोमीटर की ‘वॉक फॉर नशा मुक्त युवा’ में दिखा उत्साह
मोहाली / सत्ता संदेश
युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मोहाली के झंजेड़ी स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी में राज्य स्तरीय ‘वॉक फॉर नशा मुक्त युवा’ का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत, पंजाब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 1,000 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह कार्यक्रम देशव्यापी ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – 100 संडे अभियान’ के तहत आयोजित किया गया। अभियान के पहले महीने की थीम ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव’ रखी गई है और इसी थीम के तहत देशभर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक ही दिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सुबह करीब 11 बजे वॉक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। विद्यार्थियों, एनएसएस और एनसीसी स्वयंसेवकों, माय भारत स्वयंसेवकों, युवा क्लबों तथा खिलाड़ियों ने करीब 3 किलोमीटर की पैदल यात्रा में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों के हाथों में नशामुक्ति का संदेश देती तख्तियां थीं और वे जागरूकता संबंधी नारों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दे रहे थे।
वॉक के समापन के बाद सभी प्रतिभागी सभागार में एकत्र हुए, जहां उन्होंने ‘नशा मुक्त युवा संकल्प’ लिया। इसके बाद नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए नशे के दुष्प्रभावों और इससे होने वाले सामाजिक एवं व्यक्तिगत नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने युवाओं से फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने, नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने साथियों को भी स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 और नशामुक्ति संबंधी सहायता के लिए राष्ट्रीय नशा मुक्ति हेल्पलाइन 14446 की जानकारी भी दी गई।
‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – 100 संडे अभियान’ का उद्देश्य युवाओं के बीच स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक कल्याण और खाली समय के सकारात्मक उपयोग को बढ़ावा देना है। युवा माय भारत पोर्टल के माध्यम से अभियान से जुड़कर इसकी गतिविधियों में भाग ले सकते हैं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।

