ब्रेकिंग न्यूज़
खालसा कॉलेज में कुत्तों के साथ कथित क्रूरता मामले पर विवाद गहराया, एनिमल एक्टिविस्टों ने किया प्रदर्शन

अमृतसर / सत्ता संदेश

वायरल वीडियो के बाद छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में रोष, बेजुबान जानवरों के लिए इंसाफ की मांग

प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप, प्रिंसिपल बोले – “पूरा मामला राजनीतिक रूप से प्रेरित”

कॉलेज प्रबंधन का दावा – “कैंपस में किसी भी कुत्ते को नहीं मारा गया, बल्कि इलाज और देखभाल की जाती है”

अमृतसर के ऐतिहासिक खालसा कॉलेज में कुत्तों के साथ कथित तौर पर की गई क्रूरता को लेकर शुक्रवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल होने के बाद एनिमल एक्टिविस्टों, छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया और बेजुबान जानवरों के लिए इंसाफ की मांग की।

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने दावा किया कि वायरल वीडियो में कुत्तों को बेहद बेरहमी से घसीटा और पीटा गया, जिसके कारण कुछ जानवरों की मौत भी हो गई। एक एनिमल एक्टिविस्ट ने कहा कि अमृतसर को गुरुओं-पीरों की धरती माना जाता है, लेकिन यहां इस तरह की क्रूरता देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जो बेजुबान जानवर बोल नहीं सकते, उनकी आवाज बनना समाज की जिम्मेदारी है।

एक महिला प्रदर्शनकारी, जिसने खुद को अध्यापिका और एनिमल एक्टिविस्ट बताया, ने कहा कि वीडियो में एक कुत्ते को बैटरी रिक्शा से बांधकर बुरी तरह घसीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसने दावा किया कि एक अन्य कुत्ते की टांग भी तोड़ दी गई।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे कॉलेज प्रबंधन से इस मामले पर स्पष्टीकरण मांगने आए हैं, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। एक्टिविस्टों ने आरोप लगाया कि कॉलेज के कुछ सुरक्षा कर्मचारी भी इस घटना में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने मांग की कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे कुत्तों को सामने लाया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। उनका कहना था कि यदि जानवरों को हटाना ही था तो उनके लिए शेल्टर और इलाज की व्यवस्था की जानी चाहिए थी, न कि उनके साथ क्रूरता की जाती।

प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में पहले ही कई गंभीर मुद्दे मौजूद हैं, लेकिन बेजुबान जानवरों की सुरक्षा की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।

दूसरी ओर खालसा कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आत्म सिंह रंधावा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कॉलेज में किसी भी कुत्ते को नहीं मारा गया। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि यह पूरा मामला “पॉलिटिकली मोटिवेटेड” है और कुछ लोग खालसा कॉलेज की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

डॉ. रंधावा ने बताया कि कॉलेज प्रबंधन और स्टाफ कैंपस में रहने वाले कुत्तों की देखभाल करते हैं। उन्होंने कहा कि घायल कुत्तों का इलाज करवाया जाता है और पशु कल्याण संस्थाओं की मदद भी ली जाती है। उनके अनुसार, एक कुत्ता पहले से ही घायल था और कमरे में फंसने के कारण शीशा तोड़कर बाहर निकलने के दौरान उसके पंजे जख्मी हुए थे।

प्रिंसिपल ने कहा कि कॉलेज कैंपस में अभी भी कई कुत्ते आराम से घूम रहे हैं और उनके लिए पानी और खाने की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही बैटरी रिक्शा कॉलेज की नहीं थी और कॉलेज में कई बाहरी वाहन भी आते हैं। इस मामले की जांच की जाएगी और यदि कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस मामले को लेकर शहर में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग पूरे मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

बाइट: — खालसा कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. आत्म सिंह रंधावा

बाइट: — डॉग लवर एनिमल एक्टिविस्ट

अमृतसर में व्यापारी के घर के बाहर देर रात फायरिंग, CCTV में कैद हुई वारदात

पीड़ित ने पहले भी पुलिस को दी थीं शिकायतें, सुरक्षा की मांग की थी

अमृतसर / सत्ता संदेश

दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने की गोलीबारी, मौके से फरार

पुरानी रंजिश और धमकी भरी कॉलों से जुड़ा हो सकता है मामला — एसीपी कमलजीत सिंह

अमृतसर के छेहरटा इलाके में देर रात एक व्यापारी के घर के बाहर गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस पूरी वारदात की CCTV फुटेज भी सामने आई है, जिसमें दो युवक मोटरसाइकिल पर आकर घर के बाहर फायरिंग करते और फिर मौके से फरार होते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

मीडिया को जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी कमलजीत सिंह ने बताया कि बीती रात करीब 12:49 बजे छेहरटा थाना पुलिस को करतार नगर इलाके में फायरिंग की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि जय चंद नामक व्यक्ति, जो पहले सब्जी आढ़त का कारोबार करता था, के घर के बाहर अज्ञात लोगों द्वारा गोलियां चलाई गईं।

एसीपी ने कहा कि पुलिस की PCR टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी और मामले की जांच शुरू कर दी गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शिकायतकर्ता पक्ष की किसी विरोधी पक्ष के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। पुलिस को शक है कि यह वारदात उसी रंजिश के चलते अंजाम दी गई हो सकती है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और कुछ अहम सबूत भी हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस मौके पर पूर्व अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हो रही है और अब आम लोग भी धमकी भरी कॉलों और ऐसी घटनाओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी लोगों की जान-माल की सुरक्षा करना है और यदि लोग अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं तो यह गंभीर चिंता का विषय है।

पीड़ित जय चंद उर्फ काला आढ़तिया ने बताया कि उन्हें पिछले काफी समय से धमकी भरी कॉलें आ रही थीं। उन्होंने दावा किया कि लगभग ढाई महीने पहले भी उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी और डीजीपी, मुख्यमंत्री तथा पुलिस कमिश्नर तक भी मामला पहुंचाया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

जय चंद ने बताया कि रात के समय दो नकाबपोश युवक मोटरसाइकिल पर आए और घर के गेट पर तीन गोलियां चलाकर फरार हो गए। उन्होंने कहा कि उनके पास धमकी भरी कॉलों की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है, जो पुलिस को सौंपी जाएंगी।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से इंसाफ और सुरक्षा की मांग की है, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

बाइट — एसीपी कमलजीत सिंह
बाइट — राकेश कुमार, पूर्व अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर
बाइट — जय चंद उर्फ काला आढ़तिया

नगर कौंसिल चुनाव लड़ रहे कांग्रेसी उम्मीदवार को विदेशी नंबर से मिली धमकी, कांग्रेसियों ने शिकायत दर्ज करवाई

लुधियान / सत्ता संदेश

नगर कौंसिल चुनावों के लिए वार्ड नंबर 12 से चुनाव लड़ रहे कांग्रेसी उम्मीदवार कृष्ण कुमार बिट्टू को बीती देर रात एक विदेशी फोन नंबर से उसके मोबाइल पर गैंगस्टर द्वारा धमकी भरी कॉल आई। इसको लेकर कांग्रेसी उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं ने बिट्टू के साथ मिलकर जिला प्रधान एडवोकेट दलजीत सिंह गिलजियां की अगुवाई में एसएचओ टांडा को शिकायत दर्ज करवाई।

इस मौके बिट्टू ने थाना प्रभारी को बताया कि रात 12:29 बजे आई कॉल के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे गालियां देते हुए धमकी दी कि अगर वह वोट मांगने बाहर निकला तो उसे गोलियां मार दी जाएंगी और उसके पीछे लोगों को लगाया गया है।

बिट्टू ने सुरक्षा की मांग करते हुए कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि उनका या उनके परिवार का कोई जान-माल का नुकसान होता है तो इसके लिए प्रशासन और आप सरकार जिम्मेदार होगी।

इस मौके थाना प्रभारी ने कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा कि चुनावों के दौरान सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाया जाएगा।

इस दौरान बाबू रूप लाल, गुरसेवक मार्शल, जसविंदर काका, रवि डोगरा, रविंदरपाल सिंह गोरा, विनोद खोसला सुंदरी, आशू वैद, राजेश लाडी, डॉ. बलदेव राज, विपन मरवाहा, दविंदर बिल्लू, रणजीत कुमार आदि मौजूद थे।

पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशिंदर कौर का शव समराला के पास सरहिंद नहर से मिला

लुधियान / सत्ता संदेश

इंदर कौर उर्फ यशिंदर कौर की हत्या कर दी गई थी। परिवारिक सदस्यों ने अगवा कर हत्या करने के आरोप लगाए हैं।

समराला के नजदीक सरहिंद नहर से एक महिला का अज्ञात शव मिला था। समराला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर समराला के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। आज इस महिला की पहचान लुधियाना निवासी गायिका इंदर कौर उर्फ यशिंदर कौर (29) के रूप में हुई है। परिवारिक सदस्यों ने गायिका इंदर कौर उर्फ यशिंदर कौर के अगवा कर हत्या किए जाने के आरोप लगाए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गायिका इंदर कौर उर्फ यशिंदर कौर का शव आज सुबह करीब 11 बजे नीलों नहर से बरामद किया गया। इंदर को छह दिन पहले बंदूक की नोक पर अगवा कर लिया गया था और तब से उसका परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था।

परिवार ने बताया कि मोगा निवासी एक व्यक्ति उस पर उसकी मर्जी के खिलाफ शादी करने का दबाव बना रहा था। जब उसने इनकार कर दिया तो आरोपी ने उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद हत्या करने के बाद वह कनाडा फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि वह खास तौर पर हत्या को अंजाम देने के लिए कनाडा से पंजाब आया था। फिलहाल पुलिस ने शव को नहर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए समराला के सिविल अस्पताल भेज दिया है।

एएसआई परमजीत सिंह, लुधियाना ने बताया कि गायिका इंदर कौर उर्फ यशिंदर कौर के परिवार की ओर से शिकायत दी गई थी कि उनकी लड़की को गन प्वाइंट पर अगवा कर लिया गया है, जिसकी तलाश लुधियाना पुलिस द्वारा की जा रही थी। कल इस गायिका का शव समराला के नजदीक सरहिंद नहर से मिला। पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और शव को वारिसों के हवाले कर दिया जाएगा।

जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके के राजा गार्डन में एक खाली प्लॉट से गुटका साहिब के पवित्र अंग मिलने से इलाके में गुस्सा फैल गया।

जालंधर / सत्ता संदेश

घटना की जानकारी मिलते ही सिख संगठनों के सदस्य मौके पर पहुंचे और सख्त विरोध जताया। बस्ती बावा खेल पुलिस स्टेशन की पुलिस और एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने यह पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है कि यह बेअदबी की हरकत किसने की।

मौके पर पहुंचे बघेल सिंह ने बताया कि वह कीर्तन दरबार में शामिल थे, तभी उन्हें फोन आया कि गुटका साहिब के पवित्र अंग एक खाली प्लॉट में बिखरे पड़े हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और सम्मानपूर्वक पवित्र अंगों को एक बैग में एकत्र किया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। उन्होंने कहा कि यह किसी शरारती व्यक्ति की करतूत है और दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

सिख तालमेल कमेटी के सदस्य भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने अपना रोष जताया। उन्होंने कहा कि गुटका साहिब के पवित्र अंगों को खाली प्लॉट में फेंकना बेहद निंदनीय है। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई है।

एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया कि गुटका साहिब के अंग फाड़कर बाबा बुढ्ढा जी पुल के पास एक प्लॉट में फेंके गए थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

लुधियाना के थाना मेहरबान क्षेत्र के गांव जीवनपुर में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

लुधियान / सत्ता संदेश

मृतका की पहचान पूजा कौर के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब 12 साल पहले गांव में हुई थी और उसके तीन बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि उसका पति विदेश, यूरोप में रहता है। मृतका के भाई गुरमुख सिंह ने आरोप लगाया है कि पूजा का जेठ बबलू शराब पीने का आदी है और जमीन के बंटवारे को लेकर अक्सर विवाद करता था। इस मुद्दे को लेकर कई बार परिवार में झगड़े हुए और पांच-छह बार गांव की पंचायत भी बैठ चुकी थी। यहां तक कि पुलिस में भी शिकायतें दी गई थीं, लेकिन आरोपी के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। गुरमुख के अनुसार, उसके जीजा ने अपने हिस्से में से एक एकड़ जमीन ज्यादा देकर भी विवाद खत्म करने की कोशिश की थी, लेकिन इसके बावजूद बबलू और उसकी पत्नी का रवैया नहीं बदला। दोनों अक्सर पूजा के साथ मारपीट करते थे और उसे प्रताड़ित करते रहते थे।
घटना मंगलवार सुबह की है, जब पूजा घर के बाथरूम में कपड़े धो रही थी। आरोप है कि उसी दौरान बबलू और उसकी पत्नी ने उसे पकड़कर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। गुरमुख का दावा है कि दोनों ने मिलकर उसकी बहन की हत्या कर उसे फंदे से लटका दिया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। सुबह करीब आठ बजे जब गुरमुख की मां ने पूजा को फोन किया और उसने कॉल रिसीव नहीं किया, तो उन्होंने पास में रहने वाली रिश्तेदार को घर भेजा। वहां पहुंचने पर पता चला कि पूजा फंदे से लटकी हुई है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। इस मामले में थाना मेहरबान के एसएचओ जगदीप सिंह गिल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। लुधियाना से गुरमीत सिंह की रिपोर्ट

पेट्रोल बम हमले और फायरिंग के मामले का भंडाफोड़, पुलिस ने 4 आरोपी किये गिरफ्तार

अमृतसर / सत्ता संदेश

अमृतसर देहाती पुलिस ने सुधार गांव में सरपंच के घर पर पेट्रोल बम फेंकने और फायरिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सोहेल मीर ने बताया कि 5 मई की रात करीब 11 बजे गांव सुधार के सरपंच के घर पर पेट्रोल बम से हमला किया गया था। इससे पहले सरपंच को विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नाम पर रंगदारी भरी कॉल्स आ रही थीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने कुलविंदर सिंह, आकाशदीप सिंह कौड़ा, आकाशदीप सिंह बाबा और जगतार सिंह को गिरफ्तार किया। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे और उन्हें वीडियो कॉल के जरिए निर्देश दिए जा रहे थे।

एसएसपी ने बताया कि आरोपी पहले एक मीट शॉप पर इकट्ठा हुए, जहां उन्होंने पेट्रोल बम और मोटरसाइकिल तैयार की और फिर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि यही गिरोह पहले भी उसी गांव में एक अन्य सरपंच के घर पर फायरिंग की घटना को अंजाम दे चुका है।

पुलिस के अनुसार कुछ विदेशी हैंडलरों के पारिवारिक सदस्यों की भूमिका भी जांच के दायरे में है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने जल्द ही और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई है।

इसके साथ ही सोहेल मीर ने नगर काउंसिल चुनावों को लेकर कहा कि अमृतसर देहाती क्षेत्र में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से करवाने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। करीब 1200 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी ताकि चुनाव अमन-शांति के माहौल में संपन्न हो सकें।

युवक ने मारी नहर में छलाँग, वीडियो बना कर की परिवार को शेयर

लुधियान / सत्ता संदेश

लुधियाना के जमालपुर निवासी 42 वर्षीय कारोबारी अमित कुमार अग्रवाल ने साझेदारों द्वारा कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर नीलों पुल से नहर में छलांग लगा दी। मृतक का शव गुरथली गांव के पास, दोराहा के नजदीक बरामद हुआ है।

मृतक के भाई विवेक अग्रवाल के अनुसार, उनके फूफा की मौत के बाद दूसरी पक्ष (मौसी का बेटा गोलू और दीपक गोयल) उनके साझे किराना और प्रॉपर्टी कारोबार पर अवैध कब्जा करना चाहते थे। अमित ने आत्महत्या से पहले दो वीडियो बनाकर परिवार को भेजे थे, जिनमें उसने अपनी मानसिक प्रताड़ना का दुख जाहिर किया था।

समराला पुलिस के अधिकारी प्रीतपाल सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत और वीडियो सबूत के आधार पर दीपक गोयल और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने वीडियो अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

तीन दिन से लापता किशोर का शव नहर किनारे झाड़ियों में मिला, हत्या का संदेह

कुशीनगर (उप्र), 30 मार्च (भाषा) कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता एक किशोर का शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर नहर किनारे झाड़ियों से बरामद किया गया। पुलिस ने हत्या का संदेह जताया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, गोपालपुर विरैचा गांव में अपने ननिहाल में रह रहा राजवीर यादव (12) शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे सामान खरीदने दुकान पर गया था और काफी देर तक वापस न आने पर परिजनों ने उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला।

उसने बताया कि किशोर के लापता होने पर उसी रात करीब आठ बजे उसके मामा आदित्य की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई और तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर रधिया-देवरिया मार्ग के पास बाजार से लौट रहे कुछ लोगों ने नहर किनारे झाड़ियों में एक शव देखा जिसकी पहचान बाद में राजवीर के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि उसके गले पर काले निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या का संदेह पैदा हो गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से रामकोला के कतरौल निवासी राजवीर के पिता प्रमोद यादव रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब में हैं। प्रमोद की पत्नी रीना अपने दोनों बेटों के साथ मायके में रहती है।

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में पड़ोसी ने चाकू से हमला कर महिला की हत्या की

बांदा (उप्र), 25 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले की नगर कोतवाली क्षेत्र के कुंडेरवा गांव में मंगलवार शाम को 33 वर्षीय महिला की उसके पड़ोस में रहने वाले युवक ने कथित रूप से चाकू से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

फतेहपुर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना मंगलवार शाम साढ़े छह बजे हुई।

आरोपी की पहचान सोनू यादव के रूप में हुई है जिसने पड़ोसी जय सिंह यादव के घर में घुसकर उसकी पत्नी मिथलेश पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई है।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद था। फरवरी में महिला ने सोनू के खिलाफ सोशल मीडिया पर उसकी अश्लील तस्वीरें प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था।

एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीम तैनात की गई है।