ब्रेकिंग न्यूज़
Ludhiana News: पंजाब बंद का लाडोवाल टोल प्लाजा पर असर, टोल फ्री रखने की दी चेतावनी

पंजाब बंद के दौरान लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा पर टोल फ्री किया गया। यूनियन अध्यक्ष दर्शन सिंह लाडी ने झोटा हत्याकांड में इंसाफ और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।

लुधियाना / सत्ता संदेश

दिनांक : 15 नवंबर 2026

पंजाब बंद के आह्वान का असर लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा पर भी देखने को मिला। बंद के समर्थन में टोल प्लाजा कर्मचारियों ने वाहनों को बिना टोल शुल्क के गुजरने दिया। इस दौरान किसान संगठनों के नेताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया और परमिंदर सिंह झोटा हत्याकांड में इंसाफ की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने मानसा में हुई घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित संबंधित अधिकारियों से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग भी उठाई। प्रदर्शनकारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। टोल प्लाजा यूनियन की ओर से टोल को अनिश्चितकाल तक फ्री रखने की चेतावनी भी दी गई।

दर्शन सिंह लाडी ने हत्याकांड को लेकर उठाए सवाल

टोल प्लाजा यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह लाडी ने कहा कि मानसा में परमिंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि झोटा नशे के खिलाफ आवाज उठाते थे। उन्होंने मामले में आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

दर्शन सिंह लाडी ने बताया कि पंजाब बंद के समर्थन में लाडोवाल टोल प्लाजा पर रोष प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर लोगों में रोष है और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।

मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

यूनियन अध्यक्ष दर्शन सिंह लाडी ने कहा कि यदि सरकार और संबंधित अधिकारी प्रदर्शनकारियों की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं करते हैं तो आंदोलन को और व्यापक किया जा सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर पंजाब के टोल प्लाजा अनिश्चितकाल तक फ्री रखने का कदम उठाया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि उनकी यूनियन किसान संगठनों के साथ खड़ी है और किसान नेताओं ने प्रदर्शन को समर्थन दिया है। प्रदर्शनकारियों ने नशे के कारोबार पर रोक लगाने, कानून-व्यवस्था मजबूत करने और परमिंदर सिंह झोटा हत्याकांड में न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।

Ludhiana Encounter: आत्म पार्क में AGTF और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़, 25 राउंड फायरिंग

लुधियाना के आत्म पार्क में AGTF और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ की सूचना है। दोनों तरफ से करीब 25 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने इलाके को सील कर जांच शुरू की।

लुधियाना / सत्ता संदेश

रिपोर्ट: विशाल कपूर

पंजाब के लुधियाना में रविवार को आत्म पार्क इलाके में एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ की सूचना सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों तरफ से करीब 25 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की कार्रवाई में दो गैंगस्टरों के मारे जाने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार, AGTF की टीम जब आत्म पार्क इलाके में पहुंची तो वहां मौजूद संदिग्ध गैंगस्टरों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलीबारी की। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और मौके से हथियार तथा गोलियों के खोल बरामद किए गए हैं।

घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के मुताबिक, विदेश में बैठे गैंगस्टर टोनी बल ने इन दोनों गैंगस्टरों को ऑटोमैटिक हथियार मुहैया करवाए थे। शुरुआती पुलिस जांच में इस मामले के तार विदेश में बैठे गैंगस्टर टोनी बल के नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आई है।

पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या दोनों गैंगस्टरों को किसी वारदात को अंजाम देने के लिए भेजा गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक रवि ख्वाजका की याद में आयोजित किए जा रहे एक रक्तदान कैंप में किसी व्यक्ति को निशाना बनाने की कथित योजना की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। मुठभेड़ में मारे गए दोनों संदिग्धों की पहचान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी। मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Gyaspura : गैस कटर से ताला तोड़कर 7 से 8 लाख का सामान ले गए चोर

लुधियाना के गियासपुरा में श्रई जय प्रकाश एंड संस किराना स्टोर में बड़ी चोरी हुई है। जानकारी के मुताबिक चोरों ने गैस कटर से ताला तोड़कर करीब 7-8 लाख रुपए का सामान ले गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।

लुधियाना / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : चंदन मिश्रा

लुधियाना के गियासपुरा में बड़ी चोरी, गैस कटर से ताला तोड़कर लाखों का किराना सामान ले गए चोर

महानगर लुधियाना के गियासपुरा इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। ज्ञान विद्यालय के पास स्थित श्री जयप्रकाश एंड संस किराना स्टोर को शनिवार देर रात नकाबपोश चोरों ने निशाना बनाया। चोर गैस कटर की मदद से दुकान का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और लाखों रुपये का किराना व अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

गैस कटर से तोड़ा ताला, दीवार में भी लगाई सेंध

दुकानदार के मुताबिक, वारदात शनिवार देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई। सीसीटीवी फुटेज में कुछ नकाबपोश लोग दुकान के आसपास और अंदर दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले गैस कटर की मदद से दुकान का ताला काटा। इसके बाद दीवार में सेंध लगाकर दुकान के अंदर प्रवेश किया और वहां रखा महंगा किराना तथा अन्य सामान बोरियों में भरकर अपने साथ ले गए।

7 से 8 लाख रुपये के सामान की चोरी का दावा

दुकानदार के अनुसार, चोर दुकान से करीब 7 से 8 लाख रुपये मूल्य का किराना और अन्य सामान ले गए हैं। बड़ी मात्रा में सामान चोरी होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि वारदात को अंजाम देने वाले चोर किसी बड़ी गाड़ी में आए थे।

दुकानदार का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में गाड़ी पूरी तरह स्पष्ट नजर नहीं आ रही है, जिसके चलते पुलिस के लिए वाहन की पहचान करना चुनौती हो सकती है।

पुलिस को दी गई सूचना, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना गियासपुरा पुलिस चौकी को दे दी गई है। दुकानदार का कहना है कि फिलहाल मामले में ठोस कार्रवाई का इंतजार है।

वहीं, पुलिस चौकी इंचार्ज के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। जांच अधिकारी सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों का पता लगाकर जल्द उन्हें काबू करने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वारदात में शामिल आरोपियों और उनके वाहन तक पहुंचा जा सके।