ब्रेकिंग न्यूज़
कनाडा में भारतीय छात्रों की बढ़ी टेंशन: 21 दिनों के भीतर मांगे ‘दुर्लभ’ दस्तावेज; चूकने पर खत्म हो सकता है रेजिडेंट स्टेटस

इंटरनेशनल डेस्क: कनाडा सरकार ने एक नया फरमान जारी कर वहां रह रहे सैकड़ों अंतरराष्ट्रीय छात्रों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कनाडा के इमिग्रेशन विभाग (IRCC) ने छात्रों को नोटिस भेजकर उनके स्टडी परमिट नियमों के पालन की पुष्टि करने के लिए दस्तावेज मांगे हैं और इसके लिए महज 21 दिनों की डेडलाइन तय की है ।

क्यों की जा रही कार्रवाई: यह कदम कनाडा के ऑडिटर जनरल केरेन होगन की उस रिपोर्ट के बाद उठाया गया है, जिसमें इंटरनेशनल स्टूडेंट प्रोग्राम की विश्वसनीयता और बढ़ते फ्रॉड (धोखाधड़ी) पर गंभीर चिंता जताई गई थी।

कौन से दस्तावेज हैं जरूरी: नोटिस के अनुसार, छात्रों को अपने डिज़ाइनेटेड लर्निंग इंस्टीट्यूशन (DLI) से एक आधिकारिक पत्र जमा करना होगा, जो उनके वर्तमान नामांकन (Enrollment) की पुष्टि करे। इसके अलावा, उन्हें अपने वर्तमान और पिछले संस्थानों की ट्रांसक्रिप्ट्स (मार्कशीट) भी देनी होंगी।

दर्ज है सख्त चेतावनी: विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि मांगे गए दस्तावेज 21 दिनों के भीतर जमा नहीं किए गए, तो छात्र का कनाडा में अस्थायी निवासी स्टेटस (Temporary Resident Status) समाप्त किया जा सकता है।

सैकड़ों भारतीय लपेटे में: पिछले कुछ हफ्तों में कई भारतीय छात्रों को ये नोटिस मिले हैं, जिससे छात्रों और उनके परिवारों में हड़कंप मच गया है।

विशेषज्ञों की राय: इमिग्रेशन विशेषज्ञों का मानना है कि यह कार्रवाई काफी देरी से की गई है, क्योंकि पिछले साल बढ़े फ्रॉड के मामलों वाले कई छात्र अब अपना कोर्स पूरा कर चुके हैं। अब IRCC को हर महीने की 15 तारीख तक इस जांच की रिपोर्ट स्टैंडिंग कमिटी को सौंपनी होगी।