ब्रेकिंग न्यूज़
खन्ना पुलिस ने अंतर्राज्यीय ट्रक लूट गिरोह का किया पर्दाफाश, मास्टरमाइंड समेत 4 गिरफ्तार

खन्ना / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : परमिंदर वर्मा

खन्ना पुलिस ने ट्रकों को लूटने और चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसके मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह देश के अलग-अलग राज्यों में करीब 30 वारदातों को अंजाम दे चुका है।

गिरोह के मास्टरमाइंड तरुण कुमार उर्फ तरुण सिंह, निवासी डबुआ कॉलोनी, फरीदाबाद को पुलिस ने करीब 1700 किलोमीटर दूर पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है।

खन्ना के एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि 29 अगस्त की रात थाना सदर खन्ना क्षेत्र में राजपुरा के ट्रांसपोर्टर सुमित सहगल की कंपनी का स्क्रैप से भरा ट्रक लूट लिया गया था। करीब पांच आरोपियों ने ट्रक चालक बचन सिंह को अगवा कर उसके साथ मारपीट की और बाद में उसे सुनसान स्थान पर छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी ट्रक लेकर फरार हो गए।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले लुधियाना के भामियां निवासी चेतन कुमार लाडी और उसके पिता प्रेम प्रकाश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने गिरोह के मास्टरमाइंड के तौर पर तरुण कुमार का नाम बताया।

इसके बाद तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने तरुण की लोकेशन पश्चिम बंगाल में ट्रेस की। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी पहचान के आधार पर लुधियाना निवासी जसप्रीत सिंह के नाम से रेलवे टिकट बुक करवाकर फरार होने की तैयारी में था। पुलिस ने रेलवे पुलिस की मदद से उसे जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्क्रैप बेचकर हासिल किए गए 1.10 लाख रुपये बरामद किए हैं। उसकी निशानदेही पर लूटा गया ट्रक हरियाणा के चीका से बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक ट्रक में करीब 4.50 लाख रुपये का स्क्रैप लदा हुआ था, जिसे गुरुग्राम के स्क्रैप कारोबारियों गणेश कुमार और उसके बेटे विकास राय को बेचा गया था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह मुख्य रूप से लोहे और अन्य कीमती स्क्रैप से भरे ट्रकों को निशाना बनाता था। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने के साथ-साथ गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

एसएसपी के मुताबिक चेतन कुमार के खिलाफ पांच मामले, तरुण कुमार के खिलाफ नौ मामले दर्ज हैं, जबकि प्रेम प्रकाश के खिलाफ लुधियाना में नशा तस्करी का एक मामला दर्ज है।

ट्रांसपोर्टर सुमित सहगल ने गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया और पूरी पुलिस टीम का धन्यवाद किया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों तथा पूर्व की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

जसपालों में अवैध नशा मुक्ति केंद्र पर पुलिस की छापेमारी, 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

खन्ना / सत्ता संदेश

खन्ना जिले के जसपालों में चल रहे अवैध नशा मुक्ति केंद्र पर कार्रवाई करते हुए छापेमारी की हैष। बता दें कि इस दौरान खन्ना एसएसपी डॉ दर्पण अहलूवालिया के निर्देश पर थाना सदर खन्ना आर पुलिस चौकी की टीम ने ये कार्रवाई की।

इस दौरान केंद्र में मौजूद 16 लोगों को मुक्त कराया गया, जबकि केंद्र संचालित करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अवैध केंद्र को तत्काल प्रभाव से बंद भी करवा दिया। यह कार्रवाई थाना सदर खन्ना के एसएचओ पवित्र सिंह ग्रेवाल के नेतृत्व में की गई।

इस दौरान स्पेशल ब्रांच के प्रभारी जरनैल सिंह, एसएसपी खन्ना के रीडर राव वीरेंद्र सिंह, पुलिस चौकी कोट के प्रभारी करमजीत सिंह, एएसआई कुलविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे। पुलिस जांच में सामने आया कि गांव जसपालों में एक निजी मकान में बिना किसी वैध अनुमति के नशा मुक्ति केंद्र चलाया जा रहा था। आरोप है कि यहां भर्ती प्रत्येक व्यक्ति से हर महीने 5 से 6 हजार रुपये तक की फीस वसूली जाती थी।

एसएचओ पवित्र सिंह ग्रेवाल ने बताया कि इस मामले में गुरमीत सिंह पुत्र हरदेव सिंह निवासी जसपालों, रजिंदर कौर पत्नी हरदेव सिंह निवासी जसपालों, वरिंदर सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी शाहपुर और हरप्रीत सिंह पुत्र जगतार सिंह निवासी चौंदा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। छापामारी के बाद मुक्त कराए गए 16 लोगों की स्वास्थ्य जांच के लिए एसएमओ पायल डॉक्‍टर हरविंदर सिंह की मेडिकल टीम को बुलाया गया।

मेडिकल टीम ने सभी को मरीज मानते हुए उनकी सहमति के आधार पर सरकारी नशा मुक्ति केंद्रों में भेजने की सिफारिश की है। पुलिस का कहना है कि जिले में बिना अनुमति संचालित नशा मुक्ति केंद्रों और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। खन्‍ना से परमिंदर वर्मा की रिपोर्ट