मुनव्वर फारूकी के घर आई नन्हीं परी: पत्नी मेहजबीन ने दिया बेटी को जन्म, कॉमेडियन ने शेयर की पहली फोटो और बताया नाम
मनोरंजन डेस्क : ‘बिग बॉस 17’ के विजेता और मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी एक बार फिर पिता बन गए हैं। उनकी दूसरी पत्नी मेहजबीन कोटवाला ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। मुनव्वर ने सोशल मीडिया के जरिए इस खुशखबरी को अपने फैंस के साथ साझा किया है।
अस्पताल से साझा की पहली झलक: मुनव्वर फारूकी ने 1 मई 2026 की देर रात अस्पताल से अपनी पत्नी मेहजबीन और नवजात बेटी की एक तस्वीर साझा की। हालांकि इस फोटो में उन्होंने बेटी का चेहरा नहीं दिखाया है, लेकिन अपनी खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने लिखा, “बरकत घर आई है। अल्हमदुलिल्लाह। दुआओं खास में याद रखें।”। इसी पोस्ट के जरिए उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने अपनी लाडली का नाम ‘एख’ (Aek) रखा है।
शादी के बाद पहली संतान : यह मुनव्वर और मेकअप आर्टिस्ट मेहजबीन की एक साथ पहली संतान है। बता दें कि मुनव्वर ने ‘बिग बॉस 17’ की ट्रॉफी जीतने के कुछ समय बाद ही एक निजी समारोह में मेहजबीन से दूसरी शादी कर सबको चौंका दिया था। इन दोनों की ही यह दूसरी शादी है। मुनव्वर का पहली शादी से एक बेटा मिकेल है, वहीं मेहजबीन की भी पहली शादी से एक बेटी है, जिनकी परवरिश ये दोनों मिलकर कर रहे हैं।
सेलेब्स ने दी बधाई: मुनव्वर के पिता बनने की खबर मिलते ही सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन ने लिखा, “बधाई हो भाई”, वहीं जन्नत जुबैर ने भी उन्हें मुबारकबाद दी। इसके अलावा ओरी, मेधा शंकर और दीया मिर्जा जैसी हस्तियों ने भी मुनव्वर के पोस्ट को लाइक कर अपनी शुभकामनाएं दीं।

