ब्रेकिंग न्यूज़
ANTF की बड़ी कार्रवाई : 512 ग्राम हेरोइन समेत 3 तस्कर गिरफ्तार

लुधियाना / सत्ता संदेश

संवाददता: गुरमीत सिंह

पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ लुधियाना रेंज को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 512 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले की जानकारी देते हुए सब इंस्पेक्टर पंकज भगत ने बताया कि एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि अमृतसर जिले के कस्बा रईया के पास एक काले रंग की थार गाड़ी में कुछ लोग हेरोइन की सप्लाई देने जा रहे हैं। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस ने विशेष नाकाबंदी की और संदिग्ध थार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी में सवार तीन लोगों के पास से 512 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करमबीर उर्फ कालू निवासी तरनतारन, मनप्रीत उर्फ साहिल निवासी अमृतसर और साजनदीप उर्फ साजन निवासी तरनतारन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी करमबीर के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट और मारपीट के मामले दर्ज हैं। सब इंस्पेक्टर पंकज भगत ने नशा तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि या तो वे नशा तस्करी का धंधा छोड़ दें, नहीं तो सलाखों के पीछे जाने के लिए तैयार रहें। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से लाते थे और किन लोगों को सप्लाई करते थे।

लुधियाना पुलिस को बड़ी सफलता: 320 ग्राम हेरोइन और ड्रग मनी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पंजाब डेस्क : लुधियाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा (IPS) के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए स्पेशल सेल की टीम ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ दो आरोपियों को काबू किया है।

गश्त के दौरान पकड़े गए तस्कर: स्पेशल सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह देहल ने बताया कि 16 फरवरी 2026 को पुलिस टीम मेहरबान थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सीड़ा के टी-प्वाइंट पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई: तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामग्री बरामद की:

-320 ग्राम हेरोइन

-₹9,000 ड्रग मनी

-एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा (नशा तोलने के लिए)

-25 जिप-लॉक लिफाफे (पैकिंग के लिए)

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मेहरबान थाने में NDPS एक्ट की धारा 21C, 61, 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

रिमांड के दौरान होगी कड़ी : पूछताछ गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहाँ से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी ताकि इस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े चेहरों और सप्लायरों का पता लगाकर उनका पर्दाफाश किया जा सके।