ब्रेकिंग न्यूज़
माहिलपुर-फगवाड़ा रोड पर दर्दनाक हादसा, बेकाबू कार पेड़ से टकराई; पुलिसकर्मी की मौत

होशियारपुर / सत्ता संदेश

Report : अमरीक कुमार

माहिलपुर-फगवाड़ा रोड पर गांव भारता गणेशपुर के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और बेकाबू कार पेड़ से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। हादसे में कार सवार एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई।

मृतक की पहचान मंदीप सिंह निवासी गांव थुआना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंदीप सिंह जहानखेल (होशियारपुर) में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद अपनी कार से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गांव भारता गणेशपुर के पास उनकी कार अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पेड़ से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। हादसे में मंदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सिविल अस्पताल माहिलपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही माहिलपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।