ब्रेकिंग न्यूज़
Gurdaspur Firing News: पूर्व सरपंच के भाई के घर पर फायरिंग, धमकी भरे कॉल से हड़कंप

गुरदासपुर के नवां पिंड सरदार दा गांव में पूर्व सरपंच के भाई के घर पर देर रात फायरिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

गुरदासपुर / सत्ता संदेश

रिपोर्ट: जतिंदर सोढ़ी

गुरदासपुर के पास नवां पिंड सरदार दा गांव में देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, कारों में सवार होकर आए कुछ लोगों ने गांव के पूर्व सरपंच राजिंदर सिंह के भाई कुलविंदर सिंह के घर को निशाना बनाकर फायरिंग की।

बताया जा रहा है कि हमलावरों की ओर से करीब 6 से 7 राउंड फायरिंग की गई। इसके बाद गांववासियों ने हमलावरों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसके चलते आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर फायरिंग के बाद हमलावर दो गाड़ियों में मौके से जाते दिखाई दे रहे हैं।

घटना के बाद कुछ गांववाले भी हमलावरों का पीछा करने के लिए अपने घरों से बाहर निकले, लेकिन किसी को पकड़ा नहीं जा सका। गांव में यह भी चर्चा है कि कुछ संदिग्धों की पहचान हुई है और वे आसपास के गांवों से संबंधित बताए जा रहे हैं। हालांकि, कुलविंदर सिंह और पूर्व सरपंच राजिंदर सिंह का कहना है कि उनकी इन लोगों के साथ किसी प्रकार की कोई दुश्मनी नहीं है।

कुलविंदर सिंह के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उन्हें इंटरनेशनल नंबरों से धमकी भरे फोन भी आ रहे थे। कथित तौर पर फोन करने वाले उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। पुलिस ने मौके से तीन खोल/खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में SSP आदित्य ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। उन्होंने शुरुआती तौर पर इसे आपसी रंजिश से जुड़ा मामला बताया और कहा कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फायरिंग के पीछे असली वजह क्या है और इसमें कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Gurdaspur : घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की बालियां लूटीं, CCTV में कैद हुई वारदात

गुरदासपुर के धारीवाल के गांव कोट संतोख राय में घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की दोनों बालियां लूट ली गईं। आरोपी CCTV में कैद हुआ, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

गुरदासपुर / सत्ता संदेश

गुरदासपुर जिले में लूट और चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। ताजा मामला धारीवाल कस्बे के गांव कोट संतोख राय से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े घर में घुसे एक युवक ने बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए उनकी बालियां छीन लीं और फरार हो गया। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार, गांव कोट संतोख राय में एक बुजुर्ग महिला अपने घर के अंदर बैठी थीं। इसी दौरान एक युवक कथित तौर पर घर में दाखिल हुआ। युवक ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था। आरोप है कि घर में पहुंचते ही उसने बुजुर्ग महिला के पैर और कानों में पहनी दोनों बालियां पकड़ लीं और उन्हें छीनकर भाग गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी का एक साथी घर के बाहर मोटरसाइकिल लेकर खड़ा था। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।

बेटे और लोगों ने किया पीछा

घटना के बाद बुजुर्ग महिला द्वारा शोर मचाने पर उनके बेटे अमरीक सिंह और आसपास के कुछ लोगों ने आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन दोनों भागने में सफल रहे।

घटना की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

धारीवाल थाने के SHO पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों को जल्द पकड़ने का भरोसा दिया है।

दिनदहाड़े वारदात से लोगों में रोष

बुजुर्ग महिला के बेटे अमरीक सिंह और पूर्व सरपंच लखविंदर सिंह ने बताया कि यह घटना दिन के समय भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई। उन्होंने कहा कि घर सड़क के किनारे स्थित है, इसके बावजूद आरोपी दिनदहाड़े घर में घुसकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।

फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।