Gurdaspur Firing News: पूर्व सरपंच के भाई के घर पर फायरिंग, धमकी भरे कॉल से हड़कंप
गुरदासपुर के नवां पिंड सरदार दा गांव में पूर्व सरपंच के भाई के घर पर देर रात फायरिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
गुरदासपुर / सत्ता संदेश
रिपोर्ट: जतिंदर सोढ़ी
गुरदासपुर के पास नवां पिंड सरदार दा गांव में देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, कारों में सवार होकर आए कुछ लोगों ने गांव के पूर्व सरपंच राजिंदर सिंह के भाई कुलविंदर सिंह के घर को निशाना बनाकर फायरिंग की।
बताया जा रहा है कि हमलावरों की ओर से करीब 6 से 7 राउंड फायरिंग की गई। इसके बाद गांववासियों ने हमलावरों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसके चलते आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर फायरिंग के बाद हमलावर दो गाड़ियों में मौके से जाते दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद कुछ गांववाले भी हमलावरों का पीछा करने के लिए अपने घरों से बाहर निकले, लेकिन किसी को पकड़ा नहीं जा सका। गांव में यह भी चर्चा है कि कुछ संदिग्धों की पहचान हुई है और वे आसपास के गांवों से संबंधित बताए जा रहे हैं। हालांकि, कुलविंदर सिंह और पूर्व सरपंच राजिंदर सिंह का कहना है कि उनकी इन लोगों के साथ किसी प्रकार की कोई दुश्मनी नहीं है।
कुलविंदर सिंह के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उन्हें इंटरनेशनल नंबरों से धमकी भरे फोन भी आ रहे थे। कथित तौर पर फोन करने वाले उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। पुलिस ने मौके से तीन खोल/खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में SSP आदित्य ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। उन्होंने शुरुआती तौर पर इसे आपसी रंजिश से जुड़ा मामला बताया और कहा कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फायरिंग के पीछे असली वजह क्या है और इसमें कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

