ब्रेकिंग न्यूज़
अदालत से राहत मिलने के बाद गोल्डन टेंपल पहुंचे अरविंद केजरीवाल; सीएम भगवंत मान के साथ टेका माथा

पंजाब डेस्क : दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में अदालत से बड़ी राहत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार को अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने गुरु घर में माथा टेका और अरदास कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

शुक्राना अरदास: केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह अदालत के हालिया फैसले के बाद गुरु घर में ‘शुक्राना’ (धन्यवाद) अदा करने आए हैं। उन्होंने इसे वाहेगुरु की कृपा बताया और कहा कि वह अपने जीवन की हर महत्वपूर्ण घटना पर यहाँ माथा टेकने जरूर आते हैं।

विकास पर चर्चा: इस मौके पर सीएम भगवंत मान ने राज्य के विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पंजाब में निवेश आकर्षित करने के लिए 13 से 15 मार्च तक ‘इन्वेस्ट पंजाब समिट’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जापान, कोरिया और यूके जैसे देशों के निवेशक हिस्सा लेंगे।

टाटा स्टील प्लांट का उद्घाटन: सीएम मान ने जानकारी दी कि 20 मार्च को पंजाब में टाटा स्टील के देश के दूसरे सबसे बड़े प्लांट का उद्घाटन होने जा रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।