ब्रेकिंग न्यूज़
पंजाब कैबिनेट की बैठक आज, विधानसभा सत्र में किसानों और उद्योग से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा संभव

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई है। बैठक दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री आवास पर होगी। मुख्य सचिव केएपी सिन्हा की ओर से बैठक को लेकर अधिसूचना जारी की गई है। हालांकि, बैठक का विस्तृत एजेंडा फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है।

कैबिनेट बैठक में राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और नीतिगत प्रस्तावों पर चर्चा और उन्हें मंजूरी दिए जाने की संभावना है। सबसे अहम मुद्दों में पंजाब विधानसभा का अक्टूबर में सत्र बुलाने का फैसला शामिल हो सकता है। सरकार ने संयुक्त किसान मोर्चा को अक्टूबर में विधानसभा सत्र बुलाने का आश्वासन दिया था। ऐसे में आज की बैठक में सत्र की तारीख को लेकर फैसला या घोषणा हो सकती है।

इसके अलावा किसानों से जुड़ी अन्य मांगों पर भी कैबिनेट में प्रस्ताव रखे जाने की संभावना है। कृषि क्षेत्र से संबंधित मुद्दों के साथ-साथ राज्य के उद्योगपतियों को राहत देने से जुड़े प्रस्ताव भी बैठक में चर्चा के लिए आ सकते हैं।

फिलहाल सरकार की ओर से बैठक के एजेंडे की आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। ऐसे में कैबिनेट बैठक समाप्त होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किन प्रस्तावों पर अंतिम मुहर लगी और विधानसभा सत्र को लेकर क्या फैसला लिया गया।