ब्रेकिंग न्यूज़
हिमाचल के ‘खूनी मोड़’ पर मौत का तांडव: 100 फीट गहरी खाई में गिरी श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली; कपूरथला के 3 लोगों की मौत, 32 घायल

नेशनल डेस्क: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहाँ पंजाब से आए श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चों और महिलाओं समेत 32 अन्य घायल हैं।

हादसे का स्थान और समय: यह दुर्घटना नेशनल हाईवे-503 पर ढलियारा स्थित राधा स्वामी सत्संग घर के पास दोपहर करीब 12:15 बजे हुई। यह स्थान ‘खूनी मोड़’ के नाम से मशहूर है क्योंकि यहाँ अक्सर हादसे होते रहते हैं।

श्रद्धालुओं का सफर: ट्रैक्टर-ट्रॉली (PB07-BR-4762) में सवार पंजाब के कपूरथला के ये श्रद्धालु चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन करने के बाद ज्वालाजी मंदिर जा रहे थे।हादसे की वजह: शुरुआती जानकारी के अनुसार, घुमावदार मोड़ पर ट्रैक्टर की ब्रेक फेल हो गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर तोड़ते हुए नीचे खाई में जा गिरा।

मृतकों की पहचान: इस दर्दनाक हादसे में मंगल सिंह (50), उनके बेटे मनप्रीत सिंह (22) और गुरशरण सिंह की जान चली गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन: हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि अन्य का उपचार देहरा अस्पताल में चल रहा है।

नियमों की अनदेखी: मोटर व्हीकल एक्ट के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रियों को बैठाना गैरकानूनी है, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसका उपयोग करते हैं जो जानलेवा साबित होता है।

देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस टीम राहत कार्य में जुटी है और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए श्रद्धालुओं से ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के पालन की अपील की गई है।