ब्रेकिंग न्यूज़
PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…

पंजाब डेस्क: पंजाब-चंडीगढ़ टॉप 10 खबरें: नवजोत कौर सिद्धू का नया दांव, DSP के बेटे ने लूटा बैंक और ढोलक वादक बना करोड़पति। चुटकियों में पढ़े दिनभर की अहम 10 खबरें।

1. नवजोत कौर सिद्धू की नई पारी: पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने ‘भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी’ का पोस्टर शेयर कर नई राजनीतिक चर्चा छेड़ दी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह आगामी विधानसभा चुनाव इसी पार्टी के बैनर तले लड़ेंगी। पार्टी अध्यक्ष अम्लान बिश्वास ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी का पूरे देश में रिलांच किया जा रहा है।

2. रिटायर्ड DSP के बेटे ने लूटा बैंक: जालंधर के खुरला किंगरा इलाके में PNB बैंक में हुई दिनदहाड़े लूट का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। मुख्य आरोपी सिमरनजीत सिंह, जो एक रिटायर्ड DSP का बेटा है, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से लूट की रकम और वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद हुई है।

3. कलयुगी बेटे ने मां पर चढ़ाया ट्रैक्टर: बठिंडा के गांव महिमा सरजा में संपत्ति विवाद में एक बेटे ने अपनी बुजुर्ग मां पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया और उन्हें घसीटकर सड़क किनारे फेंक दिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

4. ढोलक वादक बना करोड़पति: नवांशहर के रहने वाले पेंटिंग आर्टिस्ट और जागरणों में ढोलक बजाने वाले गुरचरण सिंह की 1.50 करोड़ रुपये की लॉटरी लगी है। उन्होंने यह टिकट अपने बेटे के नाम पर खरीदा था। गुरचरण पिछले 40 सालों से टिकट खरीद रहे थे।

5. मोहाली में सेल्सगर्ल पर चाकू से हमला: न्यू चंडीगढ़ में एक कपड़ा शोरूम की सेल्सगर्ल पर उसके पति ने सरेआम चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि कोर्ट द्वारा तय किए गए गुजारा भत्ते (मेंटेनेंस) को लेकर पति नाराज था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

6. ज्वेलरी शॉप में ‘फिल्मी’ लूट: लुधियाना में एक बदमाश चांदी का कड़ा लेकर भागा और उसे पकड़ने की कोशिश कर रहे दुकानदार को बाइक के पीछे 500 मीटर तक घसीटता ले गया। इस दौरान ज्वेलर गंभीर रूप से घायल हो गया।

7. फ्लाइट शेड्यूल पर भिड़े मंत्री: लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट से दिल्ली की फ्लाइट की टाइमिंग को लेकर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के बीच जुबानी जंग छिड़ गई। दोनों ने अलग-अलग वेबसाइट्स का हवाला देकर एक-दूसरे के दावों को गलत बताया।

8. अर्शदीप सिंह की ‘मिस्ट्री गर्ल‘: भारतीय क्रिकेटर अर्शदीप सिंह की एक स्नैपचैट स्टोरी ने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी है, जिसमें वह एक लड़की का हाथ थामे नजर आ रहे हैं। फैंस लड़की के हाथ पर बने टैटू के जरिए उसका संबंध एक पंजाबी मॉडल से जोड़ रहे हैं।

9. जालंधर में दर्दनाक हादसा: जालंधर के गुरु नानक पुरा वेस्ट में घर के बाहर खेल रही 7 साल की बच्ची को एक कार ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।

10. चंडीगढ़ में तोड़फोड़ का विरोध: सेक्टर-45 में हाउसिंग बोर्ड (CHB) द्वारा की गई डिमोलिशन ड्राइव के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे 25 सालों से यहाँ रह रहे हैं और अब की जा रही यह कार्रवाई अनुचित है।