ब्रेकिंग न्यूज़
कपूरथला : जिस बेटे का किया अंतिम संस्कार, वह सेंट्रल जेल में मिला जिंदा

कपूरथला में परिवार ने लापता बेटे रवि कुमार को मृत समझकर अंतिम संस्कार कर दिया था। बाद में कपूरथला सेंट्रल जेल से फोन आया कि रवि जिंदा है और जेल में बंद है।

कपूरथला / सत्ता संदेश

कपूरथला में एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने परिवार ही नहीं बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कदूपुर के एक परिवार ने अपने लापता बेटे रवि कुमार को मृत समझकर उसका अंतिम संस्कार तक कर दिया। परिवार ने भोग की रस्म भी पूरी कर दी थी। लेकिन करीब दो सप्ताह बाद परिवार को पता चला कि रवि कुमार जिंदा है और कपूरथला सेंट्रल जेल में बंद है।

रवि के जिंदा होने की खबर मिलते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। अगले दिन जब परिजन जेल पहुंचे और अपनी आंखों के सामने रवि कुमार को जिंदा देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

5 अगस्त को घर से निकला था रवि

मिली जानकारी के मुताबिक, कदूपुर निवासी TT और उनके बेटे अमनदीप कुमार ने बताया कि रवि कुमार 5 अगस्त को घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटा। परिवार ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद परिवार 11 अगस्त को कपूरथला सिटी पुलिस स्टेशन पहुंचा और रवि की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

कांजली रोड पर मिली थी अज्ञात युवक की लाश

इसी दौरान पुलिस ने परिवार को बताया कि कांजली रोड पर ट्रेनिंग सेंटर के पास एक गली में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। पुलिस ने परिवार को शव की फोटो भी दिखाई।

कुछ दिनों बाद परिवार और उनके परिचितों ने फोटो देखकर शव की पहचान लापता रवि कुमार के रूप में कर दी। परिवार को लगा कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।

इसके बाद 13 अगस्त को परिवार ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया, जबकि 15 अगस्त को भोग की रस्म भी पूरी कर दी गई। परिवार पूरी तरह आश्वस्त था कि रवि की मौत हो चुकी है।

2 सितंबर को सेंट्रल जेल से आया फोन

मामले में अचानक उस समय बड़ा मोड़ आया जब 2 सितंबर को कपूरथला सेंट्रल जेल से परिवार के पास फोन आया। जेल कर्मचारी ने परिवार को बताया कि जेल में रवि कुमार नाम का एक युवक बंद है।

यह सुनकर परिवार के होश उड़ गए। जिस युवक का वे अंतिम संस्कार कर चुके थे, उसके जिंदा होने की खबर पर उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ।

इसके बाद परिवार अगले दिन कपूरथला सेंट्रल जेल पहुंचा। वहां उन्होंने जब रवि कुमार को अपनी आंखों के सामने जिंदा देखा तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

करीब एक महीने पहले जालंधर पुलिस ने किया था गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, रवि कुमार को जालंधर पुलिस ने करीब एक महीने पहले आवारागर्दी के एक मामले में गिरफ्तार किया था। बाद में उसे कपूरथला सेंट्रल जेल भेज दिया गया था।

अब इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि कांजली रोड के पास मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान रवि कुमार के रूप में कैसे हुई? आखिर परिवार और अन्य परिचितों से पहचान में इतनी बड़ी गलती कैसे हुई?

इस घटना ने शव की पहचान की प्रक्रिया और पुलिस की कार्रवाई को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मृत युवक की असली पहचान क्या थी।

जालंधर के गोल्डन टूल्स पर कंपनी का छापा, नकली सामान बेचने का आरोप

जालंधर / सत्ता संदेश

कपूरथला चौक के नजदीक स्थित गोल्डन टूल्स की दुकान पर देर रात उस समय हंगामा हो गया, जब एक कंपनी के प्रतिनिधियों ने दुकान मालिक पर कंपनी के नाम से कथित तौर पर कॉपी सामान बेचने का आरोप लगाया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने मामले की सूचना संबंधित पुलिस थाने को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

कंपनी के प्रतिनिधियों और पुलिस की मौजूदगी में दुकान की जांच के दौरान कथित कॉपी सामान को जब्त किए जाने की बात सामने आई है। इस दौरान दुकान मालिक और पुलिस के बीच बहस भी हुई। पूरी कार्रवाई का वीडियो कंपनी के प्रतिनिधियों की ओर से बनाया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

वहीं, दुकान मालिक ने कंपनी के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। दुकान मालिक का कहना है कि वह किसी भी तरह का कॉपी या नकली सामान नहीं बेच रहा था। उसके मुताबिक, दुकान में मौजूद सामान के उसके पास सभी जरूरी बिल मौजूद हैं और उस पर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं।

फिलहाल मामले में पुलिस और कंपनी की ओर से की गई कार्रवाई को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में सामान वास्तव में नकली था या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

मामले की जांच के बाद ही यह सामने आएगा कि दुकान से जब्त किए गए सामान को लेकर लगाए गए आरोप कितने सही हैं और इस संबंध में आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है।

जालंधर में 50 लाख की लूट! कार टकराकर रोकी, रॉड से शीशे तोड़े और व्यापारी के माथे पर किया वार

जालंधर / सत्ता संदेश

जालंधर के सूर्या एन्क्लेव एक्सटेंशन के पास 120 फीट रोड पर सोमवार रात करीब 7:50 बजे हथियारबंद लुटेरों ने लोहा व्यापारी ललित मित्तल की कार को टक्कर मारकर रोक लिया और कैश से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने व्यापारी की कार के शीशे रॉड से तोड़ दिए और उनके माथे पर भी हमला किया।

व्यापारी की ओर से लूट की रकम करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है, हालांकि पुलिस के मुताबिक बैग में कितनी नकदी थी, इसकी अभी स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है।

सफेद कार से कर रहे थे पीछा

ललित मित्तल के अनुसार, वह टांडा रोड स्थित अपने ऑफिस से घर के लिए निकले थे। उनका घर सूर्या एन्क्लेव में है। किशनपुरा में दुग्गल बेकरी के रास्ते 120 फीट रोड पर पहुंचने के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि एक सफेद कार उनका पीछा कर रही है।

मित्तल के मुताबिक, 120 फीट रोड पर स्ट्रीट लाइटें बंद थीं। जैसे ही उन्होंने कार की रफ्तार बढ़ाई, पीछे आ रही कार अचानक आगे आ गई और उन्हें रुकने का इशारा किया। खतरा भांपते हुए उन्होंने अपनी कार पीछे करने की कोशिश की, लेकिन लुटेरों ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।

रॉड से तोड़े कार के शीशे, व्यापारी पर किया हमला

व्यापारी ने कार लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने कुछ दूरी पर उन्हें घेर लिया। मित्तल के अनुसार, कार से तीन लुटेरे नीचे उतरे। उन्होंने आते ही रॉड से कार के शीशे तोड़ने शुरू कर दिए और इसके बाद उनके माथे पर भी वार किया।

हमले के बाद बदमाशों ने साइड सीट के नीचे रखा कैश से भरा बैग उठाया और अपनी कार में बैठकर फरार हो गए। व्यापारी के अनुसार, वारदात में कुल 4 से 5 लुटेरे शामिल हो सकते हैं।

पुलिस की 7 टीमें जांच में जुटीं

लूट की सूचना रात करीब 8 बजे पुलिस को मिली। इसके बाद DCP मनप्रीत सिंह ढिल्लों, ACP अमनबीर सिंह, SHO जसपाल सिंह, CIA इंचार्ज सुरिंदर कुमार और स्पेशल सेल इंचार्ज मनजिंदर सिंह समेत पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और क्राइम सीन का जायजा लिया।

पुलिस ने आरोपियों की तलाश और वारदात से जुड़े सुराग जुटाने के लिए 7 टीमें जांच में लगाई हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

ललित मित्तल की पहचान

ललित मित्तल CJS स्कूल के मालिक हैं और सूर्या एन्क्लेव रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के जनरल सेक्रेटरी भी हैं। वारदात की जानकारी मिलने के बाद AAP नेता नितिन कोहली और सोसाइटी के प्रेसिडेंट सुनील शर्मा भी मौके पर पहुंचे।

DCP मनप्रीत सिंह ढिल्लों के मुताबिक, व्यापारी ने पुलिस को यह स्पष्ट नहीं बताया है कि लूटे गए बैग में कुल कितनी नकदी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लुटेरों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

जालंधर में दिन-दहाड़े सनसनीखेज लूट: PNB बैंक में घुसे नकाबपोश लुटेरों ने गनपॉइंट पर कैशियर से लूटा पैसों का बैग; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

पंजाब डेस्क: जालंधर के कुक्की टाब के पास बैंक एन्क्लेव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में 6 अप्रैल 2026 को दिन-दहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। स्कूटी पर सवार होकर आए दो नकाबपोश लुटेरों ने हथियार के बल पर बैंक से नकदी लूट ली और फरार हो गए।

दोपहर का वक्त: यह घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है जब बैंक में कामकाज चल रहा था।

गनपॉइंट पर धमकी: स्कूटी पर आए दो लुटेरों में से एक बैंक के बाहर पहरा दे रहा था, जबकि दूसरा अंदर घुसा। उसने कैशियर के पास जाकर सारा कैश देने को कहा। जब कैशियर ने मना किया, तो लुटेरे ने उस पर पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी दी।

कैश लेकर फरार: डर के मारे कैशियर ने काउंटर पर रखा पैसों से भरा बैग उसे सौंप दिया। उस समय बैंक में 3-4 ग्राहक भी मौजूद थे। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों लुटेरे मुंह ढककर अपनी स्कूटी से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज: पुलिस को इस घटना की सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसमें आरोपी बैंक से पैसों का बैग लेकर बाहर निकलता दिखाई दे रहा है।

पुलिस की कार्रवाई: सूचना मिलते ही डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बैंक स्टाफ लूटी गई राशि का हिसाब लगा रहा है और आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें तैनात कर दी गई हैं।