अमृतसर के गुरुद्वारा शहीदां में बड़ा हादसा: लोहे की प्लेटें गिरने से 2 महिलाओं की मौत, 5 घायल
पंजाब डेस्क: अमृतसर के प्रसिद्ध गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह जी (शहीदां साहिब) में रविवार को एक अत्यंत दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारा साहिब में नए बन रहे लंगर हॉल की छत (लेंटर) के लिए लगाई गई लोहे की भारी प्लेटें अचानक नीचे गिर गईं।इस हादसे के वक्त वहां सेवा कर रही और ‘चौपहरा’ काट रही संगत के बीच चीख-पुकार मच गई।
इस भीषण दुर्घटना में दो महिलाओं की दुखद मौत हो गई, जबकि 5 से अधिक महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं। घायलों को तुरंत श्री गुरु रामदास और माता कौलां अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज जारी है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) द्वारा यहाँ बहुमंजिला पार्किंग और नए लंगर हॉल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी बाबा कश्मीर सिंह जी भूरी वाले को सौंपी गई थी। रविवार का दिन होने के कारण गुरुद्वारा परिसर में लाखों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। हादसे की सूचना मिलते ही ADCP अमनदीप कौर मौके पर पहुँचीं और उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की टीम मुस्तैदी से घायलों की सेवा में जुटी हुई है।

