नोएडा में सैलरी पर संग्राम: पुलिस और मजदूरों के बीच हिंसक भिड़ंत; प्रदर्शनकारियों ने फूंकी गाड़ियां, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले
नेशनल डेस्क: ग्रेटर नोएडा के फेज-2 स्थित होजरी कॉम्प्लेक्स में सोमवार की सुबह वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर चल रहा श्रमिकों का आंदोलन उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई इस तीखी झड़प में भारी तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हिंसा की शुरुआत: पिछले कई दिनों से श्रमिक सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सोमवार सुबह यह अचानक हिंसक रूप ले बैठा।
तोड़फोड़ और आगजनी: गुस्साए मजदूरों ने पुलिस की वैन सहित कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया और कंपनी परिसर में भी जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि श्रमिकों ने पुलिस बल पर पथराव किया और पुलिस का एक वाहन भी पलट दिया।
पुलिस की कार्रवाई: स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे ताकि भीड़ को तितर-बितर किया जा सके।सुरक्षा बल तैनात: मौके पर बिगड़ते हालात को देखते हुए भारी पुलिस बल के साथ पीएसी (PAC) की भी तैनाती की गई है। फिलहाल स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में बताई जा रही है।
प्रशासनिक एक्शन: नोएडा पुलिस कमिश्नर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के आधार पर कई पुलिस अधिकारियों को निलंबित भी किया गया है।यह घटना ग्रेटर नोएडा के फेज-2 के डी ब्लॉक स्थित होजरी कॉम्प्लेक्स की है, जहाँ फिलहाल भारी सुरक्षा घेरा बना हुआ है।

