ब्रेकिंग न्यूज़
रणबीर कपूर ‘रामायण’ में भगवान राम के रूप में बहुत अच्छे लग रहे हैं : अभिनेता अरुण गोविल

मुंबई, एक फरवरी (भाषा) रामानंद सागर द्वारा निर्देशित धारावाहिक ‘‘रामायण’’ में भगवान राम की अपनी यादगार भूमिका के लिए मशहूर अभिनेता अरुण गोविल ने इस महाकाव्य पर आधारित फिल्म की सराहना करते हुए इसके मुख्य अभिनेता रणबीर कपूर की तारीफ की। गोविल ने कहा कि पर्दे पर भगवान की भूमिका वही व्यक्ति विश्वसनीय रूप से निभा सकता है, जो ‘‘अच्छा अभिनेता और अच्छा इंसान’’ हो। महत्वाकांक्षी सिनेमाई प्रस्तुति के रूप में पेश की जा रही इस फिल्म में ‘केजीएफ’ के अभिनेता यश रावण की भूमिका में हैं, साई पल्लवी देवी सीता, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे भगवान लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन ‘दंगल’ से ख्याति पाने वाले नितेश तिवारी कर रहे हैं। गोविल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘नितेश तिवारी की रामायण बहुत अच्छी लग रही है। नितेश तिवारी, कलाकारों और पूरी टीम ने इस पर बहुत मेहनत की है। मुख्य अभिनेता रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में बहुत अच्छे लग रहे हैं। वह अच्छे अभिनेता हैं और अच्छे इंसान भी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भगवान की भूमिका निभाने के लिए आत्मा का शुद्ध होना और इंसान का अच्छा होना जरूरी है।” वह पिछले सप्ताह आयोजित एफडब्ल्यूआईसीई और सिने आर्टिस्ट वेलफेयर ट्रस्ट के एक कार्यक्रम के इतर बातचीत कर रहे थे। टेलीविजन पर 1987 में आयी रामायण में भगवान राम की भूमिका के लिए पहचाने जाने वाले गोविल ने कहा कि रामानंद सागर की रामायण की गहरी छाप के कारण विभिन्न प्रस्तुतियों की तुलना होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा, ‘‘जब कोई मानक तय हो जाता है तो तुलना होना स्वाभाविक है। भगवान की भूमिका निभाने के लिए रूप-रंग बहुत अहम होता है। जब लोग आपको देखें तो उन्हें आपमें भगवान दिखाई देने चाहिए।’’ हालांकि, गोविल (68) ने आने वाली रामायण की तुलना 2022 की फिल्म ‘आदिपुरुष’ से करने की कोशिशों को खारिज करते हुए कहा कि दोनों फिल्में मूल रूप से अलग हैं। नितेश तिवारी की दो भागों वाली इस फिल्म में राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे गोविल ने पूरी टीम के साथ काम करने के अनुभव को ‘‘अच्छा’’ बताया।

रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास के बाहर गोलीबारी, जांच शुरू


मुंबई, एक फरवरी (भाषा) मुंबई के पश्चिमी उपनगर जुहू में फिल्म निर्माता एवं निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर रविवार तड़के अज्ञात लोगों ने गोलीबारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ और इस घटना के बाद इमारत के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
उन्होंने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि घटना के समय शेट्टी अपने आवास पर थे या नहीं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘किसी ने इमारत पर गोली चलाई। क्षेत्रीय पुलिस और अपराध शाखा की टीम मामले की जांच कर रही हैं।’’
अधिकारी ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार अज्ञात लोगों ने इमारत पर चार गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि जुहू पुलिस और अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंचीं और उन्होंने जांच शुरू की।
अधिकारी ने बताया कि इमारत के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
आरोपियों की पहचान करने और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए पुलिस इमारत के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है।
अधिकारी ने बताया कि इमारत के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शेट्टी ‘गोलमाल’, ‘सिंघम’ और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।

30 करोड़ रुपये का फ्रॉड केस: विक्रम भट्ट और पत्नी की बेल एप्लीकेशन खारिज, 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा

एंटरटेनमेंट डेस्क: मशहूर फिल्ममेकर-डायरेक्टर विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबर भट्ट को 30 करोड़ रुपये के फ्रॉड केस में कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने दोनों की फाइनल बेल एप्लीकेशन खारिज कर दी और उन्हें 14 दिन की ज्यूडिशियल रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। अब दोनों उदयपुर जेल में रहेंगे।

जानकारी के मुताबिक, विक्रम भट्ट पर आरोप है कि उन्होंने फिल्म प्रोडक्शन में बड़े मुनाफे का वादा करके उदयपुर के डॉक्टर अजय से अलग-अलग किश्तों में करीब 30 करोड़ रुपये लिए थे। पीड़ित डॉक्टर का आरोप है कि रकम लेने के बाद उन्हें न तो फिल्म की कमाई में हिस्सा दिया गया और न ही उनकी रकम वापस की गई। इसके बाद डॉक्टर ने उदयपुर पुलिस में फ्रॉड का केस दर्ज कराया था।केस दर्ज होने के बाद उदयपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी को मुंबई से ट्रांजिट रिमांड पर उदयपुर ले आई।

कोर्ट में सुनवाई के दौरान दोनों आरोपियों ने सेहत का हवाला देते हुए फाइनल बेल मांगी थी। हालांकि, कोर्ट ने फैक्ट्स और केस डायरी के आधार पर बेल देने से मना कर दिया।मीडिया से बात करते हुए विक्रम भट्ट ने पहले अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया था और कहा था कि यह मामला आपसी गलतफहमी का नतीजा है, जिसे जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। हालांकि, पुलिस जांच में गंभीर फैक्ट्स सामने आने के बाद कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। इस हाई-प्रोफाइल केस ने मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में भी हलचल मचा दी है।