ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना दक्षिण : विकास को नई गति, विधायक राजिंदरपाल कौर छिना ने तीन जगह आरएमसी सड़कों का किया उद्घाटन

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण से जुड़े विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक राजिंदरपाल कौर छिना ने वार्ड नंबर 33 के अंतर्गत तीन अलग-अलग स्थानों पर आरएमसी (RMC) सड़क निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया।

विधायक छिना ने हरगोबिंद नगर स्ट्रीट नंबर 10, करमजीत नगर और सुखदेव नगर स्ट्रीट नंबर 8 में सड़क निर्माण कार्यों की शुरुआत करवाई। इस दौरान स्थानीय निवासियों ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण की मांग अब पूरी हो रही है।

हरगोबिंद नगर की गली नंबर 10 के निवासियों के अनुसार, इस सड़क का निर्माण करीब 10 से 15 वर्षों से नहीं हुआ था। वहीं, करमजीत नगर के लोग भी लगभग 15 वर्षों से नई सड़क का इंतजार कर रहे थे। टूटी सड़कों के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। आरएमसी सड़क निर्माण शुरू होने से अब क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

वहीं, सुखदेव नगर स्ट्रीट नंबर 8 में पिछली सरकार के समय अधूरे छोड़े गए सड़क निर्माण कार्य को भी दोबारा शुरू किया गया है। यहां आरएमसी तकनीक के माध्यम से सड़क का निर्माण किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान राजिंदर शर्मा और उनकी पूरी टीम के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

विधायक राजिंदरपाल कौर छिना ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लुधियाना दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान करना, गलियों और सड़कों का विकास करना तथा लोगों को जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

गगन नगर मेन रोड के निर्माण कार्य का MLA राजिंदरपाल कौर छीना ने किया उद्घाटन

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना साउथ विधानसभा क्षेत्र की विधायक राजिंदरपाल कौर छीना ने मोहल्ला गगन नगर मेन रोड के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। बताया गया कि यह सड़क पिछले करीब 10 वर्षों से खराब हालत में थी, जिसके चलते इलाके के लोगों को रोजाना आवागमन और ट्रैफिक की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।

इस मौके पर MLA राजिंदरपाल कौर छीना ने कहा कि लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना पंजाब सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि गगन नगर मेन रोड का निर्माण RMC से करवाया जाएगा, जिससे सड़क की गुणवत्ता बेहतर होने और लंबे समय तक लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में लुधियाना साउथ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विकास कार्य तेजी से करवाए जा रहे हैं। सड़क, सीवरेज, पीने के पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सड़क के बनने से लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होगा और इलाके में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

उद्घाटन के अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।