IPL 2026: मुंबई इंडियंस ने 13 साल बाद जीत के साथ किया आगाज, अब 15 साल के वैभव सूर्यवंशी रचेंगे इतिहास?
स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर है, जहाँ एक तरफ मुंबई इंडियंस (MI) ने बरसों पुराना सूखा खत्म किया है, वहीं दूसरी ओर एक युवा खिलाड़ी बड़ा रिकॉर्ड बनाने की दहलीज पर खड़ा है।
मुंबई इंडियंस की ऐतिहासिक जीत और रिकॉर्ड : रनचेज मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 6 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज कर नए सीजन की शुरुआत की है। इस जीत के साथ ही मुंबई ने पिछले 13 सीजन से चली आ रही पहले मैच में हार की ‘खराब आदत’ को तोड़ दिया है। साल 2012 के बाद यह पहला मौका है जब मुंबई ने सीजन का अपना पहला मैच जीता हो।वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में KKR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अजिंक्य रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) के अर्धशतकों की मदद से 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
जवाब में मुंबई ने रोहित शर्मा (78) और रायन रिकल्टन (81) की 148 रनों की तूफानी साझेदारी की बदौलत 221 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। यह मुंबई इंडियंस के आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रनचेज भी है।
वैभव सूर्यवंशी के 300 रनों पर टिकी नजरें : विराट कोहली और रोहित शर्मा के जलवे के बाद अब सबकी नजरें राजस्थान रॉयल्स (RR) के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ गुवाहाटी में होने वाले अगले मुकाबले में वैभव एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं। वे आईपीएल में अपने 300 रन पूरे करने से महज 48 रन दूर हैं।
बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने अब तक 7 पारियों में 252 रन बनाए हैं। चेन्नई के खिलाफ उनका रिकॉर्ड भी गवाही दे रहा है; उन्होंने आईपीएल 2025 में CSK के विरुद्ध 33 गेंदों में 57 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। वैभव ने पहले ही साफ कर दिया है कि इस सीजन में उनका इरादा कुछ अलग करने का है, जिसकी शुरुआत वे इस जादुई आंकड़े को छूकर कर सकते हैं।

