ब्रेकिंग न्यूज़
Asian Games 2026 : एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान, हरमनप्रीत कौर संभालेगी कमान

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की महिला चयन समिति ने सितंबर 2026 में जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। हरमनप्रीत कौर टीम की कप्तानी करेंगी, जबकि स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है।

भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन के रूप में टूर्नामेंट में उतरेगी। उसने 2023 में चीन के हांगझोउ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। टीम में ज्यादातर वही खिलाड़ी हैं जो हाल ही में महिला टी20 विश्वकप का हिस्सा रही थीं। केवल यास्तिका भाटिया को स्क्वॉड से बाहर किया गया है।

अनुभव और युवा खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण

टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी जगह दी गई है। बल्लेबाजी विभाग में शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष शामिल हैं। जी. कमलिनी को दूसरे विकेटकीपर के रूप में टीम में जगह मिली है।

गेंदबाजी में भी दिखा संतुलन

गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव और भारती फुलमाली संभालेंगी। वहीं श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल और नंदनी शर्मा टीम को अतिरिक्त मजबूती देंगी। हालांकि, बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि श्रेयंका पाटिल का चयन उनकी फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन रहेगा।

टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद नई चुनौतीएशियन गेम्स टीम के एलान से पहले भारतीय महिला टीम को आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में बड़ा झटका लगा। लॉर्ड्स में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। भारत ने हरमनप्रीत कौर (27 गेंदों में 56 रन), स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की उपयोगी पारियों की मदद से 170/4 का स्कोर बनाया था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने एलिस पेरी और एशले गार्डनर के नाबाद अर्धशतकों की बदौलत 19वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत की महिला क्रिकेट टीम
 

  • कप्तान: हरमनप्रीत कौर
  • उपकप्तान: स्मृति मंधाना
  • शेफाली वर्मा
  • जेमिमा रोड्रिग्स
  • दीप्ति शर्मा
  • ऋचा घोष (विकेटकीपर)
  • जी. कमलिनी (विकेटकीपर)
  • भारती फुलमाली
  • श्री चरणी
  • रेणुका ठाकुर
  • क्रांति गौड़
  • अरुंधति रेड्डी
  • श्रेयंका पाटिल* (फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन)
  • राधा यादव
  • नंदनी शर्मा
BCCI का बड़ा ऐलान: पहली बार जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज खेलेगी टीम इंडिया, रायपुर और बड़ौदा करेंगे मेजबानी

स्पोर्टस डेस्क : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आगामी घरेलू सीजन के लिए एक ऐतिहासिक कार्यक्रम की घोषणा की है, जिसमें पहली बार भारतीय सीनियर महिला टीम और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच द्विपक्षीय सीरीज का आयोजन किया जाएगा। यह सीरीज भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक नई और रोमांचक शुरुआत मानी जा रही है।

छह व्हाइट-बॉल मैचों का शेड्यूल : शेड्यूल के अनुसार, जिम्बाब्वे की महिला टीम अक्टूबर 2026 में भारत का दौरा करेगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच कुल 6 व्हाइट-बॉल मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच रायपुर में खेले जाएंगे, जबकि तीन वनडे (ODI) मैचों की मेजबानी बड़ौदा करेगा। यह सीरीज 16 अक्टूबर से शुरू होकर 28 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।

इंडिया-A और U19 टीमों का भी कार्यक्रम: BCCI ने केवल सीनियर टीम ही नहीं, बल्कि इंडिया-A और अंडर-19 टीमों के लिए भी एक पैक शेड्यूल जारी किया है।

इंडिया-A (पुरुष): सितंबर से अक्टूबर 2026 के बीच पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ दो चार दिवसीय और तीन वनडे मैच खेलेगी।

इंडिया-A (महिला): ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की ‘A’ टीमों के खिलाफ मल्टी-फॉर्मेट सीरीज में हिस्सा लेगी, जिसमें टी20, वनडे और मल्टी-डे मैच शामिल हैं।

U19 टीमें: भारतीय अंडर-19 पुरुष टीम ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगी, जबकि अंडर-19 महिला टीम श्रीलंका और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज खेलेगी।

BCCI का यह व्यापक शेड्यूल भारतीय क्रिकेट के भविष्य को मजबूत करने और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक अवसर प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।