ट्राई ने दिल्ली-एनसीआर मेट्रो मार्गों पर मोबाइल नेटवर्क गुणवत्ता का आकलन किया
दिल्ली / सत्ता संदेश
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण ने सेक्टर -51 नोएडा से डिपो स्टेशन (एक्वा लाइन), द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी (ब्लू लाइन 1), वैशाली से यमुना बैंक (ब्लू लाइन 2), कीर्ति नगर से ब्रिगेडियर होशियार सिंह (ग्रीन लाइन), द्वारका से ढांसा बस स्टैंड (ग्रे लाइन), बॉटनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन (मैजेंटा लाइन), दीपाली चौक से मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन एक्सटेंशन), नई दिल्ली से यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25 (ऑरेंज लाइन), मयूर विहार-1 से मौजपुर-बाबरपुर (पिंक लाइन), शिव विहार से मयूर विहार-1 (पिंक लाइन एक्सटेंशन), सेक्टर 55-56 से फेज-3 (रैपिड मेट्रो), शहीद स्थल से रिठाला (रेड लाइन), राजा नहर सिंह (बल्लभगढ़) से कश्मीरी गेट (वायलेट लाइन), समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर (येलो लाइन) और दिल्ली से मेरठ (नमो भारत आरआरटीएस) तक के मेट्रो मार्गों पर मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता का आकलन किया।
ट्राई ने अप्रैल 2026 के दौरान दिल्ली मेट्रो रेल निगम, नोएडा मेट्रो रेल निगम और दिल्ली एलएसए के अंतर्गत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम के मेट्रो मार्गों पर किए गए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट (आईडीटी) के निष्कर्ष आम दूरसंचार उपभोक्ताओं की जानकारी के लिए जारी किए हैं। इस ड्राइव टेस्ट का उद्देश्य दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) द्वारा प्रदान की जाने वाली मोबाइल नेटवर्क सेवाओं (वॉयस और डेटा दोनों) की वास्तविक समय गुणवत्ता का आकलन और सत्यापन करना है। इस परीक्षण के दौरान ट्राई कवरेज, कॉल ड्रॉप रेट (सीडीआर), कॉल सेटअप सक्सेस रेट (सीएसआर), डेटा डाउनलोड (डीएल) और अपलोड (यूएल) थ्रूपुट आदि जैसे प्रमुख सेवा गुणवत्ता (क्यूओएस) मापदंडों के लिए टीएसपी के प्रदर्शन को रिकॉर्ड करता है, जिन्हें बाद में उपभोक्ताओं को सूचित करने और टीएसपी को अपनी सेवाओं में सुधार करने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु प्रकाशित किया जाता है।
इन परिक्षणों को शहरों, हॉटस्पॉट, सार्वजनिक परिवहन केंद्रों आदि जैसे विभिन्न उपयोग परिवेशों में सभी टीएसपी (ट्रांसपोर्टर सेवा प्रदाता) के मोबाइल नेटवर्क प्रदर्शन को मापने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इस प्रकार के ड्राइव टेस्टिंग में, 2जी, 3जी, 4जी और 5जी नेटवर्क पर सभी दूरसंचार कंपनियों के सिम कार्ड का उपयोग करके लाइव डेटा और वॉयस सेशन स्थापित किए जाते हैं। कई उन्नत टेस्ट हैंडसेट का उपयोग किया जाता है और उन्नत सॉफ्टवेयर सिस्टम का उपयोग करके सेशन की वास्तविक समय में निगरानी और विश्लेषण किया जाता है।

