ब्रेकिंग न्यूज़
दिल्ली-NCR में फिर महंगी हुई CNG: 3 दिनों में ₹3 का इजाफा, ₹80 के पार पहुंचे दाम

नेशनल डेस्क : दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में रहने वाले लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। आज, 17 मई 2026 से सीएनजी (CNG) की कीमतों में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी गई है। इस ताजा वृद्धि के बाद देश की राजधानी में सीएनजी के दाम पहली बार 80 रुपये प्रति किलो के आंकड़े को पार कर गए हैं।तीन दिनों में ₹3 की बड़ी बढ़ोतरी पिछले तीन दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब सीएनजी महंगी हुई है। इससे पहले 15 मई को कीमतों में 2 रुपये का इजाफा किया गया था। इस प्रकार, महज तीन दिनों में दिल्ली में सीएनजी के दाम कुल 3 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ चुके हैं।

शहरों के हिसाब से नए रेट्स:

-दिल्ली: अब यहाँ एक किलो सीएनजी के लिए ₹80.09 (कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार ₹80.90) चुकाने होंगे।

-नोएडा और गाजियाबाद: यहाँ सीएनजी की नई कीमत ₹88.70 प्रति किलोग्राम हो गई है।

आम आदमी और कैब चालकों पर असर: कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर दिल्ली-NCR में रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, ऑटो-रिक्शा चालकों और ओला-उबर जैसी ऐप-आधारित कैब चलाने वालों के दैनिक खर्च पर पड़ेगा। जानकारों का मानना है कि सीएनजी महंगी होने के कारण आने वाले दिनों में ऑटो और टैक्सियों के किराए में भी इजाफा देखा जा सकता है।

क्यों बढ़ रहे हैं दाम? विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में नेचुरल गैस (Natural Gas) की कीमतों में उछाल आने की वजह से घरेलू स्तर पर सीएनजी महंगी हो रही है। गौरतलब है कि 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दामों में भी 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी, जिससे दिल्ली में पेट्रोल ₹97.77 और डीजल ₹90.67 प्रति लीटर हो गया है।

ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से कच्चे तेल की कीमतें $100 प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई हैं, जिसका असर ईंधन की कीमतों पर पड़ रहा है।