ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना पहुंचे पद्मश्री इंदरजीत सिंह सिद्धू, NDRF अधिकारियों ने बताया प्रेरणास्रोत

लुधियाना में NDRF के विशेष कार्यक्रम में पद्मश्री इंदरजीत सिंह सिद्धू पहुंचे। उन्होंने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को हर व्यक्ति की जिम्मेदारी बताया। NDRF अधिकारियों ने उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना में NDRF की ओर से आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पद्मश्री इंदरजीत सिंह सिद्धू पहुंचे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करना और समाज में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान पद्मश्री इंदरजीत सिंह सिद्धू का विशेष सम्मान भी किया गया।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान पद्मश्री इंदरजीत सिंह सिद्धू ने कहा कि अपने पर्यावरण और आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केवल शहरों को खूबसूरत बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी साफ-सफाई और उचित रखरखाव पर भी लगातार ध्यान देना जरूरी है।

उन्होंने चंडीगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी भी शहर की सुंदरता के साथ-साथ उसकी स्वच्छता और देखभाल में आम लोगों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने और पर्यावरण की उचित देखभाल करने की अपील की।

वहीं, कार्यक्रम के दौरान NDRF अधिकारियों ने पद्मश्री इंदरजीत सिंह सिद्धू को प्रेरणास्रोत बताया। अधिकारियों ने कहा कि भारत सरकार द्वारा उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया है और समाज के प्रति उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।

NDRF अधिकारियों ने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर भी इंदरजीत सिंह सिद्धू स्वयं सफाई के कार्यों में जुटे रहते हैं। उनका यह प्रयास युवाओं और समाज के अन्य लोगों को पर्यावरण एवं स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनने की प्रेरणा देता है।