ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना के पेंशनर्स के लिए खुशखबरी! 2 नवंबर से ट्रेजरी ऑफिस में ऑनलाइन जमा होगा लाइफ सर्टिफिकेट

लुधियाना में 2 नवंबर से पेंशनर्स जिला ट्रेजरी और सब-ट्रेजरी ऑफिस में ऑनलाइन लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकेंगे। पेंशन बुक, आधार कार्ड और बैंक पासबुक लाना जरूरी।

लुधियाना / सत्ता संदेश

पंजाब सरकार की ओर से राज्य के पेंशनर्स को राहत देते हुए सालाना लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की प्रक्रिया को आसान बनाया जा रहा है। अब पेंशनर्स 2 नवंबर से जिला ट्रेजरी ऑफिस और सब-ट्रेजरी ऑफिस में अपना लाइफ सर्टिफिकेट ऑनलाइन जमा करवा सकेंगे। इस सुविधा से पेंशनर्स को लाइफ सर्टिफिकेट जमा करवाने के लिए बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

डिस्ट्रिक्ट ट्रेजरी ऑफिसर लुधियाना उपनीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पेंशनर्स के लिए ट्रेजरी ऑफिस में ऑनलाइन लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की सुविधा शुरू की जा रही है। इसके लिए बायोमेट्रिक सिस्टम का भी इस्तेमाल किया जाएगा। लाइफ सर्टिफिकेट जमा होते ही पेंशनर को तुरंत उसके मोबाइल फोन पर इसकी जानकारी मिल जाएगी।

उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार का उद्देश्य पेंशन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, बेहतर और आसान बनाना है। इसी दिशा में सालाना लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जा रहा है। पेंशनर्स मोबाइल ऐप के माध्यम से भी अपना लाइफ सर्टिफिकेट ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।

डिस्ट्रिक्ट ट्रेजरी ऑफिसर ने बताया कि पहले पेंशनर्स को हर साल नवंबर महीने में बैंकों के माध्यम से मैन्युअल रूप से लाइफ सर्टिफिकेट जमा करवाना पड़ता था। लेकिन अब वे अपने नजदीकी जिला ट्रेजरी ऑफिस या सब-ट्रेजरी ऑफिस में जाकर ऑनलाइन यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

उन्होंने पेंशनर्स से अपील की कि इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए अपनी पेंशन बुक, आधार कार्ड और बैंक पासबुक साथ लेकर आएं, ताकि लाइफ सर्टिफिकेट जमा करवाने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *