ब्रेकिंग न्यूज़
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: अमृतसर से मुंबई तक हथियार पहुंचाने का नेटवर्क, दो महिलाओं की भूमिका भी जांच के घेरे में

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में अमृतसर से हथियार मिलने की जानकारी सामने आई है। जांच में कथित डेड लेटर बॉक्स तरीके और हथियार सप्लाई नेटवर्क की भूमिका की पड़ताल हो रही है।

मुंबई / अमृतसर / सत्ता संदेश

अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में जांच के दौरान हथियारों की सप्लाई से जुड़ी नई जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल अमृतसर में पहले से तय एक जगह से हासिल की थी। हथियारों को एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कथित तौर पर ‘डेड लेटर बॉक्स’ तरीके का इस्तेमाल किया गया, जिसमें सामान को किसी निश्चित स्थान पर रख दिया जाता है और दूसरा व्यक्ति वहां से उसे उठा लेता है।

सूत्रों के अनुसार, कुणाल और सुमित नाम के दो आरोपी करीब दो सप्ताह पहले हथियार लेने अमृतसर गए थे। बताया जा रहा है कि अनिल पंडित ने एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिए कुणाल को हथियार रखे होने की जगह की जानकारी दी थी। जांचकर्ताओं के मुताबिक, हथियार रखने वाले व्यक्ति और उन्हें उठाने वाले आरोपियों के बीच सीधे संपर्क की जरूरत नहीं पड़ी।

हथियारों की सप्लाई के लिए दिए गए 70 से 80 हजार रुपये

सूत्रों के मुताबिक, अनिल पंडित ने कथित तौर पर इस काम के लिए आरोपियों को 70 से 80 हजार रुपये दिए थे। इसमें से लगभग 10 से 12 हजार रुपये बबीता और राधा नाम की दो महिलाओं को दिए जाने की बात सामने आई है। इन महिलाओं पर हथियारों को मुंबई पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपे जाने का आरोप है। इस मामले में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कुणाल इसी साल जुलाई में सोनीपत जेल से रिहा हुआ था। जेल से बाहर आने के बाद एक दोस्त के माध्यम से उसकी मुलाकात अनिल पंडित से हुई थी। इसके बाद दोनों कथित तौर पर एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए संपर्क में रहने लगे।

जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि करीब दो सप्ताह पहले कुणाल को अमृतसर से हथियार लेकर मुंबई पहुंचाने का काम सौंपा गया था। जांचकर्ताओं को शक है कि इस काम में कुणाल ने अपनी गर्लफ्रेंड राधा की मदद ली। बताया जा रहा है कि राधा और बबीता सोनीपत की एक फैक्ट्री में काम करती हैं और कुणाल की मुलाकात राधा से करीब दो महीने पहले हुई थी। हालांकि, इन सभी दावों की पुष्टि जांच एजेंसियों की आधिकारिक जानकारी से होना बाकी है।

18 अक्टूबर को जुहू में हुई थी फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना हुई थी। उस समय अभिनेता फुटबॉल क्लब से निकलकर अपने घर की ओर जा रहे थे। इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर को चोटें आई थीं।

मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। खबरों के मुताबिक, बुधवार को गिरफ्तार किए गए तीन मुख्य आरोपियों को राजस्थान के कोटा से मुंबई लाया गया। मेडिकल जांच के बाद उन्हें पूछताछ के लिए एंटी एक्सटॉर्शन सेल के कार्यालय ले जाया गया। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें अदालत में पेश किए जाने की जानकारी दी गई है।

इस मामले में अमृतसर से हथियारों की कथित सप्लाई, एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के इस्तेमाल और आरोपियों के बीच संपर्क की कड़ियों को जोड़ने पर जांच एजेंसियों का ध्यान है। जांच पूरी होने और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही पूरे नेटवर्क की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

PM Modi Mumbai Visit: कार्यक्रम स्थल से 2 संदिग्ध हिरासत में, फर्जी PMO ID और बंदूक मिलने का दावा

मुंबई / सत्ता संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे के बीच सुरक्षा एजेंसियों ने उनके कार्यक्रम स्थल से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मुख्य संदिग्ध की पहचान 24 वर्षीय रोहन पारेख के रूप में बताई जा रही है। आरोप है कि उसने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बताया था और उसके पास एक फर्जी ID कार्ड मिला। उसके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति ने खुद को उसका बॉडीगार्ड बताया। उसके पास कथित तौर पर एक बंदूक भी बरामद हुई है।

सुरक्षा जांच के दौरान दोनों की पहचान और दावों को लेकर संदेह पैदा हुआ, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच आगे की जांच कर रही है।

PM मोदी आज मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम करीब 5:45 बजे मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 के सातवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। यह सम्मेलन वित्तीय तकनीक यानी FinTech के क्षेत्र में दुनिया के प्रमुख वार्षिक आयोजनों में शामिल है।

ग्लोबल फिनटेक फेस्ट वर्ष 2020 से एक ऐसे वैश्विक मंच के रूप में विकसित हुआ है, जहां नीति-निर्माता, रेगुलेटर, केंद्रीय बैंक, वित्तीय संस्थान, फिनटेक और टेक्नोलॉजी कंपनियां, निवेशक, शिक्षाविद और अन्य वैश्विक हितधारक वित्तीय क्षेत्र के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हैं।

GFF 2026 में इन तकनीकों पर रहेगा फोकस

GFF 2026 का मुख्य उद्देश्य संभावनाओं को ठोस परिणामों में बदलना और डिजिटल पेमेंट तथा वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में भारत की भूमिका को और मजबूत करना है।

सम्मेलन में एजेंटिक AI, प्रोग्रामेबल फाइनेंशियल इंस्ट्रूमेंट्स, क्वांटम टेक्नोलॉजी समेत कई उभरती तकनीकों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही इस बात पर भी विचार किया जाएगा कि नई तकनीकों के जरिए नागरिकों, कारोबारों और वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं के लिए भरोसेमंद, समावेशी और बड़े स्तर पर लागू किए जा सकने वाले समाधान कैसे तैयार किए जा सकते हैं।

वडोदरा में पीएम मोदी ने WDFC के तीन सेक्शन किए राष्ट्र को समर्पित

मुंबई पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वडोदरा के एक कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के तीन प्रमुख सेक्शन देश को समर्पित किए।

ये तीनों सेक्शन करीब 326 किलोमीटर लंबे हैं और इन्हें 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। इनमें न्यू साणंद (नॉर्थ)-न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-न्यू JNPT सेक्शन शामिल हैं।

युवाओं से 25 मिनट संवाद, भ्रामक दावों से बचने की अपील

वडोदरा कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से करीब 25 मिनट संवाद भी किया। कार्यक्रम में लगभग 6 हजार युवाओं के शामिल होने की बात कही गई है।

प्रधानमंत्री ने युवाओं से झूठे दावों और भ्रामक बातों से सावधान रहने तथा तथ्यों की जांच करने की अपील की। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी मुंबई में आयोजित ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

फिलहाल मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों की कार्यक्रम स्थल तक पहुंच कैसे हुई और उनके द्वारा किए गए दावों की वास्तविकता क्या थी।

रोहित शेट्टी फायरिंग केस: 10 दिन पहले और रात के समय रेकी; पुलिस ने हमले की साज़िश सुलझाई

एंटरटेनमेंट डेस्क: फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच और पुणे पुलिस की जांच में बड़े खुलासे हुए हैं। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को हिरासत में लिया है, जो अहमदाबाद जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।

10 दिन पहले की थी रेकी: जांच में पता चला है कि हमलावरों ने फायरिंग से 10 दिन पहले रोहित शेट्टी के घर और पूरे जुहू इलाके की रेकी की थी। हमलावरों ने पहले से ही एक ऐसा रास्ता तय कर लिया था, जहां से फायरिंग के बाद भागना आसान हो। उन्होंने घटना के लिए रात का समय चुना ताकि ट्रैफिक न हो और पकड़े जाने का खतरा कम हो।

हमले का तरीका और नुकसान: CCTV फुटेज से पता चला है कि हमलावर ने एक पेड़ के पीछे छिपकर रोहित शेट्टी के घर की तीसरी मंजिल पर करीब 5 राउंड फायरिंग की। इस फायरिंग से एक खिड़की का शीशा टूटकर बिखर गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान: हिरासत में लिए गए पांच लोगों की पहचान अमन आनंद मारोटे, आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी, सिद्धार्थ दीपक येनपुरे, समर्थ शिवशरण पोमाजी और स्वप्निल बंडू सकट के तौर पर हुई है।

साजिश और मकसद पुलिस के मुताबिक, इस हमले में इस्तेमाल की गई स्कूटी पुणे से 30,000 रुपये में खरीदी गई थी, जिसका पेमेंट शुभम लोणकर ने किया था।

यह स्कूटी कई हाथों से होते हुए शूटर तक पहुंची थी। अब तक की जांच के मुताबिक, इस हमले का मुख्य मकसद इलाके में दहशत फैलाना और फिल्ममेकर से पैसे ऐंठना था। फिलहाल, रोहित शेट्टी के घर की सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है।