ब्रेकिंग न्यूज़
श्री अकाल तख्त साहिब से निकला विशाल नगर कीर्तन, संगत ने फूलों की वर्षा कर जताई श्रद्धा

श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश गुरुपर्व पर श्री अकाल तख्त साहिब से पांच प्यारों के नेतृत्व में विशाल नगर कीर्तन सजाया गया। संगत ने फूलों की वर्षा कर श्रद्धा व्यक्त की।

अमृतसर / सत्ता संदेश

चौथे पातशाह श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश गुरुपर्व के पावन अवसर पर श्री अमृतसर साहिब में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर सचखंड श्री हरमंदिर साहिब स्थित श्री अकाल तख्त साहिब से पांच प्यारों के नेतृत्व में और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन हजूरी में विशाल नगर कीर्तन सजाया गया। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में संगत ने शामिल होकर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

नगर कीर्तन के आरंभ के समय पूरा वातावरण गुरबाणी, सतनाम वाहेगुरु के जाप और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया। फूलों से सजी सुंदर पालकी साहिब के दर्शन के लिए संगत में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस दौरान पालकी साहिब पर फूलों की वर्षा कर संगत ने अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया।

श्री अकाल तख्त साहिब से आरंभ हुआ यह विशाल नगर कीर्तन श्री अमृतसर साहिब के विभिन्न बाजारों से होकर गुजरेगा और वापस श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचकर संपन्न होगा। रास्ते में संगत द्वारा नगर कीर्तन का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया।

श्री गुरु रामदास जी ने मानवता को सेवा, विनम्रता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उनका जीवन संगत और पंगत की परंपरा तथा मानव कल्याण की प्रेरणा देता है। प्रकाश गुरुपर्व के अवसर पर गुरु साहिब के दिखाए मार्ग पर चलने और मानवता की सेवा करने का संकल्प लिया जा रहा है।

इस पावन अवसर पर संगत द्वारा सरबत के भले, विश्व शांति और चढ़दी कला के लिए अरदास की जा रही है। गुरु साहिब के प्रकाश गुरुपर्व पर श्री अमृतसर साहिब में श्रद्धा और आध्यात्मिकता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *