ब्रेकिंग न्यूज़
POWERGRID अभिव्यक्ति 2026: पंचकूला में सांस्कृतिक समारोह, कैथल की टीम प्रथम

पंचकूला / सत्ता संदेश

पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (POWERGRID) के उत्तरी क्षेत्र-II की ओर से पंचकूला स्थित इंद्रधनुष सभागार में वार्षिक अंतरक्षेत्रीय सांस्कृतिक समारोह ‘अभिव्यक्ति 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तरी क्षेत्र-II के कार्यपालक निदेशक श्री तरुण बजाज ने किया। समारोह में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा से आए कलाकारों ने लोक नृत्य, नाटक और गीतों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में पावरग्रिड के कर्मचारियों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पारंपरिक हस्तशिल्प प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें कर्मचारियों और उनके परिवारों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों, शिल्प और फाइन आर्ट्स का प्रदर्शन किया गया।

लोक संस्कृति और सामाजिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समारोह में विभिन्न उपकेंद्रों और क्षेत्रीय कार्यालयों की टीमों ने ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। अमृतसर उपकेंद्र की टीम ने ‘जलियांवाला बाग हत्याकांड’, कैथल की टीम ने ‘किन्नर गाथा’ और चंडीगढ़ की टीम ने ‘शकुंतला और दुष्यंत की कथा’ प्रस्तुत की।

इसके अलावा जालंधर की टीम ने ‘सृष्टि की मर्यादा’, नालागढ़ की टीम ने ‘हिमालय देवभूमि-परंपरा, संस्कृति और संघर्ष’, मोगा की टीम ने ‘बारूद की राख से’ और मलेरकोटला की टीम ने ‘जल’ विषय पर प्रस्तुति दी। फतेहाबाद की टीम ने ‘म्हारा हरियाणा घणी शान से’, पंचकूला की टीम ने ‘अंधविश्वास की ज़ंजीरें’, सांबा की टीम ने ‘उड़ान’ और हमीरपुर की टीम ने ‘आज की द्रौपदी’ के माध्यम से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। जम्मू क्षेत्रीय मुख्यालय की टीम ने ‘शक्ति स्वरूपा-माँ वैष्णो देवी’ प्रस्तुत किया, जबकि अब्दुल्लापुर उपकेंद्र की प्रस्तुति ‘चीर से चिंगारी तक’ भी कार्यक्रम का हिस्सा रही।

कैथल की टीम प्रथम, मलेरकोटला को दूसरा स्थान

सांस्कृतिक प्रतियोगिता में कैथल की टीम ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि मलेरकोटला की टीम दूसरे स्थान पर रही। मोगा की टीम को तीसरा स्थान मिला और हमीरपुर की टीम को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

समारोह के समापन पर मुख्य अतिथि श्री तरुण बजाज ने विजेताओं और प्रतिभागियों को ट्रॉफियां एवं स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया। हस्तशिल्प प्रदर्शनी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कार दिए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत में उत्तरी क्षेत्र-II के मुख्य महाप्रबंधक (परिसंपत्ति प्रबंधन) श्री शफात अहमद वानी ने स्वागत भाषण दिया। वहीं, धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री आशुतोष के. शर्मा ने प्रस्तुत किया।

विद्युत पारेषण क्षेत्र में POWERGRID की अहम भूमिका

पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत एक महारत्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है। कंपनी अंतरराज्यीय विद्युत पारेषण के क्षेत्र में कार्य करती है। उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, POWERGRID के पास 1,87,576 सर्किट किलोमीटर से अधिक ट्रांसमिशन लाइनें, 293 सबस्टेशन और 6,49,116 एमवीए से अधिक ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता है।

कंपनी अत्याधुनिक तकनीक, स्वचालन और डिजिटल समाधानों के माध्यम से अपने ट्रांसमिशन नेटवर्क का संचालन करती है। POWERGRID का उत्तरी क्षेत्र-II नेटवर्क पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा के कुछ हिस्सों तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर तक फैला हुआ है।

‘अभिव्यक्ति 2026’ के माध्यम से कर्मचारियों और उनके परिवारों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक परंपराओं को साझा करने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *