ब्रेकिंग न्यूज़
Delhi : गृहमंत्री अमित शाह ने साकेत में मैक्स स्मार्ट सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के भवन का किया उद्घाटन

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज दिल्ली के साकेत में मैक्स स्मार्ट सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के नए भवन का उद्घाटन किया।

गृह मंत्री ने X पर एक पोस्ट में कहा, “दिल्ली के साकेत में मैक्स स्मार्ट सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के नए भवन का उद्घाटन किया। यह नई सुविधा हॉस्पिटल चेन द्वारा जनसेवा के 25 साल की यात्रा में एक और अहम पड़ाव है; इस चेन ने अकेले पिछले साल ही 3.60 लाख लोगों को ₹244 करोड़ की अत्याधुनिक मुफ़्त मेडिकल सुविधाएँ दी हैं। इस नई सुविधा से ऐसी सेवाएँ और बढ़ेंगी, जिससे और अधिक लोगों को लाभ होगा।”   

जेएनवी लुधियाना में मॉडल युवा ग्राम सभा का आयोजन, विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझा

लुधियाना / सत्ता संदेश

लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक जागरूकता और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, लुधियाना में मॉडल युवा ग्राम सभा (Model Youth Gram Sabha) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ग्राम सभा की कार्यप्रणाली, स्थानीय स्वशासन और लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई।

मॉडल युवा ग्राम सभा के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि ग्रामीण स्तर पर लोकतांत्रिक संस्थाएं किस प्रकार काम करती हैं और स्थानीय समस्याओं के समाधान में ग्राम सभा की क्या भूमिका होती है। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने समुदाय और विद्यालयी जीवन से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा सुझावों को सामने रखा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने चर्चा, संवाद और निर्णय लेने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की। इससे उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय उसे व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिला।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संचार, निर्णय लेने की क्षमता और समस्या-समाधान कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। साथ ही, विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने के महत्व का भी एहसास हुआ।

मॉडल युवा ग्राम सभा में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को सार्थक बनाया। विद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, लुधियाना की ओर से विद्यार्थियों को लगातार ऐसी अनुभवात्मक-अधिगम गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिनके माध्यम से कक्षा में प्राप्त ज्ञान को सामाजिक और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों से जोड़ा जा सके।

मॉडल युवा ग्राम सभा जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य के जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिक के रूप में तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहे हैं।

गांवों के विकास के लिए पंचायतों को मजबूत करना जरूरी: हरदीप सिंह मुंडियन

लुधियाना / सत्ता संदेश

पंजाब के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन, जल आपूर्ति एवं सैनिटेशन तथा हाउसिंग एवं अर्बन डेवलपमेंट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियन ने कहा है कि गांवों के समग्र विकास के लिए ग्राम पंचायतों को मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने सरपंचों से पंचायतों को अधिक सक्षम बनाने और गांवों में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुंडियन आज लुधियाना के गुरु नानक देव भवन के ऑडिटोरियम में पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों (सरपंचों) के लिए आयोजित जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। कार्यशाला का उद्देश्य सरपंचों को ओन सोर्स रेवेन्यू (ORS) और ग्राम पंचायत डेवलपमेंट स्कीम सहित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं के बारे में व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध करवाना था।

कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियन ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं सरपंचों को सरकारी योजनाओं, उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया और पंचायतों की जिम्मेदारियों को समझने में मदद करती हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को योजनाओं की सही जानकारी होने से वे अपने गांव की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि कार्यशाला के दौरान सरपंचों को पंचायतों के अपने स्रोत से आय बढ़ाने, ओन सोर्स रेवेन्यू के विभिन्न माध्यमों और पंचायतों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मुंडियन के अनुसार पंचायतों की अपनी आय में बढ़ोतरी होने से विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध हो सकते हैं और गांवों में विकास को और गति दी जा सकती है।

कार्यशाला में ग्राम पंचायत डेवलपमेंट स्कीम से संबंधित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं के उद्देश्य, लाभार्थियों, पात्रता, योजनाओं को लागू करने की प्रक्रिया और ग्राम पंचायत स्तर पर निर्वाचित प्रतिनिधियों की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।

संबंधित विभागों के विशेषज्ञों और नोडल अधिकारियों ने विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं पर विशेष जानकारी साझा की। इस दौरान सरपंचों की ओर से पूछे गए सवालों के जवाब भी दिए गए और योजनाओं के व्यावहारिक पहलुओं को समझाया गया।

मंत्री हरदीप सिंह मुंडियन ने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य गांवों को मजबूत, आत्मनिर्भर और विकास की दृष्टि से आगे बढ़ाना है। इसके लिए ग्राम पंचायतों और निर्वाचित प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सरपंचों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने और गांवों के विकास कार्यों में तेजी लाने की अपील की।

इस अवसर पर विधायक जीवन सिंह संगोवाल, विधायक हाकम सिंह ठेकेदार, विधायक जगतार सिंह दयालपुरा, लुधियाना जिला परिषद के चेयरमैन जगरूप सिंह सेह, लुधियाना के डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट एंड पंचायत ऑफिसर (DDPO) हितेन कपिला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में सरपंच मौजूद रहे।

गुरु नानक स्टेडियम में स्पोर्ट्स सिलेक्शन ट्रायल, 250 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

पंजाब सरकार के स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट की ओर से पंजाब यूनिवर्सिटी के तहत आने वाले कॉलेजों के विभिन्न खेलों के लिए गुरु नानक स्टेडियम, लुधियाना में स्पोर्ट्स सिलेक्शन ट्रायल करवाए गए। इन ट्रायल में करीब 250 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स ऑफिसर लुधियाना मंदीप कौशल ने बताया कि सिलेक्शन ट्रायल के दौरान आर्चरी, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, साइकिलिंग, फुटबॉल, हॉकी, हैंडबॉल, जूडो, खो-खो, शूटिंग, स्विमिंग, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग और रेसलिंग सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों का चयन किया गया।

उन्होंने बताया कि इन खेलों के लिए बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने ट्रायल में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, एथलेटिक्स और कबड्डी (नेशनल स्टाइल) के लिए सिलेक्शन ट्रायल 4 सितंबर 2026 को आयोजित किए जाएंगे।

डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स ऑफिसर मंदीप कौशल ने बताया कि स्पोर्ट्स विंग स्कीम के तहत चयनित खिलाड़ियों और एथलीट्स को खेलों से जुड़ा सामान, प्रशिक्षण और भोजन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। रेजिडेंशियल खिलाड़ियों के लिए 225 रुपये प्रति खिलाड़ी प्रतिदिन और डे-स्कॉलर खिलाड़ियों के लिए 125 रुपये प्रति खिलाड़ी प्रतिदिन के हिसाब से सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके अलावा खिलाड़ियों को रिफ्रेशमेंट भी दिया जाएगा।

सिलेक्शन ट्रायल के दौरान पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ के स्पोर्ट्स डायरेक्टर राकेश मलिक भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।

खेल विभाग की इस पहल से कॉलेज स्तर के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलने की उम्मीद है, जिससे वे आगे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

RBI Chandigarh NAMCABS Workshop: कुरुक्षेत्र में 80 बैंकर्स ने लिया हिस्सा

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), चंडीगढ़ की ओर से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) के लिए बैंकर्स की वित्तपोषण क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से कुरुक्षेत्र में दो दिवसीय NAMCABS कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला 2 और 3 सितंबर 2026 को आयोजित हुई, जिसमें हरियाणा के अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल और यमुनानगर जिलों के 21 अलग-अलग बैंकों के करीब 80 बैंकर्स ने हिस्सा लिया।

कार्यशाला का उद्घाटन RBI चंडीगढ़ के जनरल मैनेजर एवं ऑफिसर-इन-चार्ज श्री पंकज सेतिया ने किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रमुख बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें पंजाब नेशनल बैंक के CGM श्री आशीष कुमार चतुर्वेदी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के GM श्री बिनोद कुमार सिन्हा, HDFC बैंक के जोनल हेड श्री धीरज सेठी और हरियाणा ग्रामीण बैंक के GM श्री वेद प्रकाश शामिल रहे।

अपने संबोधन में पंकज सेतिया ने कहा कि देश में MSME क्षेत्र की वृद्धि और रोजगार सृजन में बैंकों तथा वित्तीय संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि NAMCABS कार्यशाला बैंकर्स को MSME वित्तपोषण से जुड़े बेहतर तरीकों, नीतिगत दिशा-निर्देशों और नए वित्तीय दृष्टिकोणों की जानकारी अपडेट करने का अवसर प्रदान करती है।

उन्होंने बैंकर्स से MSME इकाइयों के प्रति अधिक संवेदनशील और उद्यमी-अनुकूल दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में स्थानीय विनिर्माण को मजबूत करना बेहद जरूरी है और यह वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में RBI, SIDBI, MSME-DFO और TransUnion CIBIL के विषय विशेषज्ञों के साथ-साथ वाणिज्यिक बैंकों के अनुभवी फैकल्टी सदस्यों ने भाग लिया।

तकनीकी सत्रों में MSME लोन आकलन, जोखिम प्रबंधन, फिनटेक समाधान और नियामकीय बदलावों से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैंकर्स को MSME क्षेत्र की जरूरतों को समझने और पात्र एवं व्यवहार्य उद्यमों तक वित्तीय सहायता को अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए जरूरी जानकारी और व्यावहारिक दृष्टिकोण उपलब्ध कराया गया।

कार्यशाला में शामिल बैंकर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और RBI की इस पहल की सराहना की। प्रतिभागियों ने कहा कि कार्यशाला के दौरान प्राप्त जानकारी उन्हें जमीनी स्तर पर लाभक्षम MSME इकाइयों को बेहतर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में मदद करेगी।

RBI की यह NAMCABS कार्यशाला उद्यमिता को बढ़ावा देने, MSME इकाइयों की औपचारिक वित्त तक पहुंच बढ़ाने और इस क्षेत्र की सतत वृद्धि को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है। कार्यशाला के माध्यम से बैंकर्स को MSME क्षेत्र की बदलती जरूरतों के अनुरूप वित्तीय समाधान उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यावहारिक ज्ञान और उपकरण प्रदान किए गए।


Chandigarh VBYLD 2026: युवाओं को प्रधानमंत्री मोदी के सामने विज़न रखने का मौका, जानें पात्रता और आवेदन प्रक्रिया

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

चंडीगढ़ के युवाओं के लिए अपने विचारों और नवाचार को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। मेरा युवा भारत (MY Bharat), चंडीगढ़ की ओर से युवाओं को ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ (VBYLD) में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस पहल के माध्यम से चयनित युवाओं को विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपने विज़न और कार्ययोजना को सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम को लेकर जिला युवा अधिकारी विनय कुमार ने युवाओं को प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया और ‘विकसित भारत क्विज़’ (Viksit Bharat Quiz) के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्विज़ इस राष्ट्रीय संवाद प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी का पहला चरण है और पात्र युवाओं को इसमें अधिक से अधिक संख्या में हिस्सा लेना चाहिए।

क्विज़ से शुरू होगी चयन प्रक्रिया

VBYLD की चयन प्रक्रिया की शुरुआत MY Bharat पोर्टल पर आयोजित विकसित भारत क्विज़ से होगी। क्विज़ में सफल प्रतिभागियों को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल होने का मौका मिलेगा। इसके बाद प्रतिभागियों को निबंध लेखन और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं जैसे विभिन्न चरणों से गुजरना होगा।

इन चरणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के मंच तक पहुंचने का अवसर मिलेगा, जहां वे विकसित भारत को लेकर अपने विचार और योजनाएं प्रस्तुत कर सकेंगे।

इन विषयों पर रख सकते हैं अपना विज़न

‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के तहत युवाओं को देश के भविष्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। इनमें तकनीक, सतत विकास, सुशासन, महिला नेतृत्व विकास और उद्यमिता जैसे विषय प्रमुख हैं।

इस पहल का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और नए विचारों को सामने लाना तथा उन्हें देश के विकास से जोड़ना है।

15 से 29 वर्ष के युवा ले सकते हैं हिस्सा

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी MY Bharat के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं और विकसित भारत क्विज़ में हिस्सा ले सकते हैं।

युवाओं के लिए यह पहल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि चयन के अंतिम चरण तक पहुंचने वाले प्रतिभागियों को देश के प्रधानमंत्री के सामने अपने विचार और कार्ययोजना प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

कैसे करें आवेदन:
इच्छुक युवा MY Bharat पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं और ‘विकसित भारत क्विज़’ में भाग ले सकते हैं।

वेबसाइट: mybharat.gov.in

UIDAI OVSE Framework: MDU रोहतक और PSEB ने शुरू की डिजिटल पहचान सत्यापन पहल

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने सुरक्षित, सहमति-आधारित और कागजरहित डिजिटल पहचान सत्यापन को बढ़ावा देने के लिए ऑफलाइन वेरिफिकेशन सीकिंग एंटिटी (OVSE) फ्रेमवर्क को आगे बढ़ाया है। इस व्यवस्था के तहत पात्र संस्थाएं UIDAI के केंद्रीय पहचान डेटा भंडार (CIDR) तक सीधे पहुंच के बिना सुरक्षित माध्यमों से आधार से संबंधित पहचान और प्रमाण-पत्रों का सत्यापन कर सकती हैं।

OVSE फ्रेमवर्क का उद्देश्य पहचान सत्यापन की प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और गोपनीयता-केंद्रित बनाना है। इसके तहत आधार संख्या धारक की सहमति से उसके द्वारा साझा किए गए आधार वेरिफायबल क्रेडेंशियल्स की प्रामाणिकता की जांच की जा सकती है। जरूरत के अनुसार पूरी जानकारी या केवल आवश्यक चुनिंदा क्रेडेंशियल्स साझा किए जा सकते हैं।

कागजरहित सत्यापन से कम होगी दस्तावेजों पर निर्भरता

UIDAI के OVSE फ्रेमवर्क से संस्थाओं और नागरिकों दोनों को कई फायदे मिलने की उम्मीद है। इसके माध्यम से पहचान सत्यापन की प्रक्रिया कागजरहित और संपर्करहित बनाई जा सकती है। इससे भौतिक दस्तावेजों और उनकी फोटोकॉपी जमा करने की जरूरत कम होगी।

इसके अलावा मैनुअल डेटा एंट्री से होने वाली गलतियों में कमी, सत्यापन प्रक्रिया में लगने वाले समय में बचत और संस्थागत स्तर पर परिचालन दक्षता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

यह फ्रेमवर्क डिजिटल रूप से सत्यापित किए जा सकने वाले क्रेडेंशियल्स और आधार ऐप के साथ एकीकरण की सुविधा भी प्रदान करता है। लागू उपयोग और अनुमत प्रक्रियाओं के आधार पर ऑफलाइन फेस वेरिफिकेशन के माध्यम से उपस्थिति के प्रमाण और सत्यापन परिणाम को बनाए रखने की सुविधा भी उपलब्ध हो सकती है।

सरकारी विभागों से निजी संस्थाओं तक हो सकता है उपयोग

OVSE फ्रेमवर्क उन संस्थाओं के लिए उपयोगी हो सकता है जिन्हें नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, लाभार्थियों, ग्राहकों या अन्य पात्र व्यक्तियों को सेवाएं देने के दौरान पहचान सत्यापन की आवश्यकता होती है।

UIDAI की लागू आवश्यकताओं को पूरा करने वाली केंद्र और राज्य सरकारों के विभाग एवं मंत्रालय, सरकारी संगठन, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSU), वैधानिक एवं स्वायत्त निकाय, शैक्षणिक संस्थान, पंजीकृत सोसायटी, निजी कंपनियां, पंजीकृत फर्म और अन्य पात्र संगठन OVSE के रूप में ऑनबोर्ड हो सकते हैं।

शिक्षा क्षेत्र में बढ़ रहा OVSE का इस्तेमाल

शिक्षा क्षेत्र में डिजिटल पहचान सत्यापन की जरूरत विद्यार्थियों के पूरे शैक्षणिक जीवनचक्र में होती है। पंजीकरण, प्रवेश, परीक्षा, विद्यार्थी सत्यापन और शैक्षणिक दस्तावेजों एवं प्रमाण-पत्रों के निर्गमन जैसी प्रक्रियाओं में पहचान की पुष्टि महत्वपूर्ण होती है।

इसी दिशा में महार्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU), रोहतक UIDAI के साथ OVSE के रूप में ऑनबोर्ड हुआ है। MDU को OVSE के रूप में ऑनबोर्ड होने वाला भारत का पहला विश्वविद्यालय बताया गया है।

इस व्यवस्था के माध्यम से विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के पंजीकरण, प्रवेश, परीक्षा और अन्य संबंधित प्रक्रियाओं में डिजिटल पहचान सत्यापन के लिए OVSE फ्रेमवर्क का इस्तेमाल कर सकेगा। इससे विश्वविद्यालय में पहचान सत्यापन की प्रक्रिया को अधिक डिजिटल, कागजरहित और कुशल बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

PSEB बना OVSE से जुड़ने वाला पहला शिक्षा बोर्ड

शिक्षा क्षेत्र में दूसरी महत्वपूर्ण पहल पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) की है। PSEB UIDAI के साथ OVSE के रूप में ऑनबोर्ड होने वाला भारत का पहला शिक्षा बोर्ड बन गया है।

इस सुविधा का उद्देश्य पात्र लोगों को शिक्षा बोर्ड से जुड़ी ऑनलाइन और सिंगल-विंडो नागरिक सेवाओं का इस्तेमाल करते समय सुरक्षित पहचान सत्यापन की सुविधा देना है।

सेवा की जरूरत के अनुसार PSEB की OVSE सुविधा के माध्यम से विद्यार्थियों, अभिभावकों, संरक्षकों, शिक्षकों, विद्यालय प्रतिनिधियों और अन्य पात्र हितधारकों की पहचान सत्यापित की जा सकती है। इससे ऑनलाइन सेवाओं तक सुरक्षित और सुविधाजनक पहुंच बनाने तथा बार-बार भौतिक पहचान दस्तावेज जमा करने और उनके मैनुअल सत्यापन की आवश्यकता को कम करने में मदद मिल सकती है।

डिजिटल शिक्षा सेवाओं को मिलेगी नई दिशा

MDU रोहतक और पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड का OVSE के रूप में ऑनबोर्ड होना शिक्षा क्षेत्र में डिजिटल पहचान सत्यापन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और अन्य हितधारकों के लिए शिक्षा संबंधी सेवाओं को अधिक सहज और डिजिटल बनाने की संभावनाएं बढ़ी हैं।

UIDAI का क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ अपने अधिकार क्षेत्र में आधार-सक्षम समाधानों के प्रति जागरूकता और उनके उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य पात्र संगठनों के साथ काम कर रहा है।

MDU और PSEB की पहल से अन्य शैक्षणिक संस्थानों एवं संगठनों को भी अपनी सेवाओं में उपयुक्त OVSE आधारित डिजिटल पहचान सत्यापन को अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

नाभा: अकाली दल ने खोला नया ऑफिस, लालका ने AAP सरकार पर साधा निशाना

नाभा / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : चेतन मेहता

नाभा विधानसभा क्षेत्र में शिरोमणि अकाली दल ने अपनी चुनावी गतिविधियों को तेज करते हुए बोड़ा गेट पर नया पार्टी कार्यालय खोला। कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर सुखमणि साहिब का पाठ करवाया गया, जिसमें अकाली दल के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, सरपंचों, पंचों और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

इस मौके पर अकाली दल के वरिष्ठ नेता गुरप्रीत सिंह राजू खन्ना, अमृत पाल सिंह राठी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यालय के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए नाभा विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी मक्खन सिंह लालका ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाने और हलके के लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए बोड़ा गेट पर अकाली दल का कार्यालय खोला गया है। उन्होंने कहा कि हलके के लोग अपनी समस्याओं को लेकर यहां संपर्क कर सकते हैं और वह हमेशा उनकी सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगे।

लालका ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर से जुड़े कथित पांच करोड़ रुपये के मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की महिलाओं को एक हजार रुपये देने की बात की जा रही है, जबकि दूसरी तरफ पांच करोड़ रुपये के लेन-देन के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने इसे पंजाब को लूटने का आरोप लगाते हुए सरकार पर हमला बोला।

Machhiwara : गांव इराक में आवारा कुत्तों का आतंक, 5 लोगों को काटा; 2 चंडीगढ़ रेफर

माछीवाड़ा / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : जसबीर सिंह अलबेला

माछीवाड़ा इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को नजदीकी गांव इराक में खूंखार आवारा कुत्तों ने एक ही दिन में पांच लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में एक 3 वर्षीय मासूम बच्चा और उसकी मां भी शामिल हैं। गंभीर हालत के चलते दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

माछीवाड़ा अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे 3 वर्षीय अमन और उसकी मां ममता ने बताया कि बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के सिर और शरीर पर बुरी तरह हमला कर उसे घायल कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां बाहर आई और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ते ने मां पर भी हमला कर दिया।

मां-बेटे को इलाज के लिए माछीवाड़ा अस्पताल लाया गया। इसी दौरान गांव की एक अन्य युवती हिना भी कुत्ते के काटने से घायल होकर अस्पताल पहुंची।

अस्पताल में एक दिन में पहुंचे 5 मामले

माछीवाड़ा अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स हरमिंदर कौर ने बताया कि बुधवार सुबह से ही गांव इराक से कुत्ते के काटने के पांच मामले अस्पताल में सामने आए। इनमें 15 वर्षीय नैन कुमार और 35 वर्षीय अभय कुमार भी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि पांच घायलों में से दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की

जानकारी के अनुसार, गांव इराक में इसी दिन कई अन्य लोगों को भी आवारा कुत्तों ने काटा, लेकिन उन्होंने निजी अस्पतालों में इलाज करवाया और बाद में घर लौट गए।

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में घूम रहे कई आवारा कुत्ते हिंसक हो चुके हैं और लगातार लोगों पर हमला कर रहे हैं। इससे गांव में बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हिंसक और आवारा कुत्तों को जल्द काबू करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा जानी नुकसान हो सकता है।

Jandiala Guru : गुनोवाल में रिश्ते को लेकर विवाद, पथराव और कार में तोड़फोड़ के आरोप

अमृतसर / सत्ता संदेश

जंडियाला गुरु के गांव गुनोवाल में रिश्ते को लेकर शुरू हुई बातचीत उस समय विवाद में बदल गई, जब दो पक्षों के बीच कथित तौर पर हिंसक झड़प हो गई। घटना के दौरान ईंट-पत्थर चलने, स्विफ्ट कार में तोड़फोड़ और घरों पर पथराव के आरोप लगाए गए हैं। परिवारों का दावा है कि घटना से जुड़े कुछ दृश्य CCTV कैमरों में भी रिकॉर्ड हुए हैं।

एक पक्ष की राजविंदर कौर के मुताबिक, विवाद की शुरुआत शादी और रिश्ते से जुड़े मामले को लेकर हुई थी। उनका कहना है कि कुछ महिलाओं के बीच बातचीत के बाद मामला सुलझ गया था और वे अपने घर लौट आए थे। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से कई युवकों को इकट्ठा कर उनके घर के बाहर हंगामा किया गया।

राजविंदर कौर ने दावा किया कि करीब 40 से 50 युवक मौके पर पहुंचे, जिनमें कुछ स्कूली बच्चे भी शामिल थे। उनके अनुसार, इस दौरान घर पर ईंटें फेंकी गईं और स्विफ्ट कार को भी नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ईंट लगने से उनके पिता की नाक पर चोट आई। परिवार ने पुलिस और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, नुकसान की भरपाई और न्याय की मांग की है।

दूसरे पक्ष ने आरोपों को बताया गलत

दूसरी ओर, निधि ने इन आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि विवाद की असल वजह रिश्ते से जुड़ा मामला था। उनके मुताबिक, वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थीं और इसी मुद्दे पर बातचीत करने गई थीं। उनका दावा है कि पहले परिवार के एक सदस्य के साथ विवाद हुआ और बाद में युवकों के बीच बहस बढ़ गई।

मनप्रीत कौर ने भी दूसरे पक्ष के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वह केवल रिश्ते के बारे में बातचीत करने गई थीं, लेकिन वहां विवाद बढ़ गया। उन्होंने दावा किया कि उनका बेटा भी इस घटना में घायल हुआ है और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

112 पर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस

घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। 112 नंबर पर सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की है और घायलों के इलाज की प्रक्रिया भी करवाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच आपसी रंजिश, रिश्ते से जुड़े विवाद और घटना के अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है।

फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद के दौरान वास्तव में क्या हुआ और हिंसा के लिए कौन जिम्मेदार था। गांववासियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है।