महाशिवरात्रि 2026: कब और कैसे खोलें व्रत? जानें पारण का सबसे सटीक समय और जरूरी नियम
धर्म डेस्क: महाशिवरात्रि के पर्व पर जितना महत्व व्रत रखने का है, उतना ही महत्व ‘पारण’ यानी व्रत खोलने का भी माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार, यदि व्रत का पारण सही समय और विधि से न किया जाए, तो की गई साधना का पूर्ण फल प्राप्त नहीं होता है।
वर्ष 2026 में पारण का शुभ मुहूर्त : साल 2026 में फाल्गुन मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि 15 फरवरी को शाम 05:04 बजे से शुरू होगी और 16 फरवरी को शाम 05:34 बजे समाप्त होगी। इस अनुसार, व्रत पारण का सबसे शुभ और सटीक समय 16 फरवरी 2026 को सुबह 06:59 बजे से दोपहर 03:24 बजे तक रहेगा। विद्वानों के अनुसार, सूर्योदय के बाद और चतुर्दशी तिथि के भीतर ही पारण करना कल्याणकारी होता है।
पारण से पहले करें ये काम : व्रत खोलने से पहले सुबह स्नान के बाद भगवान शिव की संपूर्ण पूजा करें और शिवलिंग पर जल अर्पित करें। पारण से पूर्व अपनी सामर्थ्य के अनुसार किसी जरूरतमंद व्यक्ति या ब्राह्मण को अनाज, फल या वस्त्र दान करना बहुत शुभ माना जाता है, क्योंकि दान से ही व्रत की पूर्णता होती है।
कैसा हो पारण का भोजन? व्रत का पारण हमेशा सात्विक भोजन से ही करना चाहिए। पारण की शुरुआत जल, फल या हल्के भोजन जैसे चावल और मूंग की दाल से करना सबसे अच्छा रहता है। इस दौरान अधिक तला-भुना या भारी भोजन करने से बचें और भोजन में लहसुन-प्याज का प्रयोग बिल्कुल न करें। भोजन ग्रहण करने से पहले “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप करना शुभ फलदायी रहता है।

