ब्रेकिंग न्यूज़
पंजाब कैबिनेट का बड़ा फैसला: ‘मेरी रसोई’ योजना का आगाज़, 40 लाख परिवारों को मिलेगा मुफ्त राशन

पंजाब डेस्क : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य कैबिनेट की बैठक के बाद ‘मेरी रसोई’ (Meri Rasoi) योजना की शुरुआत करने का बड़ा ऐलान किया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रदेश के लगभग 40 लाख परिवारों को राशन की फूड किट दी जाएगी।

योजना की मुख्य बातें:किसे मिलेगा लाभ: यह योजना विशेष रूप से नीले कार्ड धारकों के लिए है।

क्या होगा किट में: प्रत्येक फूड किट में 2 किलो माह-छोले की दाल, 2 किलो चीनी, 1 किलो नमक, 2 किलो हल्दी पाउडर और 1 लीटर सरसों का तेल शामिल होगा।

राशन का वितरण: इस योजना के तहत लाभार्थियों को तीन महीने का राशन एक साथ दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पुरानी गेहूं वितरण योजना भी इसके साथ जारी रहेगी।

बजट सत्र और महिलाओं के लिए खास तोहफा: कैबिनेट ने आगामी बजट सत्र की तारीखों पर भी मुहर लगा दी है। पंजाब का बजट सत्र 6 मार्च से 16 मार्च तक चलेगा। ऐतिहासिक रूप से पहली बार, 8 मार्च (रविवार) को बजट पेश किया जाएगा। इसी दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं को 1,000 रुपये देने की घोषणा की है, जिसका औपचारिक ऐलान बजट के दौरान किया जाएगा।

अन्य महत्वपूर्ण बिंदु: मुख्यमंत्री मान ने गुरदासपुर मामले का जिक्र करते हुए कहा कि यह अभी जांच का विषय है और पंजाब सरकार इसमें पूरा सहयोग करेगी। आगामी बजट को पूरी तरह से ‘लोक भलाई’ (Public Welfare) पर केंद्रित बताया गया है।

प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ (यूटी) के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार भेंट की

प्रतिनिधिमंडल ने चंड़ीगढ़, पंजाब एवम हरियाणा में केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनओं की प्रगति का किया अवलोकन
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), जयपुर द्वारा राजस्थान राज्य के वरिष्ठ संपादकों एवं रिपोर्टरों के पत्रकार दल ने इस दौरे के दौरान पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ (यूटी) के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रेस दौरे के उद्देश्य के बारे में विस्तार से चर्चा की गई।

प्रेस दौरे के अंतिम दिन दल ने चंड़ीगढ़ परिवहन विभाग में PM e-Bus Sewa योजना के बारे में जानकारी प्राप्त की।इस अवसर पर परिवहन विभाग के चीफ आप्रेशनल मैनेजर श्री यशजीत गुप्ता ने बताया कि भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा PM e-Bus Sewa योजना के अंतर्गत चंडीगढ़ शहर के लिए कुल 428 बसों को स्वीकृति प्रदान की गई। वर्तमान में शहर में 80 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही थीं। 25 नई बसों के शामिल होने से यह संख्या बढ़कर 105 हो गई है।

उन्होंने ने बताया कि नई शामिल की गई 12 मीटर लंबी लो-फ्लोर, वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें एक बार चार्ज होने पर लगभग 224 किलोमीटर तक चलने में सक्षम हैं। इनमें 400 मिमी लो-फ्लोर सुविधा, दिव्यांगजन यात्रियों के लिए पावर ऑपरेटेड रैंप एवं अन्य अत्यआधुनिक सुविधा, 36 यात्रियों के बैठने तथा 20 यात्रियों के खड़े होने की क्षमता, व्हीलचेयर के लिए विशेष स्थान, एयर सस्पेंशन, फ्रंट डिस्क ब्रेक, यात्री सूचना डिस्प्ले तथा वॉयस-आधारित अगला स्टॉप घोषणा प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा एवं निगरानी की दृष्टि से बसों में सीसीटीवी कैमरे (यात्री क्षेत्र, चालक व्यवहार, रिवर्स एवं डैशबोर्ड दृश्य सहित), AIS-140 मानक के अनुरूप जीपीएस डिवाइस, स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के कमांड कंट्रोल सेंटर से जुड़े पैनिक बटन तथा यात्रियों की सुविधा हेतु स्टॉप रिक्वेस्ट बटन लगाए गए हैं। श्री गुप्ता ने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन वर्ष 2027-28 तक ट्राईसिटी क्षेत्र में संचालित सभी डीजल बसों को इलेक्ट्रिक बसों से प्रतिस्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके अतिरिक्त 70 और बसें बेड़े में शामिल की जाएंगी। इस प्रकार कुल इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 508 तक पहुंच जाएगी, जिससे कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आएगी, शहरी परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार होगा। चंडीगढ़ सिटी बस सर्विसेज सोसाइटी (CCBSS), चंड़ीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) के अंतर्गत, भारत सरकार की पीएम ई-बस सेवा ( PM e-Bus Sewa) पहल के तहत इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कर रही है। इन बसों का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 14 फरवरी, 2026 को किया गया, जिसके साथ शहर में पहले चरण की इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत हुई।

श्री गुप्ता ने बताया कि फ्लीट अवलोकन के अंतर्गत वर्तमान में 25 इलेक्ट्रिक बसें चंडीगढ़ में शामिल की गई हैं। शेष 100 बसें वर्ष 2026 के दौरान चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएंगी। बसें भारत में डिज़ाइन एवं निर्मित हैं। इंट्रा-सिटी (शहरी) सार्वजनिक परिवहन के लिए कॉन्फ़िगर की गईं। उन्होंने बताया कि चार्जिंग एवं अवसंरचना — डिपो आधारित CCS2 फास्ट चार्जिंग सिस्टम स्थापित किया गया है। रात्रिकालीन निर्धारित चार्जिंग व्यवस्था, लगभग 2–3 घंटे में पूर्ण चार्ज (बैटरी स्थिति पर निर्भर), स्मार्ट लोड मैनेजमेंट प्रणाली से बिजली मांग के अनुकूलन के अलावा, अर्थिंग, अग्नि सुरक्षा एवं विद्युत सुरक्षा मानकों का अनुपालन किया गया है। स्थानीय प्राधिकरणों के साथ समन्वित विद्युत लोड योजना के अलावा सुरक्षा एवं यात्री सुविधाएं लो-फ्लोर प्रवेश व सुगम चढ़ने-उतरने की सुविधा एवम् सीसीटीवी कैमरा एवं आंतरिक निगरानी प्रणाली से लैस है।

उन्होंने बताया कि यात्री सूचना डिस्प्ले सिस्टम, आपातकालीन स्टॉप व सुरक्षा अनुपालन सुविधाएं, रखरखाव एवं सेवा समर्थन उच्च परिचालन उपलब्धता लक्ष्य, रिमोट डायग्नोस्टिक्स आधारित प्रिवेंटिव व प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस, बैटरी स्वास्थ्य निगरानी व थर्मल मैनेजमेंट सिस्टम, डिपो पर समर्पित सेवा इंजीनियर व तकनीकी दल, स्पेयर पार्ट्स सपोर्ट व त्वरित सेवा प्रोटोकॉल के अलावा अन्य यह अत्यआधुनिक सेवाओं से लैस है। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने इंटैलीजैँट ट्रांसपोर्ट सिसटम के कंट्रोल रूम का भी दौरा किया। इस कंट्रोल रूम से सिटी बस सेवा की विभिन्न गतीविधियों की आनलाईन निगरानी सिस्टम का अवलोकन किया एवम जानकारी ली।यह बसें वातावरण अनुकूल है जो प्रदूषण नहीं करती हैं। जिस से शहरी क्षेत्रों में ध्वनि प्रदूषण में कमी के अलावा स्वच्छ, हरित एवं टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। चंडीगढ़ प्रेस दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ प्रेस क्लब का दौरा किया। इस दौरान विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकारों से विचार-विमर्श किया।

रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने कंफर्म की शादी: फैंस को दिया ‘VIROSH’ वेडिंग का तोहफा

मनोरंजन डेस्क : लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए साउथ सिनेमा के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने आखिरकार अपनी शादी की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। कपल ने एक साझा नोट जारी कर न केवल अपने रिश्ते को स्वीकार किया, बल्कि अपनी शादी को एक खास नाम भी दिया है।

क्यों रखा गया ‘VIROSH’ नाम? रश्मिका और विजय ने अपनी शादी को ‘द वेडिंग ऑफ VIROSH’ (The Wedding of VIROSH) नाम दिया है। कपल ने बताया कि यह नाम किसी वेडिंग प्लानर या पारिवारिक परंपरा की देन नहीं है, बल्कि उनके फैंस ने सालों पहले उन्हें प्यार से यह नाम दिया था। उन्होंने कहा कि यह नाम प्यार और भावना का प्रतीक बन चुका है, इसलिए उन्होंने अपनी इस नई शुरुआत को फैंस के नाम समर्पित किया है।

——उदयपुर में शादी और हैदराबाद में होगा ग्रैंड रिसेप्शन—-

शादी की तारीख: रश्मिका और विजय 26 फरवरी को सात फेरे लेंगे।

वेन्यू: शादी का कार्यक्रम राजस्थान के उदयपुर में एक प्राइवेट सेरेमनी के रूप में आयोजित किया जाएगा।

रिसेप्शन: शादी के बाद 4 मार्च को हैदराबाद में एक भव्य रिसेप्शन दिया जाएगा, जिसमें फिल्म जगत की बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।

8 साल का सफर: इन दोनों कलाकारों के प्यार का सिलसिला साल 2018 में फिल्म ‘गीता गोविंदम’ के सेट से शुरू हुआ था। इसके बाद उन्होंने ‘डियर कॉमरेड’ में भी साथ काम किया।

करीब 8 साल तक एक-दूसरे को जानने और कई बार साथ स्पॉट किए जाने के बावजूद उन्होंने अपने रिश्ते को हमेशा गुप्त रखा था, लेकिन अब वे हमेशा के लिए एक-दूजे के होने जा रहे हैं।

घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी

 मुंबई, 23 फरवरी (भाषा) एशियाई बाजारों में तेजी के अनुरूप सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी मजबूती के साथ खुले।

विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक बाजार की भावना अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के उस फैसले से प्रभावित हुई है जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए शुल्क को रद्द कर उन्हें ‘‘अवैध’’ करार दिया गया है। इस कदम से वैश्विक व्यापार के रुख में महत्वपूर्ण बदलाव आ सकता है।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 572.10 अंक या 0.69 प्रतिशत चढ़कर 83,386.81 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 190.65 अंक या 0.75 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,761.90 अंक पर पहुंच गया।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से अदाणी पोर्ट्स, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और पावरग्रिड प्रमुख के शेयर सबसे अधिक मुनाफे में रहे। दूसरी ओर इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंडिगो और एनटीपीसी के शेयर में गिरावट देखी गई।

एशियाई बाजारों में तेजी रही। हांगकांग का हैंगसेंग दो प्रतिशत से अधिक चढ़ा जबकि दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में करीब एक प्रतिशत की तेजी रही। जापान और चीन के बााजर छुट्टियों के कारण बंद रहे।

अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 70.99 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 934.61 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,637.15 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 316.57 अंक चढ़कर जबकि एनएसई निफ्टी 116.90 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था।

नेपाल में भीषण सड़क हादसा: पोखरा से काठमांडू जा रही बस त्रिशूली नदी में गिरी, 18 की मौत

इंटरनेशनल डेस्क: भारत के पड़ोसी देश नेपाल से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है, जहाँ सोमवार (23 फरवरी, 2026) को पोखरा से काठमांडू जा रही यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 18 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें 6 महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं।

हादसे का विवरण: यह दुर्घटना रात करीब एक बजे पृथ्वी हाईवे पर धादिंग जिले के बेनिघाट रोरांग इलाके में हुई। बस (रजिस्ट्रेशन नंबर GA 2 Kha 1421) सड़क से लगभग 300 फीट नीचे नदी में जा गिरी, जिससे वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया। राहगीरों ने जब चीख-पुकार सुनी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी और शुरुआती बचाव कार्य शुरू किया।

रेस्क्यू ऑपरेशन और घायल: हादसा स्थल बेहद दुर्गम होने के कारण नेपाल पुलिस, सेना और सशस्त्र प्रहरी बल की टीमों ने मिलकर टॉर्च की रोशनी में जॉइंट रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बचाव दल ने नदी के तेज बहाव और अंधेरे के बीच 8 महिलाओं, 18 पुरुषों और एक बच्ची समेत कुल 27 घायलों को रेस्क्यू किया। घायलों को नाव के जरिए सड़क तक पहुँचाया गया और फिर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

विदेशी पर्यटक भी थे सवार: इस हादसे में घायल होने वालों में स्विट्जरलैंड और न्यूजीलैंड के पर्यटक भी शामिल हैं। प्रशासन ने ट्रैवल एजेंसी से यात्रियों की सूची लेकर पहचान सुनिश्चित की है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पानी में कोई लापता तो नहीं है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली में आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने की संभावना

 नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है।

सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पालम में 13 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड में तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।

‘समीर’ ऐप के अनुसार, दिल्ली में समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 207 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

दिल्ली के 26 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में थी जबकि 13 केंद्रों पर यह ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ‘समीर’ ऐप के अनुसार, एक केंद्र का एक्यूआई डेटा उपलब्ध नहीं था।

अन्य सभी केंद्रों में से आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही, जहां एक्यूआई 276 दर्ज किया गया।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच ‘एक्यूआई’ को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

वायु गुणवत्ता पूर्व-चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता के अगले तीन दिन तक ‘खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है। अगले छह दिनों के लिए भी वायु गुणवत्ता के ‘खराब’ से ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने के आसार हैं।

अबोहर में भीषण सड़क हादसा: रोटरी चौक से टकराई तेज रफ्तार कार, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत

पंजाब डेस्क : पंजाब के अबोहर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन युवकों की जान चली गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा हनुमानगढ़ रोड पर पुल के नजदीक रोटरी चौक के पास करीब रात एक बजे हुआ।

हादसे का विवरण: जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रोटरी चौक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक, प्राथमिक अंदेशा यह जताया जा रहा है कि कार की ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ।

मृतकों और घायलों की पहचान: मृतकों की पहचान उदय और विशाल (जो आपस में सगे भाई थे) और उनके साथी रमन के रूप में हुई है। ये तीनों अबोहर के गांव बल्लुआना के रहने वाले थे।

घायल: हादसे में अनमोल और रोशन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए फरीदकोट रेफर कर दिया गया है।

पुलिस कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके और गांव बल्लुआना में शोक की लहर दौड़ गई है।

रुपया शुरुआती कारोबार में 21 पैसे चढ़कर 90.73 प्रति डॉलर पर

 मुंबई, 23 फरवरी (भाषा) रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 21 पैसे चढ़कर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.73 पर पहुंच गया। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शुल्क को बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने की आशंकाओं के बीच डॉलर के कमजोर होने से घरेलू मुद्रा को बल मिला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.76 पर खुला और फिर 90.73 पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 21 पैसे की बढ़त दर्शाता है।

रुपया शुक्रवार को 26 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.94 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.47 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 621.78 अंक चढ़कर 83,436.49 अंक पर जबकि निफ्टी 180.05 अंक की बढ़त के साथ 25,751.30 अंक पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 70.98 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 934.61 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

निर्वासित तिब्बती सरकार ने दलाई लामा के पदवी पर आसीन होने की 86वीं वर्षगांठ मनाई

 धर्मशाला (हिप्र), 23 फरवरी (भाषा) केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) ने 14वें दलाई लामा के पदवी पर आसीन होने की 86वीं वर्षगांठ के अवसर पर तिब्बत की निर्वासित सरकार के मुख्यालय मैक्लॉडगंज में एक आधिकारिक समारोह आयोजित किया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

तेनजिन ग्यात्सो को दलाई लामा के पुनर्जन्म के रूप में मान्यता मिलने के बाद तिब्बत के पोताला महल में 22 फरवरी 1940 को स्वर्ण सिंहासन पर बैठाया गया था। उस समय उनकी उम्र मात्र चार वर्ष थी।

हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के मैक्लॉडगंज में स्थित मुख्य तिब्बती मठ थेकचेन चोएलिंग त्सुगलाखंग में रविवार को यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सीटीए द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे।

कार्यक्रम का उद्घाटन तिब्बती प्रदर्शन कला संस्थान द्वारा तिब्बती राष्ट्रगान गाए जाने के साथ किया गया और मठ के प्रांगण में तिब्बती ध्वज को फहराया गया जबकि सत्यार्थी ने तिरंगा फहराया।

सत्यार्थी ने दलाई लामा के 86 साल के सफर को ‘‘अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने वाली यात्रा’’ के रूप में वर्णित किया।

उन्होंने 1940 के समारोह का जिक्र करते हुए कहा कि हालांकि एक बच्चा स्वर्ण सिंहासन पर आसीन हुआ था, लेकिन यह उसकी बुद्धिमत्ता और आध्यात्मिक शक्ति ही थी जिसने इसे सही मायने दिए।

सीटीए के अध्यक्ष सिक्योंग पेनपा त्सेरिंग ने दलाई लामा के करुणा, अहिंसा और सभी के प्रति जिम्मेदारी के संदेश को दुनिया भर के लिए महत्वपूर्ण बताया।हिप्र दलाई लामा

सोने और चांदी की कीमतों में फिर आ सकता है बड़ा उछाल, जानें एक्सपर्ट्स ने क्या दी है भविष्यवाणी

बिजनेस डेस्क : वैश्विक बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के बीच इस हफ्ते सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर तेज बढ़त देखने को मिल सकती है। बाजार विशेषज्ञों का अनुमान है कि एमसीएक्स (MCX) पर सोने की कीमतें 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक पहुंच सकती हैं। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते चांदी की कीमतों में 8,584 रुपये (3.5%) और सोने में लगभग 981 रुपये (1%) की तेजी दर्ज की गई थी।

कीमतों में उछाल की मुख्य वजहें:

डोनाल्ड ट्रंप के फैसले: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा वैश्विक आयात शुल्क (टैरिफ) बढ़ाने के फैसले ने वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता पैदा कर दी है। इस व्यापारिक तनाव के कारण निवेशक सुरक्षित निवेश (Safe-haven assets) के रूप में सोने और चांदी की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

भू-राजनीतिक जोखिम: पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव और रूस-यूक्रेन युद्ध ने निवेशकों के बीच जोखिम से बचने की भावना पैदा की है, जिससे कीमती धातुओं की मांग बढ़ी है।

आर्थिक आंकड़े: अमेरिका के कमजोर आर्थिक आंकड़े और फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में कटौती की संभावना ने भी सोने की कीमतों को मजबूती दी है।

इन आंकड़ों पर रहेगी बाजार की नजर: विशेषज्ञों के अनुसार, इस हफ्ते निवेशक कुछ महत्वपूर्ण आर्थिक संकेतकों पर ध्यान देंगे। इनमें अमेरिका का उत्पादक मूल्य सूचकांक, साप्ताहिक बेरोजगारी के दावे और चीन के केंद्रीय बैंक द्वारा ब्याज दर पर लिया जाने वाला फैसला शामिल है। फिलहाल, बाजार में कीमती धातुओं के लिए जोखिम-मुक्त भावना बनी हुई है।