ब्रेकिंग न्यूज़
ईएसआईसी के 75वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में “Sundays On Cycle” का आयोजन

कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के 75वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दिनांक 22 फरवरी 2026 को Fit India Movement के तहत ईएसआईसी द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र, लुधियाना के साथ मिलकर “Sundays On Cycle” का आयोजन रखबाग पार्क, लुधियाना में किया गया।

यह कार्यक्रम श्री प्राणेश कुमार सिन्हा, संयुक्त निदेशक (प्रभारी), ईएसआईसी उप-क्षेत्रीय कार्यालय, लुधियाना की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें प्रोफेसर (डॉ.) इंदर पंवार, डीन एवं डॉ. अपराजिता सोफिया डी’सूजा, चिकित्सा अधीक्षक, ईएसआईसी आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल, लुधियाना की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इसके अतिरिक्त भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र, लुधियाना के सहायक निदेशक श्री पुष्कर सिंह तथा श्री बलविंदर सिंह द्वारा भी कार्यक्रम के आयोजन में विशेष योगदान दिया गया।

श्री प्राणेश कुमार सिन्हा, संयुक्त निदेशक (प्रभारी) ने अपने संबोधन में कहा कि ESIC के 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा सामाजिक सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में समर्पण एवं सेवा का प्रतीक रही है। उन्होंने सभी से फिट इंडिया अभियान को अपनाते हुए स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली का संकल्प लेने का आह्वान किया।

प्रोफेसर (डॉ.) इंदर पंवार, डीन, ईएसआईसी आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल, लुधियाना ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर ही हम समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकते हैं।

डॉ. अपराजिता सोफिया डी’सूजा, चिकित्सा अधीक्षक, आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल ने सभी प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, योग एवं संतुलित आहार को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने हेतु प्रेरित किया।

इस कार्यक्रम में उप-क्षेत्रीय कार्यालय से श्री पंकज कुमार (सहायक निदेशक), श्री सतीश कुमार (सहायक निदेशक), श्री अजीत कुमार सिंह (सहायक निदेशक), श्री मनोज कुमार बंग्लिया (सहायक निदेशक) तथा श्री विक्रम आदित्य (सहायक निदेशक), अन्य सामाजिक सुरक्षा अधिकारी एवं 50 से अधिक कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में साइक्लिंग के साथ-साथ योग एवं अन्य गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।

ईएसआईसी द्वारा स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत दिनांक 24.02.2026 से 10.03.2026 तक विभिन्न स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता कार्यक्रम एवं जनसंपर्क गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी।

T20 World Cup 2026: साउथ अफ्रीका से हार के बाद भी सेमीफाइनल में पहुँच सकता है भारत, समझें पूरा समीकरण

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज में दक्षिण अफ्रीका के हाथों मिली 76 रनों की करारी हार ने टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल की राह काफी चुनौतीपूर्ण बना दी है. इस हार के साथ ही भारतीय टीम की करीब सवा 3 साल से टी20 वर्ल्ड कप में चली आ रही बादशाहत और 14 मैचों की जीत का सिलसिला भी थम गया है. हालांकि, खराब नेट रन रेट (NRR) के बावजूद भारतीय टीम अभी भी सेमीफाइनल की रेस में बनी हुई है और इसमें साउथ अफ्रीका ही भारत की मददगार साबित हो सकती है.

ग्रुप 1 का ताजा हाल और समीकरण: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच के बाद दक्षिण अफ्रीका 2 अंकों और +3.800 के शानदार NRR के साथ शीर्ष पर है, जबकि भारत 0 अंकों और -3.800 के खराब NRR के साथ मुश्किल स्थिति में है. भारत के पास अब जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैच बचे हैं.

सेमीफाइनल में पहुँचने के रास्ते:

दो जीत और साउथ अफ्रीका का साथ: भारत को अपने अगले दोनों मैच जीतने होंगे ताकि उसके पास 4 अंक हो जाएं. यदि दक्षिण अफ्रीका भी अपने बाकी दोनों मैच (वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ) जीत जाता है, तो वह 6 अंकों के साथ ग्रुप में टॉप करेगा. ऐसी स्थिति में बाकी टीमें अधिकतम 2-2 अंक ही ला पाएंगी और भारत 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगा.

NRR का जोखिम: यदि दक्षिण अफ्रीका कोई मैच हारता है, तो पॉइंट्स टेबल में बराबरी की स्थिति बन सकती है. ऐसी स्थिति में भारत का -3.800 का NRR बाधा बन सकता है, इसलिए सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम को अगले मुकाबले न केवल जीतने होंगे, बल्कि बड़े अंतर से जीतने होंगे ताकि नेट रन रेट में सुधार हो सके.

मैच की कुछ मुख्य बातें: इस मुकाबले में जहां ईशान किशन शून्य पर आउट हुए, वहीं अभिषेक शर्मा ने वर्ल्ड कप में अपना पहला रन बनाया. अब रोहित-विराट युग के बाद नई टीम को सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने के लिए एकजुट होकर प्रदर्शन करना होगा।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग की खुली चेतावनी: ‘गर्दन काटकर डालेंगे वीडियो’, गुरदासपुर में पुलिसकर्मियों की हत्या पर भड़का गैंग

नेशनल/पंजाब डेस्क : लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए खौफनाक धमकी दी है। इस बार गैंग ने पंजाब के गुरदासपुर में दो पुलिसकर्मियों की हत्या पर भारी नाराजगी जाहिर करते हुए दोषियों और उनका साथ देने वालों को अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है।

‘खून का बदला खून’ की धमकी: गैंग के सदस्य हरि बॉक्सर टॉयसन बिश्नोई ने फेसबुक पर एक पोस्ट साझा की है। इस पोस्ट में उन्होंने गुरदासपुर में शहीद हुए एएसआई गुरनाम सिंह और होम गार्ड अशोक कुमार को ‘देश का काबिल और ईमानदार अफसर’ बताते हुए उनकी हत्या की कड़ा निंदा की है। गैंग ने सीधे तौर पर कहा है कि इन पुलिसकर्मियों की हत्या का बदला खून से लिया जाएगा। पोस्ट में लिखा गया, “तुमने हमारे देश के 2 बेटे शहीद किए हैं, हम अब तुम्हारे 10 करेंगे”।

गद्दारों और गैंगस्टरों को चेतावनी: लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने उन अपराधियों और कथित गैंगस्टरों को भी निशाने पर लिया है जो इन आतंकवादियों का साथ दे रहे हैं। गैंग ने चेतावनी दी है कि जो भी देश की रक्षा करने वाले सैनिकों या प्रशासन की तरफ आंख उठाएगा, उनकी आंखें निकाल दी जाएंगी।

वीडियो डालने का किया दावा: धमकी भरे संदेश में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गैंग ने हत्या का वीडियो साझा करने की बात कही है। पोस्ट में लिखा गया, “अब देश को भी पता चलेगा जब तुम्हारी गर्दन काट कर वीडियो डालेंगे, तैयार रहना”। गैंग ने दावा किया है कि वह ऐसी ‘गंदी मौत’ देगा कि भविष्य में कोई भी भारत माता या उसके बेटों की तरफ देखने की हिम्मत नहीं करेगा। अंत में “जय श्री राम” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ यह संदेश समाप्त किया गया है।

मैक्सिकन सेना का बड़ा एक्शन: $15 मिलियन का इनामी ड्रग माफिया “एल मेंचो” ढेर, पूरे मेक्सिको में भड़की भीषण हिंसा

इंटरनेशनल डेस्क: मेक्सिको की सेना ने एक बड़े सैन्य ऑपरेशन में दुनिया के सबसे खतरनाक ड्रग माफियाओं में शुमार और ‘जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल’ (CJNG) के सरगना नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा सर्वेंटेस उर्फ “एल मेंचो” को मार गिराया है। रविवार को पश्चिमी राज्य जलिस्को में हुए इस ऑपरेशन के बाद से पूरे मेक्सिको में हिंसा, आगजनी और भगदड़ का माहौल बना हुआ है।

कौन था एल मेंचो और क्यों था इतना खौफ?

एल मेंचो पर अमेरिका ने 15 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 1 अरब 30 करोड़ रुपये) का भारी-भरकम इनाम रखा था।

उसका कार्टेल (CJNG) मेक्सिको का सबसे शक्तिशाली और हिंसक आपराधिक संगठन माना जाता है, जो अमेरिका के सभी 50 राज्यों में ड्रग्स की सप्लाई करता है।

यह कार्टेल सेना पर हमलों, ड्रोनों से विस्फोट करने और माइंस बिछाने जैसी आतंकी गतिविधियों के लिए कुख्यात रहा है।

हिंसा और उड़ानें रद्द: एल मेंचो की मौत के बाद जलिस्को और अन्य राज्यों में कार्टेल के गुर्गों ने वाहनों को आग लगा दी और सड़कों को अवरुद्ध कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्यूर्टो वालार्ता शहर के ऊपर धुएं के गुबार और हवाई अड्डों पर घबराए हुए लोगों की भगदड़ देखी गई। सुरक्षा कारणों से एयर कनाडा ने प्यूर्टो वालार्ता के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं।

भारत सरकार की एडवाइजरी: मेक्सिको के ताजा और बिगड़ते हालात को देखते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए खास एडवाइजरी जारी की है और उन्हें सतर्क रहने को कहा है।