ब्रेकिंग न्यूज़
साइकिल न मिलने से नाराज बालक घर से निकला, अपहरण की मनगढ़ंत कहानी गढ़ी

गुना (मप्र), सत्ता संदेश (भाषा) मध्यप्रदेश के गुना में शुक्रवार से लापता 12 वर्षीय लड़के को शनिवार सुबह बरामद किया गया, जिसके बाद उसने अपने अपहरण की कहानी सुनायी लेकिन पुलिस जांच में यह दावा झूठा निकला। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
गुना नगर पुलिस अधीक्षक प्रियंका मिश्रा ने बताया कि सातवीं कक्षा का छात्र साइकिल न मिलने से अपने माता-पिता से नाराज था।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को स्कूल में परीक्षा देने के बाद बच्चा घर नहीं लौटा, जिसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शनिवार सुबह उसे बिलोनिया गांव के पास एक पुल के नीचे ‘बेहोशी’ की हालत में पाया गया।
अधिकारी ने कहा कि लड़के ने पुलिस को बताया कि स्कूल के बाहर कार सवार कुछ लोगों ने उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर अगवा कर लिया और बाद में उसे छोड़ दिया। हालांकि, उसके बयान में कई विरोधाभास पाए गए।
उन्होंने बताया कि बाद में उसने स्वीकार किया कि वह साइकिल न मिलने से नाराज होकर राजमार्ग के रास्ते बिलोनिया गांव की ओर पैदल निकल गया था। थकावट के कारण वह पुल के नीचे सो गया।
मिश्रा ने बताया कि बच्चे ने यह भी शिकायत की थी कि उसकी बहनों की इच्छाएं पूरी कर दी जाती हैं, जबकि उसकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जाता।
उन्होंने बताया कि परामर्श के बाद बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *