ब्रेकिंग न्यूज़
NASA की गंभीर चेतावनी: एस्टेरॉयड के हमले से तबाह हो सकते हैं दुनिया के कई शहर, मचेगा ‘भूचाल’

इंटरनेशनल डेस्क : नासा (NASA) की ग्रह रक्षा अधिकारी (Planetary Defense Officer) केली फास्ट ने पृथ्वी के लिए एक बेहद डरावनी चेतावनी जारी की है। उनके अनुसार, अंतरिक्ष में हजारों ऐसे एस्टेरॉयड्स मौजूद हैं जो कभी भी पृथ्वी से टकरा सकते हैं और जिनसे बचाव का फिलहाल कोई पुख्ता उपाय नजर नहीं आ रहा है।

15,000 अनदेखे एस्टेरॉयड्स का खतरा: वैज्ञानिक केली फास्ट ने बताया कि पृथ्वी के पास लगभग 15,000 ऐसे एस्टेरॉयड्स हैं जिन्हें अभी तक देखा नहीं गया है। इनमें से प्रत्येक एस्टेरॉयड में एक पूरे शहर को तबाह करने की क्षमता है। उन्होंने इन मध्यम आकार के पिंडों को “शहर-नाशक” (city-killers) करार दिया है, जो क्षेत्रीय स्तर पर गंभीर क्षति पहुंचा सकते हैं।

ट्रैकिंग में आ रही हैं मुश्किलें : रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 25,000 एस्टेरॉयड्स पृथ्वी के करीब से गुजरते हैं, लेकिन वैज्ञानिकों को उनमें से केवल 40% के सटीक स्थान की जानकारी है। सबसे शक्तिशाली दूरबीनों से भी इनका पता लगाना मुश्किल होता है क्योंकि ये सूर्य के प्रकाश को परावर्तित (reflect) नहीं कर पाते।

भविष्य की तैयारी: इस खतरे से निपटने के लिए नासा अगले साल एक ‘नियर-अर्थ ऑब्जेक्ट सर्वेयर अंतरिक्ष दूरबीन’ लॉन्च करने की योजना बना रहा है। यह दूरबीन थर्मल सिग्नेचर का उपयोग करके उन अंधेरे एस्टेरॉयड्स और धूमकेतुओं का पता लगाएगी जो अब तक छिपे हुए थे। वैज्ञानिक ने स्पष्ट किया कि एस्टेरॉयड्स के हम तक पहुंचने से पहले उन्हें ढूंढना और उन्हें नष्ट करने की तकनीक विकसित करना मानव जाति के लिए बहुत जरूरी है।

दिल्ली में छाए रहे बादल, बारिश की संभावना

 नयी दिल्ली, 18 फरवरी (भाषा) दिल्ली में बुधवार सुबह बादल छाए रहे और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस मौसम के औसत से 4.8 डिग्री अधिक है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आमतौर पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है, कुछ स्थानों पर गरज और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है जो इस बात की प्रारंभिक चेतावनी है कि गंभीर मौसम की स्थिति की आशंका है और इससे दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।

आईएमडी ने बताया कि दिल्ली की प्रमुख वेधशाला सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 4.8 डिग्री अधिक है।

अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीपी) के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है और सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 227 दर्ज किया गया।

सीपीसीबी शून्य से 50 के बीच के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में वर्गीकृत करता है।

रुपया शुरुआती कारोबार में पांच पैसे चढ़कर 90.67 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 18 फरवरी (भाषा) रुपया बुधवार को शुरआती कारोबार में पांच पैसे की बढ़त के साथ 90.67 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी पूंजी के निवेश में तेजी से घरेलू मुद्रा को बल मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालांकि अमेरिकी मुद्रा में मजबूती और घरेलू बाजारों में गिरावट ने रुपये की बढ़त को सीमित कर दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनियम बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.60 पर खुला और फिर लुढ़कर 90.67 पर आ गया जो पिछले बंद भाव से पांच पैसे की बढ़त दर्शाता है।

रुपया मंगलवार को दो पैसे की बढ़त के साथ 90.72 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97.24 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 77.56 अंक टूटकर 83,373.40 अंक पर जबकि निफ्टी 26.25 अंक फिसलकर 25,699.15 अंक पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.40 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 995.21 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।