ब्रेकिंग न्यूज़
खेड़ा वतन पंजाब दियां में आशा सैनी का शानदार प्रदर्शन, 10 मीटर शूटिंग में जीता गोल्ड मेडल

चंडीगढ़ / मोहाली / सत्ता संदेश

दिनांक : 06 अक्टूबर 2026

पंजाब में चल रही ‘खेड़ा वतन पंजाब दियां’ प्रतियोगिता में मोहाली जिले की ओर से हिस्सा लेते हुए आशा सैनी ने 10 मीटर शूटिंग कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। न्यू चंडीगढ़ के इकोसिटी-1 निवासी आशा सैनी पंजाब पुलिस मुख्यालय के लीगल सेल में कार्यरत हैं।

आशा सैनी ने बताया कि विभाग में ज्वाइनिंग के बाद से ही वह शूटिंग की नियमित प्रैक्टिस कर रही हैं। शूटिंग में बेहतर प्रदर्शन और तकनीकी दक्षता हासिल करने के लिए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच बाबू राम की देखरेख में प्रशिक्षण लिया। इस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल करने के लिए उन्होंने लगातार शूटिंग रेंज में अभ्यास किया।

नौकरी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ शूटिंग के लिए समय निकालने के सवाल पर आशा सैनी ने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए अतिरिक्त समय और छुट्टियों का उपयोग करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि वह अपने खाली समय और छुट्टी वाले दिनों में नियमित रूप से शूटिंग की प्रैक्टिस करती हैं।

आशा सैनी, पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के वकील कुलदीप सिंह सैनी की धर्मपत्नी हैं। उन्होंने 10 मीटर शूटिंग श्रेणी में मोहाली जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। इससे पहले जुलाई में पंजाब राइफल शूटिंग एसोसिएशन की ओर से मोहाली में आयोजित शूटिंग चैंपियनशिप में भी आशा सैनी ने गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था।

लगातार बेहतर प्रदर्शन के साथ आशा सैनी ने शूटिंग के क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत की है और ‘खेड़ा वतन पंजाब दियां’ में उनकी इस उपलब्धि से मोहाली जिले का भी गौरव बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *