ब्रेकिंग न्यूज़
पंजाब सरकार ने हरियाणा और राजस्थान को पानी की रॉयल्टी को लेकर मांगा मुआवजा, कानूनी कार्रवाई की दी चेतावनी

पंजाब / सत्ता संदेश

पंजाब सरकार ने पड़ोसी राज्यों हरियाणा और राजस्थान को नदी जल आपूर्ति और नहरों के रखरखाव से जुड़े बकाया राशि के भुगतान के लिए नोटिस जारी किए हैं। जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल ने इस संबंध में जानकारी दी। राजस्थान सरकार से 1961 से 2025 तक नदी जल उपयोग की रॉयल्टी और मुआवजे के रूप में 1.44 लाख करोड़ की मांग की गई है। 

कानूनी कार्रवाई की दे चेतावनी
पंजाब ने राजस्थान को अंतिम मांग नोटिस भेजकर 30 दिनों के भीतर राशि जमा करने को कहा है। भुगतान न होने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। बरिंदर गोयल ने बताया कि 1920 में महाराजा बीकानेर के साथ हुए समझौते के तहत पंजाब से राजस्थान को पानी जा रहा है। 1960-61 तक राजस्थान इस पानी का पैसा देता रहा, लेकिन उसके बाद पिछली सरकारों ने बिना कोई कारण बताए राजस्थान से पैसे लेना बंद कर दिया। अब वर्तमान सरकार इस बकाए की वसूली कर रही है।

हरियाणा से भी बकाए की मांगा
हरियाणा सरकार से भाखड़ा मेन लाइन और अन्य साझा नहरों के संचालन व रखरखाव का खर्च मांगा गया है। 2015-16 से हरियाणा ने नहरों के रखरखाव का पैसा देना बंद कर दिया है, जिसकी बकाया राशि 312 करोड़ बताई गई है। पंजाब के मुख्य सचिव ने हरियाणा के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर तुरंत भुगतान की मांग की है।विज्ञापन

गोयल ने कहा कि भाखड़ा मेन लाइन और अन्य नहरों के रखरखाव का पूरा खर्च पंजाब उठा रहा है। बकाया राशि न मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पंजाब सरकार का दावा है कि 1920 के समझौते के आधार पर राजस्थान पर रॉयल्टी बकाया है, जबकि राजस्थान ने पहले इस तरह के दावों को खारिज किया था। 

पंजाब सरकार तीर्थ योजना के तहत सीएम मान और केजरीवाल ने 15 बसों को तीर्थ स्थलों के लिए किया रवाना

पंजाब / सत्ता संदेश

पंजाब की मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना का विस्तार कर बुजुर्गों को सालासर बालाजी-श्री खाटू श्याम, हरिद्वार- ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन लेकर रवाना 15 बसें रवाना हुई। इस बसों को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत सिंह मान ने होशियारपुर में हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने बसों में जाकर सुविधाओं का जायजा भी लिया और बुजुर्गों से बात भी की। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि तीर्थयात्रा योजना के तहत भगवंत मान सरकार ने अब तक 4 लाख से ज्यादा तीर्थयात्रियों को यात्रा करा चुकी है। योजना के तहत 50 साल से अधिक उम्र के एक परिवार से 2 सदस्य यात्रा कर सकेंगे। सरकार सभी तीर्थ यात्रियों को ले जाने के लिए एसी स्लीपर बस, ठहरने और भोजन की व्यवस्था मुफ्त कर रही है।

तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही बसों को हरी झंडी दिखाने से पहले अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोगों के लिए यह जिंदगी का बहुत बड़ा मौका है कि वे तीर्थ यात्रा करने जा रहे हैं। हम अभी बस के अंदर भी गए थे, बस बहुत शानदार, आरामदायक और एयर-कंडीशंड है। लोगों को कोई खर्चा करने की जरूरत नहीं है, आने-जाने, रहने और खाने-पीने का सारा खर्चा भगवंत मान सरकार उठाएगी। भक्तों के लिए बहुत अच्छे होटलों का इंतजाम किया गया है। वहां उतरने पर भी अच्छी बसों का इंतजाम है, इसलिए चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि आज हरिद्वार-ऋषिकेश, मथुरा-वृंदावन, सालासर-खाटू श्याम के लिए 15 बसें जा रही हैं। हमने बस के अंदर लोगों से बात की, जिनमें से बहुत से लोगों को पहली बार सालासर और खाटू श्याम जाने का मौका मिला है। अगले कुछ महीनों में पंजाब से कुल डेढ़ लाख लोगों को अलग-अलग तीर्थ स्थलों पर ले जाया जाएगा। उन्होंने सभी को बधाई देते हुए मंगलमय यात्रा के लिए प्रार्थना की और कहा कि तीर्थयात्री वहां से आशीर्वाद लेकर आएं कि पंजाब खुशहाल बने, पंजाब के लोग सुखी रहें और पंजाब में सुख-शांति रहे। उन्होंने सभी के खुश और स्वस्थ रहने की कामना करते हुए मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।विज्ञापन

इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आज इस पवित्र दिन के मौके पर होशियारपुर, पठानकोट, मुकेरियां और आसपास के इलाके से जितने भी लोग आए हैं, जो खाटू श्याम, सालासर, वृंदावन, मथुरा, ऋषिकेश या जहां भी दर्शन करने जा रहे हैं, मैं उन सभी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। इससे पहले भी दरबार साहिब, राम तीर्थ, अमृतसर साहिब, वाघा बॉर्डर और फतेहगढ़ साहिब जैसे धार्मिक स्थलों के लिए तीर्थ यात्रा की बसें चल रही हैं। अलग-अलग धर्मों के सभी धार्मिक स्थान मानवता और आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं।

भगवंत मान ने कहा कि आज होशियारपुर से वृंदावन, सालासर, खाटू श्याम, ऋषिकेश और मथुरा के लिए 15 बसें जा रही हैं। हम तीर्थयात्रियों से मिलकर आए हैं, बस में बैठे भक्त बहुत खुश हैं और अभी से भजन गा रहे हैं। उन्होंने कामना की कि लोगों की यात्रा मंगलमय हो, वे खुशी-खुशी हंसते-गाते जाएं और पंजाब की बेहतरी व तरक्की की अरदास करके वापस आएं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे दर्शन करने जाएं और पंजाब की बेहतरी, तरक्की और तंदुरुस्ती की अरदास, दुआ और आरती करके आएं।

सीएम भगवंत सिंह मान ने कहा कि सभी तीर्थयात्रियों के सफर के लिए एसी स्लीपर बसों का इंतजाम किया गया है और उनके ठहरने के लिए पर्याप्त वॉशरूम सुविधाओं वाले वातानुकूलित कमरों की व्यवस्था की जाएगी। पूरी यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को मुफ्त भोजन और उचित देखभाल प्रदान की जाएगी। हर तीर्थयात्री का मेडिकल बीमा सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उन्हें अच्छे सूचीबद्ध अस्पतालों में मुफ्त चिकित्सा सुविधा मिल सके। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए प्रत्येक बस में एक अटेंडेंट मौजूद रहेगा और दर्शन प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए हर गंतव्य पर एक विशेष टीम तैनात की गई है। 

भगवंत सिंह मान ने कहा कि यात्रा पूरी होने पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद और एक स्मृति चिह्न (पीतल का गिलास) भी भेंट किया जाएगा। किसी भी क्षेत्र, जाति या धर्म के लोग इन धार्मिक यात्राओं की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। पंजाब सरकार का यह प्रयास उन बुजुर्गों की आकांक्षाओं को पूरा कर रहा है, जो अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर जाकर दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करना चाहते हैं।

भगवंत सिंह मान ने बताया कि होशियारपुर से 5 जिलों (होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, पठानकोट और गुरदासपुर) के श्रद्धालुओं को लेकर कुल 15 बसें अलग-अलग धार्मिक स्थलों के लिए रवाना की गई हैं। होशियारपुर, गुरदासपुर, पठानकोट, जालंधर और कपूरथला से 10 बसें ऋषिकेश-हरिद्वार जाएंगी। इसी तरह, फगवाड़ा और गुरदासपुर से 2 बसें श्रद्धालुओं को मथुरा-वृंदावन ले जाएंगी, जबकि जालंधर और गुरदासपुर से 3 बसें श्रद्धालुओं को श्री खाटू श्याम-सालासर ले जाएंगी।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि योजना के पहले चरण में अब तक 4 लाख तीर्थयात्रियों ने श्री अमृतसर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब-नैना देवी के दर्शन किए हैं। इस यात्रा के लिए विभिन्न जिलों के क्लस्टर बनाए गए हैं। इस यात्रा पर अब तक 148 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं और 10 लाख तीर्थयात्रियों को ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस विशेष तीर्थ यात्रा के लिए श्री आनंदपुर साहिब में एक टेंट सिटी भी स्थापित की गई है और यह यात्रा बहुत ही सुचारू रूप से चल रही है।

मुंबई ने खेल कोटे के तहत पंजाब के 2 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नियुक्त किया

मुंबई / चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

आयकर विभाग, मुंबई ने खेल कोटे के तहत पंजाब के दो उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्त किया है। यह पहल खेल उत्कृष्टता को पहचान देने तथा उच्च स्तर की खेल प्रतिभाओं को सार्वजनिक सेवा में आगे बढ़ाने की विभाग की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।

नवनियुक्त खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र 12 अगस्त 2026 को मुंबई स्थित आयकर भवन में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, मुंबई, श्री आलोक कुमार द्वारा प्रदान किए गए।

आयकर विभाग द्वारा 7 जनवरी 2026 की अधिसूचना के माध्यम से 97 रिक्तियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। भर्ती प्रक्रिया में विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों से कुल 3,595 आवेदन प्राप्त हुए। निर्धारित मानदंडों के अनुसार आवेदनों की गहन जांच एवं मूल्यांकन के बाद 97 उम्मीदवारों का मेरिट के आधार पर चयन किया गया।

भर्ती की एक प्रमुख विशेषता यह रही कि चयनित खिलाड़ियों में 80 प्रतिशत से अधिक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है अथवा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया है, जो विभाग में शामिल होने वाली खेल प्रतिभाओं के उच्च स्तर को दर्शाता है।

चयनित उम्मीदवारों में पंजाब के दो उत्कृष्ट खिलाड़ियों को कर सहायक (Tax Assistant) के पद पर नियुक्त किया गया है। बास्केटबॉल और वॉलीबॉल के इन खिलाड़ियों ने प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।

आयकर विभाग में शामिल हुई पंजाब की खेल प्रतिभाएं

अनमोलप्रीत कौर, 26 वर्ष, कर सहायक – बास्केटबॉल

अनमोलप्रीत कौर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बास्केटबॉल में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने चीन के शेनझेन में आयोजित FIBA महिला एशिया कप 2025 डिवीजन बी में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 19वें एशियाई खेलों, हांगझोऊ 2022 में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया, जिससे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर उनके अनुभव का पता चलता है।

जश्नूर ढींडसा, 22 वर्ष, कर सहायक – वॉलीबॉल

जश्नूर ढींडसा ने एशियाई पुरुष अंडर-20 वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2022 में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें भारतीय टीम ने रजत पदक हासिल किया। उन्होंने AVC कप फॉर मेन 2022 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वॉलीबॉल में उनका अनुभव और समृद्ध हुआ।

खेल करियर जारी रखने का अवसर

यह भर्ती आयकर विभाग द्वारा खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने तथा उत्कृष्ट खिलाड़ियों को राष्ट्र सेवा के साथ अपने खेल करियर को जारी रखने का अवसर प्रदान करने के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, मुंबई, श्री आलोक कुमार ने नवनियुक्त खिलाड़ियों को बधाई दी और उन्हें आश्वस्त किया कि विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्हें खेल का अभ्यास जारी रखने तथा प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पर्याप्त अवसर प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि आयकर विभाग, मुंबई को उम्मीद है कि नवनियुक्त खिलाड़ी अपने खेल करियर में प्रदर्शित अनुशासन, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता की भावना को सार्वजनिक सेवा में भी आगे बढ़ाएंगे।

नियुक्ति कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त खिलाड़ियों को उनकी भूमिकाओं एवं जिम्मेदारियों तथा लागू सरकारी नियमों के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि वे अपने कर्तव्यों की स्पष्ट समझ के साथ विभाग में अपनी पेशेवर यात्रा शुरू कर सकें।

पंजाब के इन दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का आयकर विभाग में शामिल होना विभाग द्वारा खेल प्रतिभाओं को निरंतर दिए जा रहे समर्थन को दर्शाता है। यह पहल ऐसा अनुकूल वातावरण तैयार करने के विभाग के प्रयासों को भी रेखांकित करती है, जहां उत्कृष्ट खिलाड़ी सार्वजनिक सेवा में योगदान देने के साथ-साथ अपने-अपने खेलों में उत्कृष्टता हासिल करना जारी रख सकें।

MSME तंत्र को मजबूत करने के लिए सुधारों का अगला चरण : जीतन राम मांझी


संसद के दोनों सदनों द्वारा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक, 2026 का पारित होना, एमएसएमई के लिए भारत के कानूनी ढांचे को तेज़ी से बदलते तंत्र के अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मूल अधिनियम के बाद से पिछले दो दशकों में, लाखों उद्यम औपचारिक अर्थव्यवस्था का हिस्सा बने हैं और एमएसएमई राष्ट्रीय विकास, निर्यात और रोज़गार सृजन में अहम योगदान देने वाले बन गए हैं। इस संशोधन का उद्देश्य एमएसएमई इकोसिस्टम को ज़्यादा संवेदनशील और भरोसे पर आधारित बनाना है। इससे पंजीकरण आसान होगा,  वर्गीकरण बेहतर होगा, ऋण तक पहुंच और समय पर भुगतान आसान होगा, विवादों का निपटारा डिजिटल और तेज़ होगा और नियमों का पालन आसान होगा।

इस संशोधन में उद्यमों के मुफ्त और स्वैच्छिक पंजीकरण के लिए एक राष्ट्रीय डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रावधान किया गया है। इससे कई तरह की बाधाएं दूर होंगी और सरकार को बेहतर तरीके से लाभ पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। अधिनियम के तहत पंजीकरण एक पात्रता है, जिसका दावा कोई भी कंपनी कर सकती है, यह कोई बाध्यता नहीं है।

यह संशोधन संयंत्र, मशीनरी या उपकरणों में निवेश और कारोबार के संयुक्त मानदंडों के आधार पर उद्यमों के वर्गीकरण के लिए एक स्पष्ट फ्रेमवर्क प्रदान करता है। इस वर्गीकरण से  फ्रेमवर्क  को प्रौद्योगिकी, लागत, बाजार और व्यवसाय मॉडल में आने वाले बदलावों के अनुसार तेज़ी से ढाला सकता है और यह केंद्र सरकार को अधिसूचना के माध्यम से इसकी सीमाओं को निर्धारित करने का अधिकार देता है।

ज़्यादातर एमएसएमई के लिए सबसे बड़ी चिंता नियमित नकद प्रवाह की होती है, क्योंकि किसी छोटे उद्यम का एक भी भुगतान न मिलने का व्यापक असर कर्मचारियों के समय पर वेतन, कच्चे माल की खरीद और अगले ऑर्डर को स्वीकार करने पर पड़ता है, जिससे  भुगतान में देरी होने से कंपनी के काम करने और आगे बढ़ने की क्षमता पर बुरा असर पड़ सकता है। इसलिए इस संशोधन में इस समस्या को तीन चरणों – रोकथाम, समाधान और कार्यान्वयन के माध्यम से दूर करने की कोशिश की गई है।

रोकथाम: यह केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों के लिए ‘ट्रेड्स’ (टीआरइडीएस) के माध्यम से एमएसएमई से संबंधित रसीद (इनवॉइस) के भुगतान और जानकारी देने को अनिवार्य बनाकर पारदर्शिता लाता है। राज्य सरकारें भी यही नियम अपने राज्य के सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों पर लागू कर सकती हैं। भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा विनियमित एक डिजिटल प्लेटफॉर्म होने के नाते, ‘ट्रेड्स’ एक स्वीकृत इनवॉइस के आधार पर बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों से तुरंत वित्तपोषण प्राप्त करने की सुविधा देता है। इससे आपूर्तिकर्ता को अग्रिम भुगतान मिल जाता है, जबकि खरीदार तय तिथि पर बैंक या वित्तीय संस्थान को भुगतान चुकता करता है। इस प्रकार, रिसिवेबल्स (मिलने वाली रकम) आपूर्तिकर्ता के लिए लिक्विडिटी का ज़रिया बन जाता है, जिससे कंपनी को अपने कामकाज का प्रबंधन करने, बिलों का भुगतान करने और व्यवसाय को आगे बढ़ाने में आसानी होती है।

समाधान: यह इस अधिनियम के विवाद-समाधान फ्रेमवर्क को और अधिक मजबूत करता है। यह राज्य सरकारों को मध्यस्थता और सुलह के लिए अतिरिक्त ‘सूक्ष्म और लघु उद्यम सुविधा परिषदों’ (एमएसइएफसी) की स्थापना करने में सक्षम बनाता है। यह मध्यस्थता और सुलह के लिए समय-सीमा निर्धारित करता है तथा ऑनलाइन विवाद-समाधान को वैधानिक मान्यता प्रदान करता है। इससे मामलों का तेजी से निपटारा होगा और एक ऐसी व्यवस्था तैयार होगी जिससे कंपनी प्रक्रिया और समय-सीमा की निश्चितता के साथ अपने जायज़ दावों को पेश कर सकेगी।

कार्यान्वयन: ‘सुविधा परिषदों’ द्वारा दिए गए निर्णय के तहत मिलने वाली रकम को ज़मीन के लगान की बकाया राशि की तरह वसूला जा सकता है। यदि कोई खरीदार किसी फैसले को अदालत में चुनौती देना चाहता है, तो उसे तय राशि का 75 प्रतिशत अदालत में जमा कराना होगा और यदि वह चुनौती छह महीने तक लंबित रहती है, तो अदालत उस जमा राशि में से आधी राशि आपूर्तिकर्ता को जारी कर सकती है। इस प्रकार, लंबे समय तक चलने वाली मुकदमेबाजी के कारण जायज दावों को खारिज नहीं किया जा सकेगा और अदालत में बीतने वाला समय अब केवल खरीदार के पक्ष में नहीं होगा।

यह संशोधन उद्यमों के लिए अनुपालन के प्रति अधिक संतुलित और विश्वास-आधारित दृष्टिकोण की दिशा में बदलाव को भी दर्शाता है। छोटे-मोटे उल्लंघन के लिए अब पहली बार में केवल चेतावनी दी जाएगी और अपराध दोहराए जाने पर अलग-अलग आर्थिक जुर्माने लगाए जा सकते हैं। नियमों के पालन की प्रक्रिया को ज़्यादा अनुमान लगाने लायक और आसान बनाकर,  कंपनियाँ अब अपनी ऊर्जा अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने पर लगा सकती हैं। इससे व्यवसाय करने में सुगमता (ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस) और विश्वास-आधारित शासन को बढ़ावा मिलेगा।

आखिर में, यह संशोधन सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों में विश्वास का एक प्रतीक है, जो उन्हें नवाचार करने, रोज़गार पैदा करने, नए बाज़ारों में प्रवेश करने और अधिक प्रतिस्पर्धी बनने में सक्षम बनाएगा। एक अधिक मजबूत और गतिशील एमएसएमई क्षेत्र ‘विकसित भारत’ के लक्ष्यों को प्राप्त करने में अहम भूमिका निभाएगा।

(लेखक केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री हैं)

चंडीगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस 2026 का आयोजन; युवा चेंजमेकर्स को किया गया सम्मानित

चंडीगढ़, / सत्ता संदेश

ग्लोबल यूथ फेडरेशन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस 2026 का आयोजन गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म कॉलेज, सेक्टर-32 सी, चंडीगढ़ में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्टेट NSS सेल, यू.टी. चंडीगढ़; माय भारत चंडीगढ़, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार; रोटरी क्लब चंडीगढ़; APSWDP तथा मेजबान कॉलेज के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में युवा नेतृत्व, स्वयंसेवा, मानवीय सेवा एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया गया। इसमें युवा नेता, स्वयंसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद् एवं विद्यार्थी शामिल हुए।

चंडीगढ़ के माननीय महापौर श्री सौरभ जोशी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. अजय शर्मा, प्राचार्य, GGDSD कॉलेज; डॉ. नेमी चंद, राज्य संपर्क अधिकारी, NSS; सुश्री अनास्तासिया इल्यूशिना, रशियन हाउस, नई दिल्ली; डॉ. विवेक त्रिवेदी, नगर निगम चंडीगढ़; श्री विनय कुमार, जिला युवा अधिकारी, माय भारत चंडीगढ़ सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में श्री सौरभ जोशी ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से स्वयंसेवा एवं सामुदायिक सेवा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण पुरस्कार एवं सम्मान समारोह रहा, जिसमें मानवीय सेवा एवं सामुदायिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों, NGOs, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं युवा चेंजमेकर्स को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रेरणादायक सत्र एवं अंतर्राष्ट्रीय युवा संदेश भी प्रस्तुत किए गए।

इस अवसर पर TB मुक्त भारत शपथ एवं स्वच्छता शपथ दिलाई गई। श्री विनय कुमार, जिला युवा अधिकारी, माय भारत चंडीगढ़ ने सभी उपस्थित प्रतिभागियों को स्वच्छता शपथ दिलाई, जिसमें सभी ने स्वच्छता एवं स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

ग्लोबल यूथ फेडरेशन, इंडिया के निदेशक श्री रोहित कुमार ने कहा कि युवाओं को अवसर, सम्मान एवं नेतृत्व के मंच प्रदान करना एक समावेशी एवं सतत समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन, राष्ट्रगान एवं हाई-टी के साथ हुआ। आयोजकों ने सभी गणमान्य अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।

मुंबई ने खेल कोटे के तहत हरियाणा के 10 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नियुक्त किया


मुंबई / हरियाणा / सत्ता संदेश

आयकर विभाग, मुंबई ने खेल कोटे के तहत हरियाणा के 10 प्रतिभाशाली एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्त किया है। यह पहल खेल प्रतिभाओं को पहचान देने और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को देश की सेवा के साथ-साथ अपने खेल करियर को जारी रखने का अवसर प्रदान करने की विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

नवनियुक्त खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र 12 अगस्त 2026 को मुंबई स्थित आयकर भवन में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, मुंबई, श्री आलोक कुमार द्वारा प्रदान किए गए।

आयकर विभाग द्वारा 7 जनवरी 2026 को अधिसूचना जारी कर 97 रिक्तियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। भर्ती प्रक्रिया के दौरान देशभर से विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों से कुल 3,595 आवेदन प्राप्त हुए। निर्धारित मानदंडों के अनुसार आवेदनों की गहन जांच एवं मूल्यांकन के बाद 97 खिलाड़ियों का मेरिट के आधार पर चयन किया गया।

इस भर्ती की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि चयनित खिलाड़ियों में 80 प्रतिशत से अधिक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है अथवा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया है, जो चयनित खिलाड़ियों की उच्च खेल प्रतिभा को दर्शाता है।

चयनित 97 खिलाड़ियों में हरियाणा के 10 खिलाड़ियों ने योगासन, वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स और टेबल टेनिस जैसे विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

आयकर विभाग में शामिल हुई हरियाणा की खेल प्रतिभाएं

अभिषेक, 24 वर्ष, कर सहायक – योगासन:
अभिषेक ने वर्ष 2026 में अहमदाबाद में आयोजित प्रथम विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक हासिल किए। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2025 में नई दिल्ली में आयोजित दूसरी एशियाई योगासन खेल चैंपियनशिप में भी दो स्वर्ण पदक जीते।

अजय कुमार, 21 वर्ष, कर सहायक – वॉलीबॉल:
अजय कुमार ने बहरीन के रिफा में आयोजित 21वीं एशियाई पुरुष अंडर-20 वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक जीता। उन्होंने मध्य प्रदेश के पन्ना में आयोजित 25वीं यूथ नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भी रजत पदक हासिल किया।

अमन, 19 वर्ष, बहु-कार्य कर्मचारी – फुटबॉल:
अमन वर्ष 2022 में श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित SAFF अंडर-17 चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे। उन्होंने वर्ष 2023 में सऊदी अरब के दम्माम में आयोजित AFC अंडर-17 एशियन कप क्वालीफायर में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया, जहां भारत ने AFC अंडर-17 एशियन कप के लिए क्वालीफाई किया।

आशीष, 20 वर्ष, बहु-कार्य कर्मचारी – कबड्डी:
आशीष ने वर्ष 2023 में आयोजित दूसरी जूनियर विश्व कबड्डी चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद उन्होंने 2025 में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए पुरुष टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया।

निशा, 21 वर्ष, कर सहायक – फुटबॉल:
निशा ने वर्ष 2022 में जमशेदपुर में आयोजित SAFF चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें भारतीय टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने वर्ष 2021 में ढाका, बांग्लादेश में आयोजित SAFF चैंपियनशिप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया और रजत पदक हासिल किया।

रमन, 20 वर्ष, बहु-कार्य कर्मचारी – एथलेटिक्स:
रमन ने वर्ष 2024 में चेन्नई में आयोजित दक्षिण एशियाई जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। उन्होंने वर्ष 2023 में कोयंबटूर में आयोजित 38वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी रजत पदक हासिल किया।

रितु देवी, 21 वर्ष, बहु-कार्य कर्मचारी – फुटबॉल:
रितु देवी ने वर्ष 2022 में आयोजित SAFF अंडर-18 महिला चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें भारतीय टीम चैंपियन बनी। उन्होंने गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार का भी प्रतिनिधित्व किया, जिसने वर्ष 2023-24 में अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय महिला फुटबॉल चैंपियनशिप का खिताब जीता।

रोहित कुमार, 20 वर्ष, बहु-कार्य कर्मचारी – कबड्डी:
रोहित कुमार ने वर्ष 2023 में आयोजित दूसरी जूनियर विश्व कबड्डी चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 2025 में आयोजित 50वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप में हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया, जहां हरियाणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

उपेंद्र, 23 वर्ष, बहु-कार्य कर्मचारी – कबड्डी:
उपेंद्र ने राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए वर्ष 2024 में महाराष्ट्र में आयोजित 70वीं सीनियर राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने वर्ष 2025 में उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में भी कांस्य पदक हासिल किया।

सुहाना सैनी, 19 वर्ष, कर सहायक – टेबल टेनिस:
सुहाना सैनी ने वर्ष 2025 में आयोजित सीनियर नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में मिश्रित युगल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने वर्ष 2023 में स्लोवेनिया में आयोजित विश्व युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में टीम स्पर्धा में कांस्य पदक भी हासिल किया।

खेल प्रतिभाओं को करियर जारी रखने का अवसर

इस अवसर पर प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, मुंबई, श्री आलोक कुमार ने नवनियुक्त खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि खिलाड़ियों को विभागीय जिम्मेदारियों के साथ अपने खेल का अभ्यास जारी रखने और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पर्याप्त अवसर मिलें।

उन्होंने कहा कि आयकर विभाग को उम्मीद है कि नवनियुक्त खिलाड़ी अपने खेल जीवन में प्रदर्शित अनुशासन, दृढ़ संकल्प, समर्पण और उत्कृष्टता की भावना को सार्वजनिक सेवा में भी आगे बढ़ाएंगे।

यह नियुक्ति खेल प्रतिभाओं के प्रति सरकार की व्यापक प्रतिबद्धता को दर्शाती है और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सार्वजनिक सेवा में करियर बनाने के साथ-साथ अपने संबंधित खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करती है।

नियुक्ति कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त खिलाड़ियों को उनकी भूमिकाओं एवं जिम्मेदारियों, सेवा शर्तों तथा लागू सरकारी नियमों के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि वे अपने दायित्वों की स्पष्ट समझ के साथ विभाग में अपनी नई पेशेवर यात्रा शुरू कर सकें।

हरियाणा के इन 10 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के आयकर विभाग में शामिल होने से विभाग में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही, यह पहल युवा खिलाड़ियों को खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने के साथ-साथ राष्ट्र सेवा में योगदान देने के लिए भी प्रेरित करेगी।

तीज के रंग में रंगा मानसा, लड़कियों ने गिद्दा-भांगड़े से बांधा समां

पारंपरिक वेशभूषा, पंजाबी लोक बोलियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई समारोह की रौनक

मानसा / सत्ता संदेश

Report : बिट्टू बुढलाडा

सावन के महीने में मनाया जाने वाला तीज का त्योहार इन दिनों पंजाब भर में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मानसा में खालसा कॉलेज की ओर से तीज समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लड़कियों ने हिस्सा लिया और गिद्दा, भांगड़ा व पंजाबी लोक बोलियों के जरिए खूब रंग जमाया।

मानसा: सावन के महीने में मनाया जाने वाला तीज का त्योहार इन दिनों पंजाब भर में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मानसा में खालसा कॉलेज की ओर से तीज समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लड़कियों ने हिस्सा लिया और गिद्दा, भांगड़ा व पंजाबी लोक बोलियों के जरिए खूब रंग जमाया।

तीज समारोह के दौरान छात्राओं ने पारंपरिक पंजाबी परिधानों में सज-धजकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गिद्दा और भांगड़े के साथ प्रस्तुत की गई पंजाबी लोक बोलियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। पूरे समारोह में पंजाब की समृद्ध संस्कृति और पारंपरिक विरासत की झलक देखने को मिली।

लड़कियों ने बताया कि तीज का त्योहार प्राचीन समय से ही पंजाब की संस्कृति और परंपराओं का अहम हिस्सा रहा है। सावन के महीने का उन्हें खास तौर पर इंतजार रहता है, क्योंकि इस दौरान लड़कियां एकत्र होकर तीज मनाती हैं और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाती हैं।

समारोह के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी लड़कियों ने गिद्दा और भांगड़े की प्रस्तुतियों से माहौल को खुशनुमा बना दिया।

आयोजकों और प्रतिभागियों ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह के माध्यम से पंजाबी लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने का संदेश भी दिया गया।

मानसा से बिट्टू बुढलाडा की रिपोर्ट।

Teej Festival Mansa: मानसा में तीज की धूम, गिद्दा-भांगड़ा और लोक बोलियों ने बांधा समां

मानसा में खालसा कॉलेज की ओर से तीज समारोह धूमधाम से मनाया गया। छात्राओं ने पारंपरिक पंजाबी वेशभूषा में गिद्दा, भांगड़ा और लोक बोलियों से समारोह में रंग जमाया।

पंजाब में गेमिंग और AVGC-XR आयोजन, GameVerse 2026 में उमड़ा युवाओं का सैलाब

लुधियाना में GameVerse 2026 का भव्य आयोजन हुआ। 3000 से अधिक प्रतिभागियों, 10+ कॉलेजों और 25+ स्कूलों ने हिस्सा लिया। गेमिंग, डिजिटल आर्ट, AI, ई-स्पोर्ट्स और AVGC-XR में युवाओं ने प्रतिभा दिखाई।

लुधियाना / सत्ता संदेश

Report:विशाल कपूर

पंजाब में पहली बार गेमिंग, डिजिटल आर्ट और AVGC-XR (Animation, Visual Effects, Gaming, Comics and Extended Reality) क्षेत्र को समर्पित भव्य आयोजन GameVerse 2026 का आयोजन लुधियाना के कार्निवल कॉम्प्लेक्स में किया गया। दो दिवसीय इस आयोजन में विद्यार्थियों, गेमर्स, डिजिटल कलाकारों, शिक्षकों, उद्योग विशेषज्ञों और टेक्नोलॉजी प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का आयोजन पंजाब AVGC-XR एसोसिएशन के सहयोग से भारत के प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान माया एकेडमी ऑफ एडवांस्ड क्रिएटिविटी (MAAC) द्वारा किया गया। आयोजकों के अनुसार, GameVerse 2026 में 3000 से अधिक प्रतिभागियों, 10 से ज्यादा कॉलेजों और 25 से अधिक स्कूलों ने हिस्सा लिया।

आयोजन के दौरान 300 से अधिक गेम आर्ट एंट्रीज प्रदर्शित की गईं, जबकि 12 से ज्यादा वर्कशॉप और विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को गेमिंग, डिजिटल आर्ट और AVGC-XR क्षेत्र में उपलब्ध करियर और रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी देना रहा।

ई-स्पोर्ट्स से लेकर AI तक दिखी युवाओं की प्रतिभा

GameVerse 2026 में BGMI, Free Fire, कंसोल गेमिंग, डिजिटल गेम आर्ट, 3D कैरेक्टर आर्ट, एनवायरमेंट आर्ट, व्हीकल डिजाइन, कॉन्सेप्ट आर्ट, AI कैरेक्टर डिजाइन, कॉमिक्स और मैट पेंटिंग सहित कई श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

इसके अलावा कॉस्प्ले, वर्चुअल रियलिटी अनुभव, AI आधारित चर्चाएं, पोर्टफोलियो रिव्यू और करियर गाइडेंस सेशन भी युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहे।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उनकी रचनात्मकता, मौलिकता और तकनीकी दक्षता के लिए सम्मानित किया गया। आयोजकों के अनुसार, विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को एक लाख रुपये तक के पुरस्कार प्रदान किए गए।

गेमिंग को करियर के रूप में बढ़ावा देने पर जोर

PAM-EX की Co-Founding Member रिया अरोड़ा ने कहा कि GameVerse के पहले संस्करण को मिली शानदार प्रतिक्रिया पंजाब में गेमिंग, डिजिटल आर्ट और क्रिएटिव टेक्नोलॉजी की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में GameVerse को प्रतिभाओं, शिक्षण संस्थानों और उद्योग जगत को जोड़ने वाला एक प्रमुख वार्षिक मंच बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

आयोजन के माध्यम से युवाओं को यह संदेश भी दिया गया कि गेमिंग सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि तेजी से विकसित हो रहा करियर और रोजगार का क्षेत्र भी है। इस क्षेत्र में टेक्नोलॉजी, एनीमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजाइन, कहानी लेखन और उद्यमिता जैसे कई अवसर उपलब्ध हैं।

Machhiwara Chain Snatching: CCTV से खुलासा, महिला से सोने की चेन झपटने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

माछीवाड़ा में गुरुद्वारा श्री गनी खां नबी खां साहिब के रास्ते में महिला से करीब 2 तोले की सोने की चेन झपटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। CCTV फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

माछीवाड़ा साहिब / सत्ता संदेश

Report : जसबीर सिंह अलबेला

माछीवाड़ा पुलिस ने गुरुद्वारा श्री गनी खां नबी खां साहिब में माथा टेकने जा रही महिला से सोने की चेन झपटने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की पहचान माछीवाड़ा निवासी मनीष कुमार बाली और प्रिंस सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त को गीता रानी गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश युवक उनके पास पहुंचे और गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। महिला के अनुसार झपटी गई चेन करीब 2 तोले की थी।

घटना के बाद शिकायत के आधार पर माछीवाड़ा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सहायता के जरिए संदिग्धों की पहचान करने में सफलता हासिल की।

डीएसपी समराला प्रितपाल सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी चरणजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी कर रही है।

रिमांड के दौरान पुलिस झपटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को बरामद करने का प्रयास करेगी। इसके अलावा आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि क्या वे इससे पहले भी किसी अन्य चेन झपटमारी की वारदात में शामिल रहे हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में चेन झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।

टांडा-श्री हरगोबिंदपुर रोड पर दर्दनाक हादसा: टिपर की टक्कर से मां-बेटी की मौत, पिता गंभीर घायल

टांडा/होशियारपुर

होशियारपुर जिले में टांडा-श्री हरगोबिंदपुर रोड पर कार मार्केट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां एक तेज रफ्तार टिपर ने मोटरसाइकिल सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में 15 वर्षीय बेटी और उसकी मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, परिवार टांडा में खरीदारी के लिए आया था। इसके बाद मोटरसाइकिल पर वापस घर लौटते समय कार मार्केट के पास यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टिपर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे।

हादसे में मां और उनकी 15 वर्षीय बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों को कस्टडी में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।