ब्रेकिंग न्यूज़
‘खेदां वतन पंजाब दियां-2026’ में 10 लाख खिलाड़ियों की भागीदारी का लक्ष्य, 23 जिलों में निकलेगा मशाल जुलूस

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘खेदां वतन पंजाब दियां-2026’ को लेकर पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि इस बार खेलों का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य पंजाब में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को नशे से दूर रखना है। इस वर्ष करीब 10 लाख खिलाड़ियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि खेल प्रतियोगिताएं गांव स्तर से लेकर राज्य स्तर तक आयोजित की जाएंगी। ‘खेदां वतन पंजाब दियां-2026’ से पहले पंजाब के सभी 23 जिलों में 12 अगस्त से 5 सितंबर तक मशाल जुलूस निकाला जा रहा है।

इसके बाद 5 सितंबर को बठिंडा में खेलों का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष कुल 38 खेल प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी, जिनमें 14 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों से लेकर 70 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ी भी हिस्सा ले सकेंगे।

पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट शामिल

इस बार ‘खेदां वतन पंजाब दियां’ में पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट को शामिल किया गया है। इसके अलावा पैरा-एथलीटों के लिए एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन और व्हीलचेयर बास्केटबॉल सहित चार खेलों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले तीन सत्रों में इन खेलों में 11.85 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया है। वहीं, पिछले साढ़े चार वर्षों में 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये से अधिक की नकद पुरस्कार राशि दी जा चुकी है।

खिलाड़ियों के लिए रजिस्ट्रेशन पूरी तरह मुफ्त

‘खेदां वतन पंजाब दियां-2026’ में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। खिलाड़ी खेल विभाग के पोर्टल या उपलब्ध QR कोड के जरिए अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

खेलों का समापन समारोह 29 नवंबर को पटियाला में आयोजित किया जाएगा।

ओलंपिक और एशियन गेम्स की तैयारी के लिए आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों की तैयारियों के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करवा रही है। ओलंपिक की तैयारी के लिए खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये, जबकि एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी के लिए 8 लाख रुपये की सहायता दी जाती है।

इस वर्ष 85 खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा, 11 शीर्ष खिलाड़ियों को PCS/DSP स्तर पर सरकारी नौकरियां भी दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पंजाब के खिलाड़ियों को बेहतर मंच, सुविधाएं और आर्थिक सहयोग मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

आधार ऐप का नया रिकॉर्ड … 5 करोड़ डाउनलोड पार

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

आधार ऐप ने 5 करोड़ डाउनलोड का आंकड़ा पार कर लिया है। यूआईडीएआई के अनुसार, यह उपलब्धि लोगों के बीच सुविधाजनक और डिजिटल आधार सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल को दर्शाती है।

आधार ऐप को आधार नंबर धारकों और यूआईडीएआई के बीच एक डिजिटल इंटरफेस के रूप में विकसित किया गया है। इसके जरिए लोग अपने स्मार्टफोन से कई आधार सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इनमें मोबाइल नंबर अपडेट, पता अपडेट, ईमेल अपडेट, बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक और ई-आधार डाउनलोड जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

लाखों लोगों ने ऐप से अपडेट की जानकारी

यूआईडीएआई के मुताबिक, आधार ऐप के जरिए अब तक 60 लाख से अधिक लोगों ने अपना मोबाइल नंबर, जबकि 15 लाख से अधिक लोगों ने अपना पता अपडेट किया है। इसके अलावा 23 लाख से अधिक लोगों ने अपना ईमेल भी अपडेट किया है।

इन आंकड़ों से पता चलता है कि बड़ी संख्या में लोग आधार केंद्र जाने के बजाय डिजिटल माध्यम से आधार से जुड़ी सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं।

‘दिखाएं, साझा करें और सत्यापित करें’ के सिद्धांत पर आधारित है ऐप

आधार ऐप को ‘दिखाएं, साझा करें और सत्यापित करें’ के सिद्धांत पर डिजाइन किया गया है। इसका उद्देश्य आधार नंबर धारकों को अपनी आधार जानकारी के इस्तेमाल पर अधिक नियंत्रण देना और सुविधाजनक पहचान सत्यापन उपलब्ध कराना है।

यूआईडीएआई के अनुसार, ऐप की बढ़ती लोकप्रियता के साथ ऑफलाइन आधार सत्यापन से जुड़े इकोसिस्टम का भी विस्तार किया जा रहा है।

200 से अधिक संस्थाएं OVSE के रूप में शामिल

यूआईडीएआई ने बताया कि जनवरी में ऑफलाइन सत्यापन व्यवस्था की शुरुआत के बाद से 200 से अधिक संस्थाओं को ऑफलाइन सत्यापन चाहने वाली संस्थाओं (OVSEs) के रूप में शामिल किया गया है।

इसके माध्यम से सेवा प्रदाताओं को सुरक्षित, सहमति-आधारित और पेपरलेस तरीके से पहचान सत्यापित करने की सुविधा मिलती है। आधार ऑफलाइन सत्यापन में QR कोड आधारित सत्यापन और सुरक्षित डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेजों जैसी व्यवस्थाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है।

इस प्रक्रिया में संस्थाओं को यूआईडीएआई के केंद्रीय डेटाबेस से रियल-टाइम कनेक्टिविटी की आवश्यकता नहीं होती। साथ ही, आधार नंबर धारक अपनी जरूरत के अनुसार केवल आवश्यक जानकारी साझा कर सकते हैं।

यूआईडीएआई के अनुसार, ये पहल डिजिटल इंडिया विजन के अनुरूप सुरक्षित, सुविधाजनक, सुलभ और तकनीक आधारित सार्वजनिक सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

CCA पंजाब ने मनाया राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस, अति वरिष्ठ नागरिकों का किया सम्मान

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

संचार मंत्रालय, दूरसंचार विभाग, भारत सरकार के अंतर्गत कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा (CCA), पंजाब टेलीकॉम सर्किल की ओर से वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों की सेवाओं एवं योगदान के सम्मान में राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस 2026 मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन यू.टी. गेस्ट हाउस, चंडीगढ़ में किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री विजेंद्र एन. टंडन, नियंत्रक संचार लेखा (CCA), पंजाब ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों और प्रतिभागियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों के स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा कल्याण से जुड़े विभिन्न जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।

साइबर सुरक्षा और डिजिटल सेवाओं पर जागरूकता

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल सेवाओं के सुरक्षित एवं जिम्मेदार इस्तेमाल और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही डिजिटल पेंशन सेवाओं और ऑनलाइन सुविधाओं का सुरक्षित इस्तेमाल करने के तरीकों पर भी चर्चा हुई।

सिटी हॉस्पिटल की डायटीशियन सिमरन ने ‘वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वस्थ जीवनशैली’ विषय पर स्वास्थ्य जागरूकता वार्ता दी। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त नींद, निवारक स्वास्थ्य देखभाल और तनाव प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की।

पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र और SAMPANN से संबंधित सेवाओं की जानकारी देने के लिए विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया।

अति वरिष्ठ नागरिकों को किया सम्मानित

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण अति वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान रहा। सम्मानित वरिष्ठ नागरिकों को शॉल और पौधे भेंट किए गए। प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अनुरूप पेंशनरों को पौधे वितरित किए गए।

आयोजकों के अनुसार, पौधे भेंट करना वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले डॉक्टरों और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों को भी पौधे और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों के रक्तचाप, रक्त शर्करा सहित विभिन्न स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. पुष्पइन्द्र प्रताप सिंह, संयुक्त नियंत्रक संचार लेखा ने वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों के लिए निरंतर सहयोग एवं कल्याणकारी उपायों के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री विजेंद्र एन. टंडन ने अपने संबोधन में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुलभ, उत्तरदायी और पेंशनर-अनुकूल सेवाएं सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने समाज में वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और उनके बहुमूल्य योगदान को भी रेखांकित किया।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। इसके बाद प्रतिभागियों को जलपान और पौधे वितरित किए गए।

CCA पंजाब की ओर से वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए जागरूकता कार्यक्रमों, पेंशन अदालतों, शिविरों, स्वास्थ्य संबंधी पहलों और डिजिटल पेंशन सेवाओं के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

डेयरी डेवलपमेंट डिपार्टमेंट ने पायल के कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में लगाया मिल्क कंज्यूमर अवेयरनेस कैंप

लुधियाना / सत्ता संदेश

डिप्टी डायरेक्टर डेयरी डेवलपमेंट, लुधियाना की अगुवाई में कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, पायल में मिल्क कंज्यूमर अवेयरनेस (स्कूल) कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को दूध की गुणवत्ता, दूध एवं मिल्क प्रोडक्ट्स के महत्व, स्वस्थ खान-पान और करियर विकल्पों के बारे में जागरूक करना रहा।

कैंप के दौरान विद्यार्थियों को दूध के स्वास्थ्य संबंधी महत्व के साथ-साथ दूध और इससे बने उत्पादों के सही इस्तेमाल की जानकारी दी गई। इसके अलावा छात्रों को जंक फूड और कोल्ड ड्रिंक्स से बचने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

40 दूध के सैंपल की हुई जांच

कैंप के दौरान स्टूडेंट्स और टीचर्स की ओर से लाए गए 40 दूध के सैंपल की जांच की गई। इनमें से 25 सैंपल निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए, जबकि 15 सैंपल मानकों से कम पाए गए।

विभाग के अनुसार, जांच किए गए किसी भी दूध के सैंपल में हानिकारक पदार्थ नहीं पाया गया

विशेषज्ञों ने छात्रों को दी जानकारी

कैंप के दौरान डेयरी डेवलपमेंट इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह, अगमप्रीत कौर, अंकित कपूर और अनुरागदीप कौर ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विषयों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं, दिलप्रीत सिंह, B.Tech. डेयरी टेक्नोलॉजिस्ट ने विशेष व्याख्यान के माध्यम से छात्रों को डेयरी क्षेत्र से जुड़ी जानकारी प्रदान की।

स्कूल की प्रिंसिपल अनु शर्मा ने विभाग की ओर से लगाए गए जागरूकता कैंप की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कैंप लगातार आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को स्वस्थ भोजन, अच्छी सेहत और सही खान-पान के प्रति जागरूक किया जा सके।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को करियर गाइडेंस से संबंधित जानकारी देना भी बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे उन्हें भविष्य के लिए बेहतर विकल्प चुनने में मदद मिलती है।

क्विज प्रतियोगिता में छात्रों को मिले पुरस्कार

कार्यक्रम के दौरान विभाग की ओर से स्कूल इंचार्ज को बैज ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को रिफ्रेशमेंट के रूप में ‘मिल्क पियो’ और मिल्क केक दिए गए।

इसके अलावा विभाग की ओर से आयोजित क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले और विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

डेयरी डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के अनुसार, कैंप का उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों को शुद्ध, अच्छी गुणवत्ता वाले और साफ दूध के इस्तेमाल, स्वस्थ आहार तथा दूध के महत्व के बारे में जागरूक करना था।

JNU धनांसू में क्लस्टर-लेवल साइंस एग्जिबिशन का आयोजन, 12 विद्यालयों के छात्र हुए शामिल

लुधियाना / सत्ता संदेश

पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, धनांसू, लुधियाना में दो दिवसीय क्लस्टर-लेवल बच्चों की साइंस एग्जिबिशन का सफल आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में पंजाब-II क्लस्टर के 12 स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपने वैज्ञानिक मॉडल, प्रोजेक्ट और नए आइडिया प्रस्तुत किए।

विद्यालय की प्रिंसिपल निशी गोयल ने बताया कि विद्यार्थियों ने छह अलग-अलग थीम पर आधारित वैज्ञानिक मॉडल और प्रोजेक्ट तैयार किए। इन मॉडलों के माध्यम से छात्रों ने विज्ञान को रोजमर्रा की जिंदगी से जोड़ने और विभिन्न समस्याओं के रचनात्मक समाधान प्रस्तुत करने का प्रयास किया।

सेमिनार में छात्रों ने साझा किए नए आइडिया

साइंस एग्जिबिशन के साथ एक विशेष सेमिनार का भी आयोजन किया गया। इसमें भाग लेने वाले स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। छात्रों ने अपने वैज्ञानिक विचारों, जानकारी और नए कॉन्सेप्ट को सभी के साथ साझा किया।

आयोजकों के अनुसार, इस गतिविधि से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, कम्युनिकेशन स्किल, आत्मविश्वास और खोजपरक सोच को बढ़ावा मिला।

हर थीम से चुना गया विजेता

प्रदर्शनी में प्रस्तुत विद्यार्थियों के मॉडल और प्रोजेक्ट का जजों की ओर से निर्धारित मानदंडों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। प्रत्येक थीम से एक विजेता का चयन किया गया और विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रिंसिपल निशी गोयल ने विद्यार्थियों को विज्ञान और इनोवेशन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रदर्शनी में हिस्सा लेने वाले सभी विद्यार्थियों, एस्कॉर्ट टीचर्स, जजों और आयोजन टीम के प्रयासों की सराहना की।

यह साइंस एग्जिबिशन विद्यार्थियों के लिए सीखने, अपने विचार साझा करने, प्रयोग करने और अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुई।

फ्रीडम फाइटर्स एंड सक्सेसर्स ऑर्गनाइजेशन ने DC हिमांशु जैन को दिया Certificate of Appreciation

लुधियाना / सत्ता संदेश

पंजाब स्टेट फ्रीडम फाइटर्स एंड सक्सेसर्स ऑर्गनाइजेशन पंजाब की लुधियाना यूनिट ने डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन को Certificate of Appreciation देकर सम्मानित किया। संगठन की ओर से यह सम्मान स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फ्रीडम फाइटर्स के वारिसों के लिए किए गए बेहतर इंतजामों की सराहना के तौर पर दिया गया।

संगठन के जिला अध्यक्ष जगजीत सिंह सेखों ने बताया कि संगठन के नेताओं से सलाह-मशविरा करने के बाद जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों के वारिसों को सम्मान देने के लिए किए गए इंतजाम सराहनीय रहे।

उन्होंने कहा कि डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन की गाइडेंस और उचित निगरानी में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने पूरी मेहनत और लगन से अपनी जिम्मेदारी निभाई। इसके चलते स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले लोगों और कार्यक्रम देखने पहुंचे दर्शकों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

जगजीत सिंह सेखों ने कहा कि इस बड़े स्वतंत्रता दिवस समारोह की सफलता का श्रेय डिप्टी कमिश्नर और पूरे जिला प्रशासन को जाता है। उन्होंने प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहयोग की उम्मीद जताई।

संगठन के नेताओं ने किया सम्मान

डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन को सम्मानित करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में संगठन के जिला सचिव अवतार सिंह, जोन इंचार्ज रविंदर कपूर, उपाध्यक्ष नछत्तर सिंह, कार्यकारी सदस्य सुरिंदरपाल सिंह, जसविंदर सिंह पुनिया और बलविंदर सिंह हैबोवाल शामिल रहे।

वर्ल्ड फोटोग्राफी डे पर लुधियाना में ‘वन थाउजेंड वर्ड्स’ फोटो एग्जीबिशन, 42 तस्वीरों ने बयां कीं अलग-अलग कहानियां

लुधियाना / सत्ता संदेश

वर्ल्ड फोटोग्राफी डे के अवसर पर लुधियाना फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से लक्ष्मी लेडीज क्लब में 10वीं सालाना फोटो एग्जीबिशन ‘वन थाउजेंड वर्ड्स’ का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन पद्म श्री अवॉर्डी रजनी बेक्टर, E-9 फाउंडेशन की प्रेसिडेंट हीना सिंह, अमन संधू और रामगढ़िया एजुकेशन काउंसिल के प्रेसिडेंट एस. रणजोध सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन के बाद मुख्य मेहमानों और अन्य गणमान्य लोगों ने प्रदर्शनी में लगाई गई तस्वीरों को देखा और फोटो जर्नलिस्टों की कला, मेहनत और विजन की सराहना की।

‘एक तस्वीर कई बार हजार शब्दों से ज्यादा कह देती है’

पद्म श्री अवॉर्डी रजनी बेक्टर ने लुधियाना फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदर्शनी में शामिल 42 तस्वीरें अपने आप में अलग-अलग कहानियां बयां करती हैं। उन्होंने कहा कि कई बार एक तस्वीर समाज की सच्चाई को हजारों शब्दों से भी बेहतर तरीके से सामने रख सकती है।

उन्होंने इस अनोखी पहल के लिए एसोसिएशन की पूरी टीम को बधाई दी।

E-9 फाउंडेशन की प्रेसिडेंट और दीपक बिल्डर की डिप्टी MD हीना सिंघल ने भी प्रदर्शनी की सराहना की। उन्होंने कहा कि फोटो जर्नलिस्टों की बेहतरीन तस्वीरों को लंबे समय तक प्रदर्शित किया जाना चाहिए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इन तस्वीरों के जरिए समाज और शहर की झलक देख सकें।

दस साल से जारी है फोटो एग्जीबिशन

एक्टिंग मेयर राकेश पराशर ने कहा कि फोटो जर्नलिस्ट रोजाना लोगों की जिंदगी से जुड़ी घटनाओं, बदलावों और समाज के अलग-अलग रंगों को तस्वीरों के माध्यम से सामने लाते हैं। उन्होंने लगातार दस वर्षों से फोटो एग्जीबिशन आयोजित करने के लिए लुधियाना फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन की सराहना की।

एसोसिएशन के चेयरमैन गुरमीत सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी में स्वर्गीय धर्मवीर जी द्वारा पुराने समय में फोटोग्राफी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कैमरे भी प्रदर्शित किए गए हैं। पुराने कैमरों और फोटोग्राफी उपकरणों को देखकर खासकर नई पीढ़ी को फोटोग्राफी के इतिहास और उसके बदलते स्वरूप को समझने का अवसर मिल रहा है।

प्रदर्शनी में पुराने कैमरों के साथ-साथ आधुनिक डिजिटल फोटोग्राफी की झलक भी देखने को मिली।

फोटो जर्नलिस्टों की तस्वीरों में दिखी शहर और समाज की झलक

एसोसिएशन के प्रेसिडेंट कुलदीप सिंह काला ने कहा कि फोटो जर्नलिस्ट अपने-अपने अखबारों के लिए बेहतर तस्वीरें लेने के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ काम करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का दसवें वर्ष में पहुंचना एसोसिएशन के लिए गर्व और खुशी की बात है।

कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन की मैनेजिंग कमेटी ने मुख्य मेहमानों और गणमान्य लोगों का स्वागत किया तथा उन्हें सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। विभिन्न स्कूलों से पहुंचे बच्चों ने भी प्रदर्शनी में खास दिलचस्पी दिखाई और तस्वीरों के साथ पुराने कैमरों को भी उत्सुकता से देखा।

कार्यक्रम में गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब के चीफ सेवादार प्रितपाल सिंह, पंजाबी अभिनेता दीप जोशी, प्रितपाल सिंह पाली, काउंसलर प्रदीप गाबी, सनी भल्ला, रोहित खुल्लर, राजू कनौजिया, जुगल गोयल, FICCI FLO से सनम मेहरा, उमा गुप्ता, एडवोकेट कमल ज्योति समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इसके अलावा डॉ. वात्स्यायन, रोहित धीर, चेरी आहलूवालिया, एडवोकेट विपिन सग्गर, एडवोकेट हिमांशु वालिया, वरिष्ठ BJP नेता जीवन गुप्ता, रुचि विशाल गुलाटी, संजीव चौधरी, अश्वनी शर्मा, परवीन डांग, वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद बातिश, एस. गुरिंदर सिंह, अमित गोसाईं और जनक राज गोयल समेत कई लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

एसोसिएशन के पैट्रन इंदरजीत वर्मा, सेक्रेटरी गुरप्रीत सिंह सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे।

VSSL ने डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन कॉम्पिटिशन के लिए DC हिमांशु जैन को दिया 5 लाख रुपये का चेक

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना, 19 अगस्त: वर्धमान स्पेशल स्टील्स लिमिटेड (VSSL) ने युवाओं में खेलों, खासकर बैडमिंटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अपने CSR इनिशिएटिव ‘खेल प्रोत्साहन’ के तहत 5 लाख रुपये की सहायता दी है। VSSL के CSR हेड अमित धवन ने डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन कॉम्पिटिशन के लिए डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन, IAS को 5 लाख रुपये का चेक सौंपा।

इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने VSSL के चेयरमैन सचित जैन और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सौम्या जैन का धन्यवाद किया। उन्होंने VSSL के स्पोर्ट्स-केंद्रित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनके बेहतर भविष्य के लिए इस तरह की पहल महत्वपूर्ण है।

VSSL के CSR हेड अमित धवन ने सुलभा जिंदल और लुधियाना बैडमिंटन एसोसिएशन (LBA) की टीम का भी युवाओं के बीच खेलों को बढ़ावा देने में सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि चेयरमैन सचित जैन के नेतृत्व और मार्गदर्शन में VSSL खेलों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

बास्केटबॉल और फुटबॉल के लिए भी 10-10 लाख रुपये की मदद

अमित धवन ने बताया कि VSSL की ओर से 10 स्कूलों में बास्केटबॉल को बढ़ावा देने के लिए ‘लुधियाना केयर्स’ को 10 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इस प्रोजेक्ट के तहत स्कूलों के विद्यार्थियों को नियमित प्रशिक्षण देने के लिए बास्केटबॉल ट्रेनर उपलब्ध करवाए जाएंगे।

इसके अलावा, युवाओं को फुटबॉल को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से VSSL ‘इंडिया खेलो फुटबॉल’ को भी 10 लाख रुपये की सहायता देगा। यह प्रोजेक्ट स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट और ‘इंडिया खेलो फुटबॉल’ के सहयोग से लागू किया जाएगा।

VSSL के अनुसार, कंपनी भविष्य में भी खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के लिए सामाजिक और खेल-केंद्रित कार्यक्रम जारी रखेगी।

LPU ने इनोशवेशन इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए ‘नेशनल एग्री-स्टार्टअप स्टेकहोल्डर्स कनेक्ट’ का किया आयोजन

जालंधर / सत्ता संदेश

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर की ओर से ‘एग्री-स्टार्टअप स्टेकहोल्डर्स कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘सहयोग और साझेदारी को बढ़ावा देने’ की थीम पर आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में नीति-निर्माताओं, वैज्ञानिकों, बैंकरों, किसानों, स्टार्टअप्स, छात्रों और इंडस्ट्री विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य भारत के एग्री-इनोवेशन इकोसिस्टम को मजबूत करने के साथ कृषि क्षेत्र में इनोवेशन, एंटरप्रेन्योरशिप और संस्थागत सहयोग को बढ़ावा देना रहा। यह आयोजन नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन मैनेजमेंट (MANAGE), हैदराबाद, सेंटर फॉर इनोवेशन एंड एग्रीप्रेन्योरशिप (MANAGE-CIA) और पंजाब एग्रीबिजनेस इनक्यूबेटर, पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कहा कि कृषि क्षेत्र में टिकाऊ विकास और नए एग्री-एंटरप्रेन्योर्स को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा जगत, रिसर्च संस्थानों, वित्तीय संगठनों और एग्रीबिजनेस से जुड़े संस्थानों के बीच मजबूत साझेदारी जरूरी है।

रिसर्च को सफल बिजनेस में बदलने पर जोर

LPU के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. लोवी राज गुप्ता ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए एग्री-एंटरप्रेन्योरशिप को बढ़ावा देने के लिए यूनिवर्सिटी की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने रिसर्च और इनोवेटिव विचारों को व्यावसायिक रूप से सफल उद्यमों में बदलने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि कृषि क्षेत्र में उनका लंबे समय तक प्रभाव दिखाई दे।

कार्यक्रम में डॉ. सरवनन राज, निदेशक-एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन और CEO, MANAGE-CIA; डॉ. परविंदर श्योराण, निदेशक, ICAR-ATARI, लुधियाना; डॉ. विकास ऋषि, साइंटिस्ट-G, BRIC-नेशनल एग्री-फूड एंड बायोमैन्युफैक्चरिंग इंस्टीट्यूट, मोहाली; डॉ. रंजीत सिंह, प्रिंसिपल साइंटिस्ट, ICAR-CIPHET, लुधियाना; डॉ. प्रदीप सागवाल, एसोसिएट साइंटिस्ट, CGIAR-इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर, करनाल और सुश्री पूनम चुम, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, द उन्नति एग्री एलाइड एंड मार्केटिंग मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव सोसाइटी सहित कई विशेषज्ञ शामिल हुए।

वक्ताओं ने कृषि क्षेत्र में इनोवेशन, नई तकनीकों को अपनाने और सहयोगी पहलों के जरिए मजबूत एवं उद्यम आधारित कृषि इकोसिस्टम तैयार करने पर विचार साझा किए।

18 स्टार्टअप्स ने प्रदर्शनी में दिखाए अपने इनोवेटिव समाधान

कार्यक्रम के दौरान टेक्निकल सेशन, 18 स्टार्टअप उद्यमों की प्रदर्शनी और पिचिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। पिचिंग प्रतियोगिता के जरिए उभरते उद्यमियों को कृषि क्षेत्र से जुड़े अपने इनोवेटिव समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में फसल कटाई के बाद वैल्यू एडिशन, बायो-मैन्युफैक्चरिंग, मार्केट लिंकेज, संस्थागत क्रेडिट और स्टार्टअप सपोर्ट सिस्टम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

डॉ. प्रदीप कुमार छुनेजा और डॉ. सपना जरियाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। वहीं, मनदीप सिंह सैनी ने LPU इनक्यूबेशन सेंटर में नए उद्यमियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और सपोर्ट इकोसिस्टम की जानकारी दी।

किसानों, स्टार्टअप फाउंडर्स, छात्रों, फैकल्टी सदस्यों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजकों के अनुसार, इस तरह की साझेदारियां कृषि क्षेत्र में इनोवेशन को बढ़ावा देने और देश में एग्रीप्रेन्योर्स की नई पीढ़ी को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

ट्रांसपोर्ट नगर में दुकान को बनाया निशाना, छत के रास्ते घुसे चोर; डेढ़ लाख के करीब कैश चोरी

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना शहर में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला ट्रांसपोर्ट नगर की घोड़ा कॉलोनी से सामने आया है, जहां चोरों ने एक दुकान को निशाना बनाते हुए छत के रास्ते अंदर प्रवेश किया और दुकान के ताले तोड़कर नकदी चोरी कर ली। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

दुकानदार के मुताबिक, उसे चोरी की घटना का पता सुबह दुकान पर पहुंचने के बाद चला। आज दुकान पर साबुन का लंगर लगाया जाना था, जिसके चलते वह सुबह दुकान पहुंचा। वहां पहुंचकर उसने देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ था। दुकान खोलने पर अंदर काफी तोड़फोड़ मिली और सामान भी अस्त-व्यस्त था।

दुकानदार ने बताया कि दुकान से करीब 1 लाख 25 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई है। इसके अलावा चोर जाते समय दुकान में रखी बाबा जी की गोलक से भी पैसे ले गए। शुरुआती तौर पर चोरी की रकम करीब डेढ़ लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है।

दुकानदार का कहना है कि यह इलाके में चोरी की पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी घोड़ा कॉलोनी और आसपास के इलाके में चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वहीं, इलाके में लूटपाट की घटनाओं को लेकर भी स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।

दुकानदार और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि लगातार सामने आ रही चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।