ब्रेकिंग न्यूज़
ट्रांसपोर्ट नगर में दुकान को बनाया निशाना, छत के रास्ते घुसे चोर; डेढ़ लाख के करीब कैश चोरी

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना शहर में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला ट्रांसपोर्ट नगर की घोड़ा कॉलोनी से सामने आया है, जहां चोरों ने एक दुकान को निशाना बनाते हुए छत के रास्ते अंदर प्रवेश किया और दुकान के ताले तोड़कर नकदी चोरी कर ली। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

दुकानदार के मुताबिक, उसे चोरी की घटना का पता सुबह दुकान पर पहुंचने के बाद चला। आज दुकान पर साबुन का लंगर लगाया जाना था, जिसके चलते वह सुबह दुकान पहुंचा। वहां पहुंचकर उसने देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ था। दुकान खोलने पर अंदर काफी तोड़फोड़ मिली और सामान भी अस्त-व्यस्त था।

दुकानदार ने बताया कि दुकान से करीब 1 लाख 25 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई है। इसके अलावा चोर जाते समय दुकान में रखी बाबा जी की गोलक से भी पैसे ले गए। शुरुआती तौर पर चोरी की रकम करीब डेढ़ लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है।

दुकानदार का कहना है कि यह इलाके में चोरी की पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी घोड़ा कॉलोनी और आसपास के इलाके में चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वहीं, इलाके में लूटपाट की घटनाओं को लेकर भी स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।

दुकानदार और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि लगातार सामने आ रही चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *