चैंपियंस लीग: PSG की खिताबी जीत के बाद पेरिस में जबरदस्त बवाल, फैंस ने की तोड़फोड़ और आगजनी; 45 गिरफ्तार
इंटरनेशनल डेस्क : चैंपियंस लीग के फाइनल में पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) की ऐतिहासिक जीत का जश्न उस समय मातम और हंगामे में बदल गया, जब टीम के समर्थकों ने पेरिस की सड़कों पर जबरदस्त उत्पात मचाया। आर्सेनल को पेनल्टी शूटआउट में हराने के बाद जीत की खुशी मना रहे फैंस हिंसक हो गए और पुलिस के साथ उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी: पेरिस पुलिस के अनुसार, करीब 20 हजार लोग प्रतिष्ठित चैंप्स-एलिसी एवेन्यू पर जश्न मनाने के लिए इकट्ठा हुए थे। इस दौरान भीड़ बेकाबू हो गई और उपद्रवियों ने दुकानों, एक बेकरी और एक रेस्तरां में तोड़फोड़ की। उपद्रवियों ने 6 गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया और बस स्टॉप के शीशे भी तोड़ दिए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसमें एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और गिरफ्तारियां : हंगामे की आशंका को देखते हुए पूरे फ्रांस में 22 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, जिनमें से 8 हजार अकेले पेरिस में तैनात थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 79 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें से 45 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में पटाखे और फ्लेयर्स भी जब्त किए हैं।
यातायात हुआ ठप हिंसा और हंगामे के कारण: पेरिस में सुरक्षा के लिहाज से ट्राम लाइनों को रोक दिया गया और कई मुख्य मेट्रो स्टेशनों को बंद करना पड़ा। कुछ इलाकों में बस सेवाएं भी पूरी तरह ठप कर दी गईं ताकि उपद्रवियों को रोका जा सके। पुलिस ने बताया कि कुछ उपद्रवियों ने किराए की साइकिलों से बैरिकेड बनाकर पुलिस का रास्ता रोकने की भी कोशिश की थी।

