T20 वर्ल्ड कप 2026: संजू सैमसन के तूफान में उड़ा वेस्टइंडीज, ईडन गार्डन्स में इतिहास रचकर सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया
स्पोर्ट्स डेस्क: : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर शान से सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर खेले गए इस रोमांचक मैच में भारत ने न केवल जीत दर्ज की, बल्कि टी20 अंतरराष्ट्रीय और वर्ल्ड कप इतिहास का एक नया रिकॉर्ड भी बना दिया।
वेस्टइंडीज की आतिशी बल्लेबाजी: टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। विंडीज की ओर से रोस्टन चेज ने 40 और जेसन होल्डर ने 22 गेंदों में नाबाद 37 रनों की पारी खेली। कप्तान रोवमन पॉवेल (34*) और होल्डर के बीच आखिरी ओवरों में 76 रनों की अटूट साझेदारी हुई, जिसने भारत के सामने 196 रनों का लक्ष्य रखा।
संजू सैमसन का धमाका और रिकॉर्ड चेज: लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। अभिषेक शर्मा (10) और ईशान किशन (10) जल्दी आउट हो गए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव भी 18 रन ही बना सके। इसके बाद संजू सैमसन ने मोर्चा संभाला और 50 गेंदों में नाबाद 97 रनों (12 चौके, 4 छक्के) की मैच जिताऊ पारी खेली। तिलक वर्मा ने भी 27 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
भारत ने आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल कर इतिहास रच दिया; यह टी20 वर्ल्ड कप में भारत का सबसे बड़ा रन चेज है और ईडन गार्डन्स के मैदान पर भी अब तक का सबसे बड़ा सफल पीछा है।इस जीत के साथ ही इस वर्ल्ड कप के लिए सभी 4 सेमीफाइनलिस्ट टीमों के नाम तय हो गए हैं।

