ब्रेकिंग न्यूज़
इजरायल-ईरान युद्ध का पंजाब पर असर: अमृतसर एयरपोर्ट से 10 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें रद्द, सैकड़ों यात्री फंसे

पंजाब डेस्क: अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमलों के कारण मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में हालात बेहद नाजुक हो गए हैं। इस युद्ध का सीधा असर अब भारत, विशेष रूप से पंजाब और चंडीगढ़ की हवाई आवाजाही पर स्पष्ट रूप से दिखने लगा है। सुरक्षा कारणों और कई देशों द्वारा अपने हवाई क्षेत्र (Airspace) को बंद किए जाने के कारण खाड़ी देशों की उड़ानों को बड़े स्तर पर रद्द कर दिया गया है।

यात्रियों में भारी रोष और चिंता: अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, अमृतसर से दुबई, शारजाह, कतर और अन्य खाड़ी देशों के लिए चलने वाली करीब 10 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें रद्द हो गई हैं। उड़ानों के अचानक रद्द होने और भविष्य के शेड्यूल की स्पष्ट जानकारी न मिलने के कारण यात्रियों में गहरा रोष देखा जा रहा है।

नौकरी जाने का सता रहा है डर: हवाई अड्डे पर फंसे कई यात्रियों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उन्हें अपनी विदेशी नौकरी खोने का डर सता रहा है।दोहा (कतर) में लेबर का काम करने वाले अरविंदर सिंह ने बताया कि वह एक महीने की छुट्टी के बाद वापस जा रहे थे, लेकिन एयर इंडिया की उड़ान रद्द होने से वह मानसिक तनाव में हैं।इसी तरह, मस्कट में 10 साल से कार्यरत जगदीप सिंह की दिल्ली से मस्कट जाने वाली उड़ान भी रद्द हो गई है, जिससे वह अपने काम पर नहीं लौट पा रहे हैं।

प्रशासनिक पुष्टि: अमृतसर एयरपोर्ट के निदेशक भूपिंदर सिंह ने इन उड़ानों के प्रभावित होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मौजूदा वैश्विक स्थितियों के कारण यह बदलाव आए हैं और एयरलाइंस यात्रियों की सहायता करने का प्रयास कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *