लुधियाना में लूट करने वाला प्रेमी जोड़ा गिरफ्तार: चाकू दिखाकर स्कूटी, मोबाइल और नकदी लेकर हुए थे फरार
पंजाब डेस्क : लुधियाना जिले की रायकोट पुलिस ने चाकू की नोक पर स्कूटी और नकदी लूटने वाले एक प्रेमी जोड़े को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान तलवंडी निवासी जसविंदर सिंह उर्फ जस्सा और गुरप्रीत कौर उर्फ प्रीति के रूप में हुई है।
वारदात का विवरण: यह घटना 3 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे सिलौनी रोड पर न्यू ग्रीन सिटी के पास हुई थी। पीड़ित युवक जब अपनी स्कूटी पर जा रहा था, तब इन दोनों ने उसे रोक लिया।
युवक ने पीड़ित को थप्पड़ मारा और चाकू दिखाकर डराया, जबकि युवती स्कूटी पर बैठ गई। आरोपियों ने पीड़ित से उसकी स्कूटी, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और नकदी छीन ली और बस्सियां रोड की तरफ फरार हो गए।
लिव-इन में रहने के लिए की लूट: पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी प्रेमी-प्रेमिका हैं और लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पूछताछ के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि पैसों की जरूरत के कारण उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।
जांच और गिरफ्तारी: पीड़ित की माता परमजीत कौर ने अपने स्तर पर पड़ताल की, जिससे आरोपियों की पहचान हुई। आरोपियों को रायकोट बस स्टैंड के पास देखे जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

