लुधियाना में कांग्रेस नेता की कुल्हाड़ी मारकर बेरहमी से हत्या, बस अड्डे पर सरेआम हुआ हमला
पंजाब डेस्क: पंजाब के लुधियाना जिले के माछीवाड़ा कस्बे में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ गांव तखरां के बस स्टैंड पर कांग्रेस ब्लॉक प्रधान परमिंदर तिवारी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई।
हमला: परमिंदर तिवारी रोजाना की तरह बस स्टैंड पर मौजूद थे, तभी दो अज्ञात हमलावरों ने पीछे से उन पर कुल्हाड़ी से सिर और कान पर वार किए। हमले के बाद वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
बेटे ने देखा: घटना के तुरंत बाद जब उनका बेटा वहां से गुजरा, तो उसने अपने पिता को सड़क पर खून से लथपथ पड़ा पाया। उन्हें तुरंत माछीवाड़ा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से गंभीर हालत के चलते उन्हें फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस कार्रवाई: सूचना मिलते ही थाना कूमकलां की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हमलावर वारदात को अंजाम देकर लुधियाना की तरफ भाग निकले।
चश्मदीद का बड़ा खुलासा: एक चश्मदीद ने बताया कि उसने हमलावरों को तिवारी के सिर पर वार करते देखा और उन्हें पकड़ने की कोशिश भी की। चश्मदीद के अनुसार, हमलावर उस इलाके के नहीं थे क्योंकि उन्हें पहले कभी वहां नहीं देखा गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के समय 100 नंबर पर फोन किया गया था, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। चश्मदीद निहत्था था और हमलावरों के पास कुल्हाड़ी थी, जिसके कारण वे भागने में सफल रहे।

