ब्रेकिंग न्यूज़
गुरदासपुर में बड़ी लूट: 5 लुटेरों ने सुनार के घर से उड़ाए 7 करोड़

पंजाब डेस्क: पंजाब के गुरदासपुर से सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है, जहाँ जेल रोड (स्कीम नंबर 5) पर स्थित एक मशहूर सुनार वरुण महाजन के घर में घुसकर पांच लुटेरों ने करीब 7 करोड़ रुपये के गहने और नकदी लूट ली। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ये लुटेरे निहंग सिखों के बाने (पोशाक) में आए थे ताकि किसी को उन पर शक न हो।

वारदात का तरीका: यह घटना सुबह करीब 8 बजे की है जब घर का ड्राइवर गाड़ियां साफ कर रहा था। लुटेरों ने घर में घुसने के लिए बहाना बनाया कि परिवार ने सोशल मीडिया पर उनके गुरुओं के खिलाफ कुछ गलत पोस्ट किया है। अंदर दाखिल होते ही उन्होंने बंदूक की नोक पर परिवार के सदस्यों और बच्चों (क्रिश और शिखर) को अलग-अलग कमरों में बंधक बना लिया। लुटेरों ने बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर घर की सारी चाबियां हासिल कर लीं।

लूट और फरार: परिवार के अनुसार, लुटेरे घर से 7 करोड़ रुपये का सोना और नकदी लेकर फरार हो गए। सबूत मिटाने के उद्देश्य से लुटेरे जाते समय घर के CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए और मालिक की कार में सवार होकर भाग निकले।

पुलिस और राजनीतिक प्रतिक्रिया: सूचना मिलते ही एसएसपी गुरदासपुर आदित्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

इस घटना के बाद गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पंजाब की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने पंजाब के डीजीपी से अपील की है कि लोगों की सुरक्षा के लिए आत्मरक्षा हेतु लाइसेंसी हथियार दिए जाने चाहिए।

IND vs ENG सेमीफाइनल: टीम इंडिया ने इंग्लैंड को रोमांचक मैच में हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में मारी एंट्री

स्पोर्ट्स डेस्क: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जीत के साथ ही अब खिताबी भिड़ंत के लिए भारत का सामना 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड से होगा।

मैच का रोमांच और भारतीय पारी: इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से संजू सैमसन ने 89 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को इस मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

इंग्लैंड की चुनौती और भारतीय गेंदबाजों का पलटवार: लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और उसने पहले 6 ओवर्स में ही अपने तीन मुख्य विकेट (फिल साल्ट, हैरी ब्रूक और जोस बटलर) गंवा दिए थे। हालांकि, जैकब बेथेल ने एक छोर संभाले रखा और 48 गेंदों में 105 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेलकर मैच को बेहद रोमांचक बना दिया। उन्हें विल जैक्स (35 रन) का भी अच्छा साथ मिला।

मैच के आखिरी क्षणों में जसप्रीत बुमराह की धारदार गेंदबाजी ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाया। जीत के लिए अंतिम ओवर में जरूरी 30 रनों का पीछा करते हुए बेथेल पहली ही गेंद पर रन आउट हो गए।

अंततः इंग्लैंड की टीम 20 ओवर्स में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी और भारत ने मैच 7 रनों से जीत लिया।

नीतीश कुमार और नितिन नवीन के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पर अमित शाह ने दी बधाई

पटना, पांच मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने पर उन्हें बधाई दी।

बिहार के जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पांच उम्मीदवारों के नामांकन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री पटना में मौजूद थे। राजग के अन्य उम्मीदवारों में भाजपा के प्रदेश महासचिव शिवेश कुमार, केंद्रीय मंत्री और जदयू के रामनाथ ठाकुर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के उपेन्द्र कुशवाहा शामिल हैं।

शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “नीतीश कुमार जी ने बिहार से राज्यसभा सदस्य के रूप में आज नामांकन भरा है। बीते दो दशकों से बिहार की जनता के कल्याण के लिए आपकी प्रतिबद्धता और समर्पित नेतृत्व ने प्रदेश को जंगलराज से मुक्त कर विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाया है।”

उन्होंने कहा कि जनसेवा का उनका व्यापक अनुभव और नीति-निर्माण की गहरी समझ राज्यसभा की कार्यवाही को और अधिक प्रभावी बनाएगी।

शाह ने लिखा कि उनकी गरिमामयी उपस्थिति से राजग के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को और भी मजबूती मिलेगी।

केंद्रीय गृह मंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा नामांकन पर भी उन्हें बधाई दी।

उन्होंने कहा, “भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज राज्यसभा के लिए नामांकन भरा है। राज्य में लंबे समय तक सफल और सक्रिय राजनीति करने के बाद अब वह उच्च सदन में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।”

कोटा के शिव मठ मंदिर चंद्रेसल का संरक्षण कार्य होगा: उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी

 जयपुर, पांच मार्च (भाषा) राजस्थान सरकार कोटा के शिव मठ मंदिर चंद्रेसल के संरक्षण का कार्य करेगी।

उपमुख्यमंत्री तथा संस्कृति एवं पुरातत्व मंत्री दिया कुमारी ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोटा का शिव मठ मंदिर, चंद्रेसल 10वीं-11वीं शताब्दी का मंदिर है, राज्य सरकार शीघ्र ही प्राथमिकता से इस मंदिर के संरक्षण संबंधी काम करेगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व में शिव मठ मंदिर, चंद्रेसल के शिखर का कार्य मैचिंग पत्थर नहीं मिलने के कारण नहीं करवाया जा सका था।

उन्होंने आश्वस्त किया कि इस स्मारक का संरक्षण एवं विकास कार्य विशेषज्ञों की देख-रेख में पूर्ण सावधानी और उच्चगुणवक्तायुक्त सामग्री से ही करवाया जाएगा।

वह प्रश्नकाल के दौरान विधायक कल्पना देवी के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रही थीं। उन्होंने कहा कि शिव मठ मंदिर, चंद्रेसल को पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग द्वारा 2008 में संरक्षित किया गया था। उन्होंने बताया कि इस मठ एवं मंदिर में सभा मंडप का जीर्णोद्धार कार्य, फर्श इत्यादि कार्य करवाए गए थे।

ई-चालान के खिलाफ आंदोलन करेंगे महाराष्ट्र के ट्रांसपोर्टर, अनिश्चितकालीन हड़ताल का एलान

मुंबई, पांच मार्च (भाषा) महाराष्ट्र में विभिन्न ट्रांसपोर्टर ने ‘‘मनमाने और अत्यधिक’’ ई-चालान तथा अन्य समस्याओं के विरोध में बृहस्पतिवार से राज्यव्यापी ‘‘चक्का जाम’’ का एलान किया तथा आधी रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी।

महाराष्ट्र परिवहन आयुक्त के कार्यालय में बुधवार शाम हुई वार्ता के अंतिम दौर में भी कोई खास निष्कर्ष नहीं निकलने के बाद ‘महाराष्ट्र ट्रांसपोर्ट एक्शन कमेटी’ (एम-टीएसी) ने कहा कि वह हड़ताल पर जाने का निर्णय लेगी।

एम-टीएसी के प्रतिनिधियों के अनुसार, ट्रांसपोर्टर मुंबई के आजाद मैदान में और राज्य के अन्य हिस्सों में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे, जिसके बाद वह रात से हड़ताल पर रहेंगे।

एम-टीएसी ने कहा कि अनिश्चितकालीन आंदोलन के दौरान स्कूल बसें, अनुबंध पर चलने वाली बसें, निजी बसें और ट्रक, टेम्पो, टैक्सी तथा टैंकर सहित वाणिज्यिक वाहन नहीं चलेंगे। ट्रांसपोर्टर ने विरोध स्थलों पर अपने वाहन लाने की भी धमकी दी है।

‘स्कूल बस ओनर्स एसोसिएशन’ के पदाधिकारी अनिल गर्ग ने बुधवार को कहा था कि अगर अनिश्चितकालीन हड़ताल होती है तो शुक्रवार से राज्य भर में स्कूल बसें नहीं चलेंगी, हालांकि बृहस्पतिवार को उनकी सेवाएं प्रभावित नहीं रहेंगी।

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने भी इस सप्ताह की शुरुआत में यहां महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) मुख्यालय में ट्रांसपोर्टर के साथ एक बैठक की थी, लेकिन एम-टीएसी ने कहा कि सरकार की ओर से ‘‘खोखले आश्वासनों’’ के कारण बातचीत में कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकला।

सरनाइक ने ट्रांसपोर्टर से अपना आंदोलन वापस लेने की अपील करते हुए कहा था कि सरकार खड़ी गाड़ियों को जारी किए गए ‘‘अन्यायपूर्ण’’ ई-चालान को रद्द करने के बारे में सकारात्मक है और इस मामले पर अनुकूल निर्णय लेगी।

विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि परिवहन आयुक्त के कार्यालय ने सभी आरटीओ को नियंत्रण कक्ष सक्रिय करने के निर्देश दिए जबकि कानून-व्यवस्था के बिगड़ने की स्थिति पैदा होने जैसी घटना अगर होती है तो कार्यालय को सूचित करने के लिए कहा।

अधिकारी ने बताया कि हड़ताल जारी रहने तक सभी आरटीओ को प्रतिदिन शाम पांच बजे से पहले एक विस्तृत और तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।

उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में उनके अधिकार क्षेत्र में हड़ताल के प्रभाव, आवश्यक वस्तुओं और यात्रियों की आवाजाही की स्थिति, जनता को राहत प्रदान करने के लिए उठाए गए निवारक कदम और हड़ताल के दौरान सामने आई समस्याओं जैसी जानकारी शामिल होनी चाहिए।

एम-टीएसी ने कहा कि यह आंदोलन इलेक्ट्रॉनिक यातायात प्रवर्तन की ‘‘मनमानी’’ कार्रवाई तथा परिवहन क्षेत्र पर बढ़ते वित्तीय बोझ के खिलाफ आयोजित किया जा रहा है।

एम-टीएसी द्वारा इस वर्ष की शुरुआत में सरकार को सौंपे गए ज्ञापन के जरिए ई-चालान प्रणाली में बड़े सुधार, लंबित जुर्माने की माफी और वाणिज्यिक वाहनों पर लगाए जाने वाले कर तथा टोल शुल्कों में कमी शामिल है।

शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 900 अंक चढ़ा, निफ्टी 24,700 के पार

मुंबई, पांच मार्च (भाषा) स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 900 अंक चढ़ गया जबकि एनएसई निफ्टी में 285 अंक की तेजी रही। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच हाल की गिरावट के बाद वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी के अनुरूप घरेलू बाजार बढ़त में रहे।

तीस शेयरों पर आधारित सेंसक्स में चार कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर विराम लगा और यह 899.71 अंक यानी 1.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80,015.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 1,187.64 अंक तक चढ़ गया था।

पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 285.40 अंक यानी 1.17 प्रतिशत चढ़कर 24,765.90 पर बंद हुआ। इसके साथ बाजार में लगातार तीन कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया।

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में अदाणी पोर्ट्स, लार्सन एंड टुब्रो, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इंटरग्लोब एविएशन प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.84 प्रतिशत बढ़कर 82.90 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गया।

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजार एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए। इसके साथ कई दिनों से जारी तेज गिरावट का सिलसिला थम गया। पश्चिम एशिया के संघर्ष के छठे दिन में प्रवेश करने के साथ, स्थिति के समाधान या और अधिक बढ़ने को लेकर अनिश्चितता है। इससे बाजार प्रतिभागियों ने सतर्क रख अपनाया है और वे सोच-विचार कर कारोबार कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले सत्रों में जो घबराहट देखने को मिली थी, उसमें अब कुछ कमी देखी जा रही है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि इंडिया उतार-चढ़ाव सूचकांक (इंडिया वीआईएक्स) हाल के उच्च स्तर से 15 प्रतिशत से अधिक नीचे आया है।’’

छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.74 प्रतिशत उछला जबकि मझोली कंपनियों से जुड़ा मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.36 प्रतिशत मजबूत हुआ।

बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों में 2,803 शेयर लाभ में रहे जबकि 1,453 में गिरावट आई। वहीं 141 के शेयर के भाव अपरिवर्तित रहे।

एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग भी बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोप के बाजारों में भी दोपहर के कारोबार में बढ़त का रुख था। अमेरिकी बाजार बुधवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 8,752.65 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 12,068.17 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

सेंसेक्स बुधवार को 1,122.66 अंक टूटकर 79,116.19 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 385.20 अंक की गिरावट के साथ 24,480.50 अंक पर रहा था।

दिल्ली पुलिस के एससीआरबी को डिजिटल अपराध रिकॉर्ड प्रबंधन के लिए आईएसओ प्रमाणन मिला

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एससीआरबी) को डिजिटल अपराध रिकॉर्ड प्रबंधन के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा आईएसओ गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली प्रमाणन से सम्मानित किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

यह प्रमाणन एससीआरबी की उन ऑनलाइन प्रणालियों को मान्यता देता है, जिनके माध्यम से मोटर वाहन चोरी और संपत्ति चोरी के लिए ई-प्राथमिकी, ई-एनसीआर (गैर संज्ञेय रिपोर्ट), जीरो साइबर प्राथमिकी और सामान गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कर पर उनपर कार्रवाई की जाती है। साथ ही इन सेवाओं का क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (सीसीटीएनएस) प्लेटफॉर्म से एकीकरण भी किया गया है।

एससीआरबी टीम डेटा की गुणवत्ता बनाए रखने, जिला इकाइयों और थानों के साथ वास्तविक समय में समन्वय स्थापित करने, तकनीकी और प्रक्रियात्मक मसलों को हल करने और नियमित प्रशिक्षण और क्षमता-निर्माण पहल आयोजित करने के लिए जिम्मेदार है।

दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने पुलिस उपायुक्त (अपराध) आदित्य गौतम के नेतृत्व वाली एससीआरबी टीम को प्रमाणन प्राप्त करने पर बधाई दी।

पुलिस ने बताया कि अपराध शाखा की मानव तस्करी विरोधी इकाई और फिंगरप्रिंट ब्यूरो को क्रमशः जनवरी और जुलाई 2025 में आईएसओ प्रमाणन प्राप्त हो चुका है।

आंध्र सरकार दूसरे बच्चे के जन्म पर दंपति को 25,000 रु की सौगात देने पर कर रही विचार: नायडू

 अमरावती, पांच मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार गिरती जन्म दर को बढ़ावा देने के लिए दूसरे बच्चे के जन्म पर दंपतियों को 25,000 रुपये की सौगात देने पर विचार कर रही है।

नायडू ने विधानसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य आंध्र प्रदेश की कुल प्रजनन दर (टीएफआर) को वर्तमान 1.5 से बढ़ाकर 2.1 करना है।

नायडू ने कहा, “हम एक नए तरीके पर विचार कर रहे हैं। हम दूसरे या उसके बाद होने वाले बच्चे के लिए माता-पिता को प्रसव के समय ही 25,000 रुपये देंगे। यह एक बड़ा बदलाव होगा। अगर हम ऐसा कर पाते हैं, तो यह बहुत उपयोगी होगा।”

मुख्यमंत्री ने जनसंख्या प्रबंधन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि कई देश बढ़ती उम्र वाली आबादी के कारण चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार मार्च के अंत तक जनसंख्या प्रबंधन नीति लाने और अप्रैल से इसे लागू करने की योजना बना रही है।

एडवोकेट सिमरनप्रीत सिंह ने जे सी आई सेंट्रल के प्रेसिडेंट का चार्ज संभाला

एनजीओ की 50वीं सालगिरह के मौके पर एक बड़ा फंक्शन ऑर्गनाइज़ किया गया; बॉलीवुड सिंगर कमाल खान ने शानदार परफॉर्मेंस दी

लुधियाना, एडवोकेट सिमरनप्रीत सिंह ने जे सी आई सेंट्रल के प्रधान का पदभार संभाला। इस मौके पर जूनियर चैंबर इंटरनेशनल (जे सी आई) सेंट्रल की 50वीं सालगिरह मनाने के लिए लुधियाना-मलेरकोटला रोड पर ताज रिज़ॉर्ट में एक प्रोग्राम आयोजित किया गया। इस दौरान मशहूर बॉलीवुड सिंगर कमाल खान ने शानदार परफॉर्मेंस दी। जिसमें पंजाब के दूसरे हिस्सों के साथ-साथ हरियाणा, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों से भी बड़ी संख्या में सदस्यों ने हिस्सा लिया।

प्रधान एडवोकेट सिमरनप्रीत सिंह और उनके साथियों ने कहा कि जे सी आई सेंट्रल बच्चों, बुजुर्गों, युवाओं और बिजनेसमैन के लिए काम करता है, साथ ही सोशल सर्विस, पर्सनल डेवलपमेंट, बिजनेस डेवलपमेंट जैसे एरिया में भी काम करता है। इस संगठन के भारत में 50 हज़ार से ज़्यादा मेंबर्स हैं और अकेले लुधियाना में करीब 1000 मेंबर्स काम कर रहे हैं। इसके अलावा, एक हफ्ते के अंदर हम सैटर्न चैप्टर बनने जा रहे हैं। इसी तरह, जे सी आई जालंधर सेंट्रल का एक नया चैप्टर शुरू किया जा रहा है।

इस बीच, एडवोकेट सिमरनप्रीत सिंह ने पूर्व प्रधान, एग्जीक्यूटिव मेंबर्स और उन सभी मेंबर्स को धन्यवाद दिया, जिन्होंने उन पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि यह साल जे सी आई के लिए और तरक्की लाएगा। उन्होंने कहा कि जे सी आई 18 से 40 साल के युवाओं के ओवरऑल डेवलपमेंट के लिए काम करता है। इसके अलग-अलग प्रोग्राम्स के ज़रिए नेटवर्किंग डेवलपमेंट, बिज़नेस डेवलपमेंट, सोशल सर्विस जैसे मौके मिलते रहेंगे।

इस अवसर पर जोन अध्यक्ष सोमेन गोयल, जोन उपाध्यक्ष पुनीत चड्ढा, जोन उपाध्यक्ष विभु अरोड़ा, पूर्व अध्यक्ष प्रदीप सिंह मुंडी, प्रायोजक मनमोहन सिंह (क्रिस्टल स्विचगियर), प्रायोजक जगप्रीत सिंह खंगुरा (खंगुरा सुरक्षा सेवाएं), प्रायोजक अनिल वर्मा (लॉजिस्टिक पर), सचिव विनायक कशिंदर क्षयार, सचिव संयोजक कश्यपदीप, सचिव एस. इस अवसर पर संयुक्त कोषाध्यक्ष अवतार सिंह, वीपी मैनेजमेंट कुलजीत सिंह, निदेशक जतिंदर पाल सिंह मक्कड़, निदेशक नरेश कलोत्रा, निदेशक गुरप्रीत सिंह रियात, वीपी जीडी आशीष चोपड़ा, निदेशक तेजस्वी धीमान, निदेशक परमजीत सिंह, निदेशक तरुण गोयल, निदेशक इशविंदर सिंह, निदेशक गुरविंदर सिंह, परमवीर आहूजा, रोहित सिंह परमिंदर सिंह, मनजीत सिंह, मनजीत सिंह, मनमोहन सिंह, डॉ. पलाहा, करणवीर सिंह और जोन 1 से कई जेसीआई सदस्य भी मौजूद थे।

आधार कार्ड में बायोमेट्रिक अपडेट को अनिवार्य बनाने के लिए यूआईडीएआई के विशेष अभियान के अंतर्गत 100,000 से अधिक स्कूली बच्चों को प्रशिक्षित किया गया जिससे लाखों बच्चों को इससे लाभ मिला

यूआईडीएआई के क्षेत्रीय कार्यालय और राज्यों के शिक्षा विभाग स्कूलों के सहयोग से काम कर रहे हैं**अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) अभियान छह महीने तक मिशन मोड में देशभर में चल रहा है; 7-15 आयु वर्ग के बच्चों के लिए आधार में एमबीयू 1 अक्टूबर 2025 से एक वर्ष के लिए निःशुल्क है*

एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने पूरे देश में 103,000 से अधिक स्कूलों को अपनी सेवाएं दी और लाखों स्कूली छात्रों को अपने स्कूल परिसरों में सरलता से और सुविधापूर्वक आधार में अपना अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) पूरा करने में मदद की।

इस विशाल अभियान ने अब तक लगभग 1.2 करोड़ (12 मिलियन) स्कूली बच्चों को अपने स्कूलों में ही अपना एमबीयू पूरा करने में सहयोग दिया।

यूआईडीएआई ने यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इंफॉर्मेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन प्लस (यूडीआईएसई+) एप्लिकेशन के साथ सफल तकनीकी एकीकरण के बाद सितंबर 2025 में स्कूली बच्चों के लिए मिशन मोड एमबीयू अभियान की शुरुआत की।

स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के यूडीआईएसई+ के साथ एकीकरण से स्कूलों में बच्चों के एमबीयू की स्थिति की जानकारी मिली। इससे उन बच्चों की पहचान करने में मदद मिली जिनका एमबीयू होना बाकी था और स्कूलों में शिविर आयोजित करके एमबीयू पूरा करने में मदद मिली।

देश भर में यूआईडीएआई के क्षेत्रीय कार्यालय और राज्य कार्यालय, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के शिक्षा विभागों, जिला प्रशासन, स्कूलों और यूआईडीएआई के इकोसिस्टम भागीदारों सहित सभी हितधारकों के साथ बाल हितैषी गतिविधियों के समन्वय के लिए काम कर रहे हैं।

चल रहे अभ्यास को क्रियान्वित करने के लिए कम से कम 4000 मशीनें उपयोग में हैं, और यूआईडीएआई गति को तेज करने के लिए इस संख्या को और बढ़ाने की प्रक्रिया में है।

बच्चों के आधार कार्ड में बायोमेट्रिक जानकारी को अपडेट रखने से उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्तियों आदि के अंतर्गत लाभ प्राप्त करने और नीट, जेईई, सीयूईटी जैसी प्रतियोगी और विश्वविद्यालय परीक्षाओं में पंजीकरण के लिए प्रमाणीकरण में सहायता मिलती है। यूआईडीएआई माता-पिता और अभिभावकों को अपने बच्चों के आधार कार्ड में बायोमेट्रिक जानकारी को अपडेट करने के लिए प्रोत्साहित करता रहा है।

मिशन मोड में एमबीयू अभियान छह महीने से चल रहा है और यूआईडीएआई ने 1 अक्टूबर, 2025 से शुरू होने वाली एक वर्ष की अवधि के लिए 7-15 आयु वर्ग के बच्चों के लिए आधार में एमबीयू को निःशुल्क कर दिया है।

स्कूलों में आयोजित शिविरों के अलावा, बच्चे भारत भर में स्थित किसी भी आधार नामांकन केंद्र और आधार सेवा केंद्र पर जाकर भी अपना एमबीयू पूरा कर सकते हैं।