ब्रेकिंग न्यूज़
मप्र : कांग्रेस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर किया पथराव, 10 लोग घायल

इंदौर (मध्यप्रदेश), 21 फरवरी (भाषा) इंदौर में कांग्रेस के खिलाफ शनिवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा मोर्चे के एक प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर पथराव किया, जिससे करीब 10 लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घायलों में पुलिस का एक उप निरीक्षक और दो मीडियाकर्मी शामिल हैं।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक समूह ने दिल्ली में शुक्रवार को ‘एआई इंपैक्ट समिट’ के एक प्रदर्शनी हॉल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए विरोध जताया था।

इस प्रदर्शन के खिलाफ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता इंदौर में कांग्रेस कार्यालय ‘गांधी भवन’ का घेराव करने पहुंचे थे। इसकी सूचना मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ता भी बड़ी तादाद में पार्टी कार्यालय के बाहर जमा हो गए।

चश्मदीदों ने बताया कि मौके पर पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने ‘गांधी भवन’ के आस-पास बैरिकेड लगाकर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया, लेकिन तभी दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया और इस दौरान पानी की बोतलें, संतरे और टमाटर भी फेंके गए।

हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को उपद्रवियों पर पानी की तेज बौछार का इस्तेमाल करना पड़ा।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया,‘‘दोनों ओर से की जा रही नारेबाजी के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। आरोपियों की पहचान करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।’’

पुलिस उपायुक्त श्रीकृष्ण लालचंदानी ने बताया कि पथराव में करीब 10 लोग घायल हुए हैं।

भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने एक-दूसरे के कार्यकर्ताओं पर पथराव की शुरुआत का आरोप लगाया है और पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *