ब्रेकिंग न्यूज़
पश्चिम बंगाल विधानसभा में 4.06 लाख करोड़ रुपये का अंतरिम बजट पेश

बंगाल बजट  

कोलकाता, पांच फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने बृहस्पतिवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 4.06 लाख करोड़ रुपये का अंतरिम बजट पेश किया, जिसमें महिलाओं, युवाओं और राज्य कर्मचारियों के लिए कई अहम घोषणाएं की गईं।

राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने राज्य विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि ‘लक्ष्मीर भंडार’ योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली मासिक सहायता राशि फरवरी से 500 रुपये बढ़ाई जाएगी।

उन्होंने बेरोजगार युवाओं के लिए ‘बांग्लार युवा साथी’ नाम से एक नई योजना शुरू करने की भी घोषणा की। इस योजना के तहत 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के बेरोज़गारों को प्रति माह 1,500 रुपये का भत्ता दिया जाएगा।

यह सहायता राशि युवाओं को नौकरी मिलने तक या अधिकतम पांच वर्ष की अवधि तक, जो भी पहले हो, जारी रहेगी।

इसके अलावा भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में चार प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।

इसके अलावा आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की मासिक मानदेय राशि में 1,000 रुपये की वृद्धि की भी बजट में घोषणा की गई।

पश्चिम बंगाल में अप्रैल-मई में संभावित विधानसभा चुनावों से पहले पेश किए गए अंतरिम बजट में सामाजिक कल्याण, रोजगार सहायता और जमीनी स्तर के कर्मचारियों पर विशेष ध्यान दिया गया है।

लोकसभा में गतिरोध बरकरार, कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित

स्थगित लोस  

नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) लोकसभा में पिछले कुछ दिनों से जारी गतिरोध बृहस्पतिवार की सुबह भी बरकरार रहा और कार्यवाही आरंभ होने के एक मिनट के भीतर ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को सदन में कई विपक्षी सदस्यों के सत्तापक्ष की दीर्घा की तरफ पहुंचकर विरोध दर्ज कराने की घटना को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि यह घटना के सदन की मर्यादा के प्रतिकूल है।

सदन की कार्यवाही बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे शुरू होते ही शोर-शराबा शुरू हो गया।

बिरला ने कहा, ‘‘सदन में कल जो घटना हुई, जिस तरह से विपक्ष के सदस्य सत्तापक्ष की तरफ पहुंचे… यह सदन की मर्यादा के अनुकूल नहीं है। सदन की मर्यादा बनाए रखने की जिम्मेदारी हम सबकी है। अगर मर्यादा खत्म कर देंगे तो सदन की कार्यवाही चलाना अध्यक्ष के लिए उचित नहीं होता।’’

इसके बाद उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

प्रधानमंत्री मोदी के वडोदरा संयंत्र से पहले टाटा-एयरबस विमान के आपूर्ति समारोह में शामिल होने की संभावना

सिंगापुर मोदी एयरबस  

(गुरदीप सिंह)

सिंगापुर, पांच फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के टाटा-एयरबस की वडोदरा ‘असेंबली लाइन’ से रक्षा मंत्रालय को एक सैन्य परिवहन विमान की आपूर्ति किए जाने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।

यह आपूर्ति वर्ष की दूसरी छमाही में की जा सकती है।

एयरबस के अध्यक्ष (अंतरराष्ट्रीय) और कार्यकारी समिति के सदस्य वाउटर वान वर्श ने बुधवार को ‘सिंगापुर एयरशो’ में पत्रकारों के साथ बातचीत में यह जानकारी दी और कहा कि सैन्य परिवहन विमान ‘सी295’ टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड और एयरबस के संयुक्त उद्यम वडोदरा असेंबली लाइन से निकला पहला ‘मेड इन इंडिया’ उत्पाद होगा।

‘सी295’ के विनिर्माण में इस्तेमाल होने वाले 70 प्रतिशत घटक भारत से लिए गए हैं जबकि 30 प्रतिशत आयातित हैं। इनमें कनेक्टिकट मुख्यालय वाली प्रैट एंड व्हिटनी का इंजन लगा है।

वडोदरा संयंत्र से रक्षा मंत्रालय के साथ हुए अनुबंध के तहत बनने वाले 56 विमान में से 40 विमान भारतीय वायुसेना को सौंपे जाने की उम्मीद है। अब तक 16 विमान एयरबस की स्पेन स्थित इकाई से आपूर्ति किए जा चुके हैं।

वान वर्श ने कहा, ‘‘ यह एक बड़ा कदम है। बाकी सभी विमान भारत की ‘असेंबली लाइन’ से आएंगे।’’

उन्होंने कहा कि भविष्य में वडोदरा संयंत्र से क्षेत्रीय बाजारों को भी विमान आपूर्ति किए जाने की उम्मीद है।

वान वर्श ने कहा, ‘‘ पिछले कुछ वर्ष में भारत में हमारी मजबूत वृद्धि हुई है और हमने इंजीनियरिंग तथा डिजिटल के लिहाज से भारत को अपने प्रमुख केंद्रों में शामिल किया है।’’

उन्होंने बताया कि एयरबस का बेंगलुरु परिचालन अब बड़े परिसर में स्थानांतरित किया जा रहा है।

वर्श ने भारत तथा भारतीय प्रतिभाओं के साथ कंपनी के मजबूत और लगातार बढ़ते संबंधों को रेखांकित किया और कहा कि दिल्ली कार्यालय सहित देश में बड़े पैमाने पर प्रशिक्षण कार्य किया जा रहा है।

भारत ने 2026 के लिए संयुक्त राष्ट्र नियमित बजट में 3.52 करोड़ डॉलर का दिया योगदान

संरा बजट बकाया भारत

(योषिता सिंह)

संयुक्त राष्ट्र, पांच फरवरी (भाषा) भारत ने वर्ष 2026 के लिए संयुक्त राष्ट्र के नियमित बजट में 3.52 करोड़ अमेरिकी डॉलर का भुगतान किया है। इससे वह उन 47 सदस्य देशों की ‘ऑनर रोल’ सूची में शामिल हो गया है, जिन्होंने समय पर अपना पूरा बकाया जमा कराया है।

संयुक्त राष्ट्र योगदान समिति के अनुसार, तीन फरवरी 2026 तक 47 सदस्य देशों ने संयुक्त राष्ट्र के वित्तीय नियमों के तहत निर्धारित 30 दिन की अवधि के भीतर अपना पूरा नियमित बजट योगदान अदा कर दिया है।

भारत ने तीन फरवरी को 2026 के संयुक्त राष्ट्र नियमित बजट के लिए 3.52 करोड़ डॉलर का भुगतान किया।

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में ‘ऑनर रोल’ में शामिल देशों का जिक्र करते हुए भारत का नाम लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘ यह वह देश है जहां दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा 182 मीटर ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ स्थित है। हां, बिल्कुल सही..भारत।’’

भारत लगातार उन देशों में शामिल रहा है जो संयुक्त राष्ट्र को अपना योगदान समय पर और पूर्ण रूप से अदा करते हैं।

अमेरिका में खसरे के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर क्षेत्रीय स्वास्थ्य संगठन ने चेतावनी जारी की

मेक्सिको खसरा

मेक्सिको सिटी, पांच फरवरी (एपी) ‘पैन अमेरिकन हेल्थ ऑर्गनाइजेशन’ (पीएएचओ) ने अमेरिकी महाद्वीप में खसरे के मामलों में अचानक वृद्धि के मद्देनजर एक नई महामारी संबंधी चेतावनी जारी की है।

मेक्सिको में खसरे के काफी अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। पीएएचओ की ओर से जारी चेतावनी में तत्काल टीकाकरण अभियान चलाने का भी आह्वान किया गया है साथ ही कहा गया है कि हाल में सामने आए मामले में 78 प्रतिशत मामले ऐसे लोगों में हैं जिनका टीकाकरण नहीं हुआ है।

बुधवार को यह चेतावनी ऐसे वक्त में जारी की गई है जब नवंबर में कनाडा का खसरा-मुक्त दर्जा समाप्त हो गया है। यह एक ऐसा झटका है जिसकी पुनरावृत्ति जल्द ही अमेरिका और मेक्सिको में भी हो सकती है।

इस वर्ष के पहले तीन हफ्तों में पीएएचओ ने सात देशों में खसरे के 1,031 नए मामलों की पुष्टि की है – जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में चौंका देने वाली 43 गुना वृद्धि है।

हालांकि अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं है, लेकिन संक्रमण का प्रसार अब भी अधिक है। मेक्सिको में सबसे अधिक 740 मामले हैं, उसके बाद अमेरिका में 171 और कनाडा में 67 मामले हैं।

अमेरिका में अब सार्वजनिक स्वास्थ्य संबंधी ध्यान दक्षिण कैरोलिना की ओर केंद्रित किया गया है, जहां खसरे के मामलों में वृद्धि हो रही है। वहीं मेक्सिको की सरकार ने जनता से दो खुराक वाला टीका लगवाने का आग्रह किया है।

अधिकारियों ने हवाई अड्डों और बस टर्मिनलों जैसे अधिक यातायात वाले केंद्रों में सचल टीकाकरण क्लीनिक भी स्थापित किए हैं।

जनवरी में ट्रंप प्रशासन के विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) से अलग होने से स्थिति जटिल हो गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन पीएएचओ की मूल संस्था है।

पांच फरवरी: ब्रिटेन में चीनी से बने उत्पादों के वितरण पर लगी सीमा समाप्त

आज का इतिहास

नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) इतिहास में पांच फरवरी की तारीख ब्रिटेन की एक रोचक घटना से संबंधित है। दरअसल 1953 में इसी दिन ब्रिटेन में मिठाई पर सालों से लगे नियंत्रित वितरण नियम को खत्म कर दिया गया और बच्चों ने खूब मिठाइयां खाईं।

द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान सभी को जरूरी वस्तुएं समान मात्रा में मिलें, इसलिए चीनी और इससे बने उत्पादों तथा अन्य सामान की राशनिंग करने का फैसला किया गया। ब्रिटेन में कई उत्पादों के वितरण को जनवरी 1940 में सीमित कर दिया गया था। वस्त्रों, फर्नीचर और पेट्रोल पर लगा नियंत्रण तो 1948 के बाद से धीरे-धीरे समाप्त होने लगा, लेकिन इसे पूरी तरह समाप्त होने में कई साल लग गए।

पांच फरवरी 2024 को भारत ने संगीत के क्षेत्र के सबसे प्रतिष्ठित ‘ग्रैमी अवॉर्ड्स 2024’ में अपना जलवा बिखेरा और मशहूर तबला वादक जाकिर हुसैन तथा बांसुरी वादक राकेश चौरसिया समेत पांच भारतीय संगीतकारों ने पुरस्कार जीते।

हुसैन ने तीन ग्रैमी पुरस्कार अपने नाम किए जबकि राकेश चौरसिया ने दो पुरस्कार जीते। गायक शंकर महादेवन, वायलिन वादक गणेश राजगोपालन और तालवादक सेल्वागणेश विनायकराम के एक फ्यूजन संगीत समूह ‘शक्ति’ ने ‘दिस मूमेंट’ के लिए सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत एल्बम की श्रेणी में 2024 का ग्रैमी पुरस्कार जीता।

देश-दुनिया के इतिहास में पांच फरवरी की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1922 : चौरी चौरा में थाने पर भीड़ के हमले में 22 पुलिसकर्मियों की मौत। इस घटना ने महात्मा गांधी के अहिंसा आंदोलन को कुछ समय के लिए पटरी से उतार दिया।

1937: चार्ली चैप्लिन के अभिनय से सजी पहली टॉकी ‘‘मॉडर्न टाइम्स’’ को रिलीज किया गया।

1953 : ब्रिटेन में चीनी और इससे बने उत्पादों के सीमित वितरण का नियम समाप्त।

1971: अपोलो 14 चांद की सतह पर उतरा। इस उड़ान के दौरान कई तरह की तकनीकी खराबियां आईं।

1985 : पुर्तगाल के विश्व प्रसिद्ध फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो का जन्म। रोनाल्डो का पूरा नाम क्रिस्टियानो रोनाल्डो दोस सांतोस अवीरो है।

2008 : महर्षि महेश योगी का निधन। उन्हें भारत के प्रमुख आध्यात्मिक और धार्मिक नेताओं में शुमार किया जाता है।

2013: बांग्लादेश के न्यायाधिकरण ने एक कट्टरपंथी विपक्षी दल के शीर्ष सदस्य अब्दुल कादर मौला को 1971 के मुक्ति संग्राम के दौरान युद्ध अपराधों के लिए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

2019 : बुर्किना फासो में जिहादी हमले में 14 लोगों की मौत।

2020 : तुर्की में विमान रनवे से फिसला, तीन टुकड़े हुए, 120 लोग घायल।

2022 : अमेरिका में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या नौ लाख हुई।

2023 : पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति और 1999 में करगिल युद्ध के मुख्य सूत्रधार रहे जनरल (सेवानिवृत्त) परवेज मुशर्रफ का 79 वर्ष की उम्र में निधन।

2024 : ग्रैमी अवॉर्ड्स 2024 में पांच भारतीयों ने जीते पुरस्कार।

2025 : इस्माइली मुस्लिम समुदाय के आध्यात्मिक नेता आगा खां चतुर्थ का 88 वर्ष की आयु में निधन।

उन्नाव में सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

उप्र हादसा

उन्नाव (उप्र), पांच फरवरी (भाषा) उन्नाव जिले में एक सड़क हादसे में दंपति और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे सोहरामऊ थाना क्षेत्र में लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भल्ला फार्म के पास हुआ।

हसनगंज क्षेत्राधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि लखनऊ से कानपुर जा रहे एक ट्रक ने दूसरे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक चालक ने मौके से भागने की कोशिश में गति बढ़ा दी, जिसके बाद उसने मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि हादसे में मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और इस दोपहिया वाहन पर सवार दंपति और उनके दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।

कुमार ने बताया कि यह परिवार एक शादी समारोह से लौट रहा था।

मृतकों की पहचान उन्नाव जिले के अजगैन गांव के निवासी वीरेंद्र (35), उनकी पत्नी रितु (33), उनकी नौ वर्षीय बेटी और छह वर्षीय बेटे के रूप में हुई है।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 33 घंटे बाद यातायात बहाल; पलटा हुआ गैस टैंकर हटाया गया

महाराष्ट्र एक्सप्रेसवे यातायात

मुंबई, पांच फरवरी (भाषा) मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात बुधवार देर रात को बहाल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पहाड़ी खंडाला घाट खंड में एक गैस टैंकर के पलटने के 33 घंटे बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो पाया।

महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के एक अधिकारी ने बताया कि अत्यधिक ज्वलनशील प्रोपलीन गैस ले जा रहे टैंकर को घाट खंड में अदोशी सुरंग के पास दुर्घटनास्थल से हटा दिया गया जिससे मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर देर रात एक बजकर 46 मिनट पर यातायात फिर से शुरू हो सका।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे भारत का पहला छह-लेन का प्रवेश नियंत्रित टोल एक्सप्रेसवे है। 94.5 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मुंबई, रायगढ़ और नवी मुंबई को पुणे से जोड़ता है।

टैंकर मंगलवार शाम करीब पांच बजे मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर पलट गया जिससे भारी यातायात जाम लग गया और व्यस्त एक्सप्रेसवे पर हजारों वाहन घंटों तक फंसे रहे।

जाम इतना भीषण था कि वाहनों की करीब 20 किलोमीटर तक लंबी कतार लग गई। इस यातायात संकट के दौरान महिलाओं और बच्चों सहित यात्रियों को भोजन, पानी और शौचालय की सुविधा नहीं मिल पाई।

एमएसआरडीसी के अधिकारी ने बताया कि बुधवार देर रात पलटे हुए टैंकर से प्रोपलीन गैस को सुरक्षित रूप से अन्य टैंकरों में स्थानांतरित कर दिया गया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेनों की मदद से हटा दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त गैस टैंकर को हटाए जाने के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यातायात देर रात एक बजकर 46 मिनट पर बहाल हो गया।’’

क्षतिग्रस्त वाहन को हटाए जाने के बाद घाट खंड में वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो गई, हालांकि कुछ समय तक जाम बना रहा क्योंकि कई भारी वाहन उस मार्ग पर फंसे हुए थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘टैंकर को हटा दिए जाने के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यातायात अगले कुछ घंटों में सामान्य हो गया।’’

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अमृतंजन पुल के पास कुछ भारी वाहनों के खराब होने के कारण घाट खंड में यातायात कुछ समय के लिए धीमा हो गया था।

मंगलवार को हुए टैंकर हादसे के कारण मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद हो गया था जबकि पुणे की ओर जाने वाले मार्ग से यातायात को अलग-अलग चरणों में मार्ग परिवर्तित और नियंत्रित किया गया था। भारी यातायात जाम और जनता के आक्रोश के चलते एमएसआरडीसी ने एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली निलंबित कर दी थी।

दिल्ली में धूप खिली, एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में

दिल्ली मौसम 

नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) दिल्ली में मंगलवार सुबह धूप खिली और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘271 रहा जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच एक्यूआई को ‘संतोषजनक’ 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

मौसम कार्यालय ने बृहस्पतिवार को मध्यम कोहरा छाए रहने तथा शुक्रवार और शनिवार को हल्के कोहरे का पूर्वानुमान जताया है।

अधिकतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

रुपया शुरुआती कारोबार में सात पैसे मजबूत होकर 90.40 प्रति डॉलर पर

रुपया खुला

मुंबई, पांच फरवरी (भाषा) रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में सीमित दायरे में कारोबार करता हुआ सात पैसे मजबूत होकर 90.40 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

यह बढ़त कंपनियों की डॉलर की मांग और निवेशकों द्वारा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की पुष्टि की प्रतीक्षा के बीच देखी गई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि बाजार के प्रतिभागी अब जश्न मनाने के बजाय सत्यापन पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं क्योंकि कोई आधिकारिक दस्तावेज जारी नहीं किया गया है और न ही किसी पक्ष ने औपचारिक रूप से अंतिम शर्तों को प्रकाशित किया है। इसके अलावा, निवेशक केंद्रीय बैंक द्वारा शुक्रवार को ब्याज दरों की घोषणा से संकेत मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

अंतरबैंक विदेशी विनिमय मुद्रा बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.52 पर खुला। फिर थोड़ा मजबूत होकर 90.40 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से सात पैसे की बढ़त दर्शाता है।

रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.47 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97.79 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 278.72 अंक टूटकर 83,538.97 अंक पर जबकि निफ्टी 94.15 अंक फिसलकर 25,681.85 अंक पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव दो प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.07 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 29.79 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।