ब्रेकिंग न्यूज़
HBCH & RC पंजाब ने लाभार्थियों को कैशलेस उपचार प्रदान करने के लिए ESIC हरियाणा के साथ समझौता किया

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

होमी भाभा कैंसर अस्पताल, HBCH & RC, राज्य बीमा निगम, MoU, इनपेशेंट विभाग,

किफायती कैंसर देखभाल तक पहुंच का विस्तार करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र, पंजाब ने पहली बार कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC), हरियाणा के साथ  समझौता किया है। इस आबद्धताके साथ, ESIC हरियाणा के लाभार्थी और स्टाफ सदस्य अब संस्थान के न्यू चंडीगढ़ और संगरूर दोनों परिसरों (कैंपस) में कैशलेस उपचार सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

इस समझौता ज्ञापन (MoU) को HBCH & RC पंजाब के निदेशक डॉ. आशीष गुलिया और ESIC हरियाणा के क्षेत्रीय निदेशक श्री हरि ओम प्रकाश द्वारा, हरियाणा के राज्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक राय और दोनों संगठनों के अधिकारियों की उपस्थिति में औपचारिक रूप दिया गया।

HBCH&RC पंजाब पहले से ही ESIC पंजाब, ESIC चंडीगढ़, ESIC लुधियाना और ESIC हिमाचल प्रदेश के हजारों लाभार्थियों को व्यापक कैंसर देखभाल सेवाएं प्रदान कर रहा है। यह संस्थान पहले से ही उत्तर भारत के मरीजों को उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना, सभी को किफायती और गुणवत्तापूर्ण कैंसर देखभाल प्रदान करने के दृष्टिकोण के साथ अपनी सेवाएं दे रहा है।

ESIC योजना के तहत, लाभार्थी संस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं की एक विस्तृत श्रृंखला का लाभ उठा सकते हैं, जिसमें बाहरी रोगी विभाग (OPD) सेवाएं, इनपेशेंट विभाग (IPD) देखभाल, नैदानिक (डायग्नोस्टिक) और प्रयोगशाला सेवाएं, आपातकालीन, डेकेयर और रेडियोथेरेपी सेवाएं शामिल हैं।

1 अप्रैल, 2025 से 31 मार्च, 2026 तक, लगभग 3,000 ESIC कार्ड धारकों ने HBCH&RC पंजाब में कैशलेस उपचार प्राप्त किया, जो संस्थान की विशिष्ट कैंसर देखभाल सेवाओं में लाभार्थियों के बढ़ते विशवास को दर्शाता है।

इस अवसर पर बोलते हुए, HBCH&RC पंजाब के निदेशक डॉ. आशीष गुलिया ने कहा, “ESIC हरियाणा के साथ पैनल में शामिल होना समाज के सभी वर्गों के लिए गुणवत्तापूर्ण कैंसर देखभाल को सुलभ और किफायती बनाने के हमारे मिशन में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। हम मरीज-केंद्रित देखभाल प्रदान करने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि कोई भी मरीज आर्थिक सीमाओं के कारण इलाज से वंचित न रहे।’’

विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ कैंसर का इलाज

आपको बता दें कि पंजाब और आसपास के राज्यों को बेहतरीन कैंसर इलाज देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अगस्त 2022 में इस अस्पताल को राष्ट्र को समर्पित किया था। भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के अंतर्गत आने वाले टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई द्वारा करीब 660 करोड़ की लागत से बना यह 300 बेड वाला अस्पताल हर आधुनिक सुविधा (जैसे सर्जरी, रेडियोथेरेपी, कीमोथेरेपी और बोन मैरो ट्रांसप्लांट) से लैस है। यह अस्पताल एक मुख्य केंद्र (Hub) की तरह काम करता है, जबकि संगरूर वाला 150 बेड का अस्पताल इसकी एक शाखा (Spoke) के रूप में मरीजों की सेवा कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *