ब्रेकिंग न्यूज़
घरेलू शेयर बाजारों में तीन सत्र की तेजी के बाद शुरुआती कारोबार में गिरावट

शेयर खुला  

मुंबई, पांच फरवरी (भाषा) वैश्विक शेयर बाजारों में कमजोरी के बीच तीन सत्र की तेजी के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई।

बीएसई सेंसेक्स 278.72 अंक टूटकर 83,538.97 अंक पर और एनएसई निफ्टी 94.15 अंक फिसलकर 25,681.85 अंक पर पहुंच गया।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एक्सिस बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील और भारती एयरटेल के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं हिंदुस्तान यूनिलीवर, ट्रेंट, एनटीपीसी, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में तेजी रही।

एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी तीन प्रतिशत से अधिक टूटा। जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग भी नकारात्मक दायरे में रहे।

अमेरिकी बाजारों में नैस्डैक कम्पोजिट में बुधवार को 1.51 प्रतिशत और एसएंडपी 500 में 0.51 प्रतिशत की गिरावट आई। वहीं डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.02 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 29.79 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 249.54 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

जिस दिन हादसा हुआ, उस दिन मुझे भी अजित पवार के साथ यात्रा करनी थी: महादेव जानकर

महाराष्ट्र अजित पवार पूर्व मंत्री

 मुंबई, पांच फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री महादेव जानकर ने दावा किया है कि पिछले सप्ताह बारामती में हुए विमान हादसे वाले दिन उन्हें भी उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ यात्रा करनी थी, लेकिन मुंबई देर से पहुंचने के कारण वह उनके साथ नहीं जा सके।

पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे पर 28 जनवरी को सुबह करीब आठ बजकर 45 मिनट पर एक चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें मुंबई से सवार अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।

राष्ट्रीय समाज पक्ष (आरएसपी) के प्रमुख जानकर ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि दुर्घटना से कुछ दिन पहले उनकी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता पवार से बातचीत हुई थी और उन्हें उसी विमान से बारामती जाने के लिए बुलाया गया था।

उन्होंने कहा, “हालांकि मैं मुंबई देर से पहुंचा, जिसके कारण मैं अजित पवार के साथ बारामती विमान से नहीं जा सका। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी और पवार की मृत्यु राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है।”

धनगर (चरवाहा) समुदाय के नेता जानकर पश्चिमी महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ जिलों में प्रभाव रखने वाली आरएसपी के प्रमुख हैं। वह 2016 में भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार में पशुपालन, दुग्ध विकास और मत्स्य पालन मंत्री रहे थे।