T20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान के बायकॉट के बावजूद मैदान पर उतरेंगे सूर्यकुमार यादव, जानें क्या है ICC का नियम
स्पोर्ट्स डेस्क : टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पाकिस्तान ने ऐलान किया है कि वह भारत के खिलाफ होने वाले महामुकाबले का बायकॉट करेगा। हालांकि, पीसीबी (PCB) के इस फैसले के बावजूद भारतीय टीम और कप्तान सूर्यकुमार यादव को 15 फरवरी को कोलंबो के मैदान पर पहुंचना होगा और टॉस की प्रक्रिया में हिस्सा लेना होगा।
क्यों जरूरी है टॉस के लिए मैदान पर उतरना? आईसीसी (ICC) के नियमों के अनुसार, यदि कोई टीम मैच का बायकॉट करती है और दूसरी टीम को बिना खेले पूरे 2 अंक (पॉइंट्स) हासिल करने हैं, तो उसे निर्धारित समय पर मैदान पर उपस्थित होना अनिवार्य है। 15 फरवरी को जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए ग्राउंड पर उतरेंगे और पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा वहां नहीं पहुंचेंगे, तब मैच रेफरी टीम इंडिया को इस मुकाबले का विजेता घोषित कर देंगे।
मैदान पर न जाने पर होगा नुकसान: यदि पाकिस्तान के बायकॉट के बाद भारतीय टीम भी कोलंबो नहीं जाती है, तो आईसीसी के नियमों के तहत दोनों ही टीमों को एक-एक अंक दे दिया जाएगा। इस स्थिति में टीम इंडिया को एक अंक का नुकसान झेलना पड़ सकता है, इसलिए भारतीय टीम पूरी तैयारी के साथ स्टेडियम पहुंचेगी।
सूर्यकुमार यादव का बयान : इस पूरे विवाद पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा, “हमने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार नहीं किया है, बल्कि उन्होंने मना किया है”।
उन्होंने आगे बताया कि भारतीय टीम खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है और दिल्ली के बाद कोलंबो जाने के लिए उनकी टिकटें भी बुक हो चुकी हैं। वहीं, भारतीय कोच गौतम गंभीर ने इस मुद्दे पर पूछे गए सवाल को फिलहाल नजरअंदाज कर दिया है।

